देवघर। मारगोमुंडा थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों द्वारा एक व्यक्ति से 78 हजार रुपये समेत लैपटॉप और अन्य सामान लूटने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट की रकम का हिस्सा, लैपटॉप और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:25 बजे मो. कलीम अंसारी अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उनका बैग छीन लिया। बैग में करीब 78 हजार रुपये नकद, HP कंपनी का माइक्रोफाइनेंस से संबंधित लैपटॉप, दो पीस जीपीएस कनेक्टर, पेन कार्ड, वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पर्स, रसीद स्लिप और Vivo कंपनी का मोबाइल था।
घटना के संबंध में मारगोमुंडा थाना कांड संख्या 61/2026, दिनांक 23 अगस्त 2026 को धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
अनुसंधान और छापेमारी के दौरान पुलिस ने मामले में नसीद अंसारी (24 वर्ष), पिता-राजाउद्दीन मियां उर्फ कोका, निवासी चमरवीधा, थाना मारगोमुंडा तथा नवाब अंसारी (करीब 20 वर्ष), पिता-मो. जमशेद, निवासी मुरलीपहाड़ी, थाना मारगोमुंडा को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने नसीद अंसारी के पास से 500 रुपये के 9 नोट और 100 रुपये के 2 नोट, कुल 4,700 रुपये, तथा मो. कलीम अंसारी के नाम से लिखा हुआ पेन कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो बरामद किए। वहीं नवाब अंसारी की निशानदेही पर HP कंपनी का लैपटॉप और 500 रुपये के 18 नोट यानी 9,000 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। नसीद अंसारी के खिलाफ मारगोमुंडा थाना और दिल्ली साइबर थाना में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। नवाब अंसारी के खिलाफ भी मारगोमुंडा थाना में पूर्व के मामले दर्ज बताए गए हैं।
छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मधुपुर, थाना प्रभारी मारगोमुंडा, कांड के अनुसंधानकर्ता लक्ष्मण बोदांग तथा मारगोमुंडा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
