चोरी का मोटर और कॉपर वायर बरामद
एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी, अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
साहिबगंज: जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के मौजा अंबाडीहा स्थित बंद पड़े अपेक्स इंटरप्राइजेज क्रेशर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया मोटर और कॉपर वायर का कवर बरामद किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
24 सितंबर की रात हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, बंद पड़े क्रेशर में 24 सितंबर 2026 की रात चोरी की घटना हुई थी। घटना के बाद क्रेशर के मैनेजर रविशंकर सिंह ने जिरवाबाड़ी थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या 179/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर की कार्रवाई
चोरी की घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंचने और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

इसी क्रम में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का थाना क्षेत्र अंतर्गत जयरामपुर निवासी 25 वर्षीय रोनी शेख को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की निशानदेही पर सामान बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर क्रेशर से चोरी किया गया मोटर और कॉपर वायर का कवर बरामद किया गया है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से ओप्पो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, चोरी की वारदात में शामिल अन्य संदिग्ध आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक शशि सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक मोहम्मद शाहरूख, पुलिस अवर निरीक्षक फुलेश्वर कुमार अकेला समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
