देवघर। भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के आगामी देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार, 28 अक्टूबर को व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 2 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज-कम-इम्पॉवरमेंट कैंप की तैयारियों की समीक्षा की गई।
न्यायालय परिसर में होगा राज्यस्तरीय कार्यक्रम
बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन के अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर में राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से की जा रही सुरक्षा और विधि-व्यवस्था संबंधी तैयारियों की जानकारी दी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्य न्यायाधीश न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बलों की तैनाती और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तैयार रूट चार्ट की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम स्थल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
बैठक के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर सहित अन्य अधिकारियों ने व्यवहार न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान पंडाल, मंच निर्माण और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

बैठक में जिले के न्यायाधीशगण, अपर समाहर्ता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
