देवघर// मोहनपुर। घोरमारा निवासी पत्रकार कौशल किशोर से जुड़े दुष्कर्म के आरोप के मामले में मोहनपुर मीडिया टीम ने निष्पक्ष जांच के लिए छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। उल्लेखनीय है कि मोहनपुर थाना कांड संख्या 187/26 के तहत पत्रकार कौशल किशोर के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में देवघर पुलिस ने 26 नवंबर 2026 को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनपुर मीडिया टीम ने पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति और सभी पहलुओं की जानकारी जुटाने के उद्देश्य से जांच कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है। गठित कमेटी मामले से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल करेगी। इसके तहत कमेटी आरोप लगाने वाली महिला, संबंधित गवाहों, पुलिस पदाधिकारियों और आरोपित पत्रकार कौशल किशोर के परिजनों से मुलाकात कर उनका पक्ष जानेगी।
जांच कमेटी की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अनिल कुमार साह करेंगे, जबकि अधिवक्ता पप्पू कुमार यादव को कानूनी सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कमेटी के अन्य सदस्यों में रोशन कुमार, सरवन कुमार मंडल, रंजन कुमार और मंटू कुमार शामिल हैं। कमेटी सभी संबंधित पक्षों से जानकारी एवं उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट मोहनपुर मीडिया टीम को सौंपेगी।
मोहनपुर मीडिया टीम के अनुसार, किसी भी गंभीर मामले में निष्पक्षता, पारदर्शिता और तथ्यों के आधार पर ही निष्कर्ष तक पहुंचना जरूरी है। इसी उद्देश्य से जांच प्रक्रिया को पूर्वाग्रह और पक्षपात से मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के अनुरूप आगे की कार्रवाई और निर्णय लिया जाएगा।
टीम ने यह भी स्पष्ट किया है कि न्यायालय का अंतिम फैसला आने तक किसी व्यक्ति को दोषी मानना उचित नहीं है। मोहनपुर मीडिया टीम ने कानून और न्यायिक प्रक्रिया के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि मामले में सभी पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाना चाहिए।
