उपायुक्त ने मारगोमुण्डा प्रखंड, अंचल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण…..
आमजनों के समस्याओं का त्वरित निराकरण हो प्राथमिकता:- उपायुक्त
शत प्रतिशत दिव्यांग जनों की जांच कर प्रमाण पत्र निर्गत करना करे सुनिश्चित
सिकटिया बराज पेयजलापूर्ति परियोजना हेतु जल्द से जल्द फारेस्ट एनओसी की दिशा में कार्य
गर्मी को देखते हुए पेयजल और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्या न हो:- उपायुक्त
देवघर // उपायुक्त ने जिला अंतर्गत मारगोमुण्डा प्रखंड, अंचल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़ी योजनाओं की धरातलीय स्थिति का अवलोकन भी किया।
कार्य मे कोताही या लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध करे सख्त कार्रवाई:-उपायुक्त
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड और अंचल कार्यालय में लंबित शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा की। उन्होंने म्यूटेशन (दाखिल-खारिज), लगान वसूली, न्यायालय संबंधित मामला, और राजस्व कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही, डोर स्टेप डिलीवरी, राशन उठाव की स्थिति और प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना के क्रियान्वयन की भी बारीकी से जांच की गई।

आगे बढ़ती गर्मी को देखते हुए उपायुक्त ने पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था की समस्या पर मंथन भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कोई किल्लत न हो और खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत व जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। मनरेगा के तहत चल रही योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिक से अधिक मानव दिवस सृजन पर जोर दिया।
कई महीनों से राशन का उठाव नही कर रहे हैं उन्हें चिन्हित कर नाम करें डिलीट
साथ ही प्रखंड अंतर्गत शत प्रतिशत विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया। आगे उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया वैसे लोग जो कई महीनों से राशन का उठाव नही कर रहे हैं उन्हें चिन्हित कर आवश्यक जांच करते हुए उनका नाम डिलीट करे, ताकि जरूरतमंद लोगों का राशनकार्ड बन सके। साथ ही उपायुक्त ने राशन वितरण की स्थिति पर रोष प्रकट करते हुए ससमय उठाव और वितरण का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मारगोमुण्डा के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल की सफाई, दवाओं की उपलब्धता, विद्युत व्यवस्था, और मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को ड्यूटी के प्रति सजग रहने और अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिया। आगे उपायुक्त ने ओपीडी, इमरजेंसी और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं की सक्रियता का निरीक्षण किया।

साथ ही जीवन रक्षक दवाओं, आवश्यक चिकित्सा सामग्री और स्वास्थ्य उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता के अलावा चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति देखी गई। निरीक्षण के पश्चात सभी संबंधित पदाधिकारियों द्वारा विस्तृत प्रगति प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करने का निर्देश दिया गया, ताकि प्रतिवेदन के आधार पर स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों को दूर करने और उपलब्ध सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।
