हथियार के बल पर बैंककर्मियों को बनाया बंधक, चेस्ट खुलवाकर नकदी और सोना लूटा; अपाचे बाइक की पहचान
जमशेदपुर// शहर में दिनदहाड़े बैंक डकैती की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक की शाखा में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर बैंक कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बैंक मैनेजर से चेस्ट खुलवाकर करीब 43 लाख रुपये नकद और लगभग 2.5 किलो सोना लूटकर अपराधी फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि अपराधी गुरुवार सुबह करीब 9:15 बजे हथियारों के साथ बैंक में दाखिल हुए। बैंक में प्रवेश करते ही उन्होंने कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया और सभी को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक मैनेजर को चेस्ट खोलने के लिए मजबूर किया। चेस्ट खुलने के बाद अपराधियों ने नकदी और सोने को अपने कब्जे में लिया और मौके से फरार हो गए।

वारदात के दौरान बैंक में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अपराधियों के निकलने के बाद बैंककर्मियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे बैंक परिसर की जांच शुरू की।
पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को अपराधियों के भागने के दौरान इस्तेमाल की गई एक अपाचे मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी मिली है। पुलिस बाइक और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी सक्रिय किया गया है। शहर से बाहर निकलने वाले संभावित रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
दिनदहाड़े बैंक में हथियार के बल पर हुई इस बड़ी डकैती से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।
