साहिबगंज। बोरियो थाना क्षेत्र के गांडे पहाड़ नवगाछी गांव में एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और खून से सनी मिट्टी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को चांदी पहाड़िन के फर्द बयान के आधार पर बोरियो थाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में गांव के ही कतरू पहाड़िया उर्फ चकरो पहाड़िया पर उनके पति गुया पहाड़िया (39) की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप लगाया गया था।
मामले को लेकर बोरियो थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 26 सितंबर 2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस निरीक्षक नूनूदेव राय के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए दुर्गा टोला से प्राथमिकी अभियुक्त कतरू उर्फ चकरो पहाड़िया (लगभग 30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांडे पहाड़ नवगाछी का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और खून से सनी मिट्टी बरामद की गई।
कार्रवाई में बोरियो प्रभाग के पुलिस निरीक्षक नूनूदेव राय, थाना प्रभारी रोहित कुमार, एसआई सिद्धार्थ शंकर टोप्पो, अनुसंधानकर्ता एसआई दूधनाथ सिंह, एएसआई देवनारायण साहू, बिराम मार्डी सहित बोरियो थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
