झारखंड की आवाज

अभिनेत्री जया प्रदा ने मेदिनीनगर में रोड शो कर मेयर प्रत्याशी के लिए मांगा समर्थन -

अभिनेत्री जया प्रदा ने मेदिनीनगर में रोड शो कर मेयर प्रत्याशी के लिए मांगा समर्थन

1004285432

पलामू // पलामू जिले के मेदिनीनगर में नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर के समर्थन में भव्य रोड शो किया। इस दौरान शहर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

रोड शो की शुरुआत चैनपुर क्षेत्र से हुई, जो शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरा। जया प्रदा खुले वाहन में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करती रहीं और मतदाताओं से अरुणा शंकर के पक्ष में मतदान करने की अपील कीं। रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

रोड शो के दौरान जया प्रदा ने कहा कि किसी भी शहर के समग्र विकास के लिए मजबूत और सक्षम नेतृत्व आवश्यक होता है। उन्होंने अरुणा शंकर को जनसेवा के प्रति समर्पित और सक्रिय उम्मीदवार बताते हुए कहा कि वे मेदिनीनगर को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करेंगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास और सुशासन के लिए अरुणा शंकर को अपना समर्थन दें।

रोड शो के बाद शिवाजी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जया प्रदा ने कहा कि लोगों का उत्साह और समर्थन स्पष्ट संकेत दे रहा है कि आगामी 23 फरवरी को मतदान में अरुणा शंकर को भारी समर्थन मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 27 फरवरी को मतगणना के बाद अरुणा शंकर प्रचंड मतों से विजयी होंगी।

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि ऐसे प्रत्याशी को चुनना चाहिए, जिसे शहर की समस्याओं, योजनाओं और जरूरतों की पूरी जानकारी हो। उन्होंने कहा कि अनुभवी नेतृत्व ही शहर के लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा कर सकता है।

इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें जयश्री गुप्ता, मीना गुप्ता, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, चुनाव प्रभारी भानु प्रताप शाही, विधायक आलोक कुमार चौरसिया, पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशि भूषण मेहता, पूर्व विधायक पुष्पा देवी, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम नारायण दुबे और बिभाकर पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

Leave a Reply