देवघर // बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में एक माह तक चले राजकीय श्रावणी मेला 2026 का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और सफल आयोजन के लिए बाबा का आशीर्वाद लिया।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना तथा अनुमंडल पदाधिकारी सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार ने बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा की। इसके बाद मंदिर में जलार्पण के लिए लगाए गए अर्घा को हटाया गया।

अर्घा हटाए जाने के बाद अधिकारियों को बाबा बैद्यनाथ की षोडशोपचार विधि से पूजा कराई गई। इस दौरान विधि-विधान के साथ बाबा की आराधना की गई। पूजा के पश्चात उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने राजकीय श्रावणी मेला के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए बाबा बैद्यनाथ को नमन करते हुए आभार व्यक्त किया।
मेला के बाद शुरू हुई स्पर्श पूजा
राजकीय श्रावणी मेला के समापन और अर्घा हटाए जाने के साथ ही बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए स्पर्श पूजा की शुरुआत हो गई। इससे श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ के सीधे दर्शन और स्पर्श पूजा का अवसर मिलने लगा।पूजा-अर्चना के बाद उपायुक्त ने मां तारा मंदिर परिसर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया।

इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक मंदिर प्रभारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित जिला प्रशासन, पुलिस एवं मंदिर प्रबंधन से जुड़े अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
