झारखंड की आवाज

छठ की खुशियां मातम में बदली : एक ही परिवार की चार बेटियां तालाब में डूबीं, गांव में पसरा सन्नाटा -

छठ की खुशियां मातम में बदली : एक ही परिवार की चार बेटियां तालाब में डूबीं, गांव में पसरा सन्नाटा

1003572121

हजारीबाग// छठ पूजा की पावन सुबह के बाद झरदाग गांव में दोपहर का सूरज जैसे एक अंधेरा साया लेकर आया। खुशी और श्रद्धा के माहौल के बीच एक ही परिवार की चार बेटियों की तालाब में डूबकर दर्दनाक मौत ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। घटना हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड के शाहपुर पंचायत के झरदाग गांव की है। बताया जा रहा है कि छठ पूजा का अर्घ्य संपन्न होने के बाद मंगलवार को दोपहर दो बजे एक परिवार की बेटियां तालाब में कपड़े धोने गई थीं। इसी दौरान एक बच्ची तालाब की गहराई में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीनों भी उसी गहराई में उतर गईं — लेकिन चारों मासूम बेटियां मौत की लहरों में समा गईं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

मृत बच्चियों की पहचान

पूजा कुमारी (20 वर्ष), रिंकी कुमारी (16 वर्ष), साक्षी कुमारी (16 वर्ष) और रिया कुमारी (14 वर्ष) के रूप में हुई है। चारों एक ही परिवार से थीं। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चारों बच्चियों के शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम किया गया।

घटना की जानकारी पाकर हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद गांव पहुंचे। शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना जताई और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। विधायक प्रदीप प्रसाद स्वयं शवों को अस्पताल लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा, “यह हृदय विदारक घटना पूरे समाज के लिए पीड़ा का विषय है। हम पीड़ित परिवार के साथ हैं और हरसंभव सहयोग किया जाएगा। ”गांव में अब सन्नाटा पसरा है। जहां सुबह तक छठ गीतों की गूंज थी, वहीं अब चार बेटियों की याद में केवल सिसकियां हैं।

Leave a Reply