रांची: रांची की एक विशेष अदालत ने वर्ष 2019 के कथित अपहरण और दुष्कर्म से जुड़े मामले में आरोपी अतिश राय उर्फ अतिश कुमार को बड़ी राहत देते हुए सभी आरोपों से बरी कर दिया है। अपर न्यायायुक्त-IV सह विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) बीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने सुनवाई के दौरान पाया कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को संदेह से परे साबित करने में सफल नहीं रहा।

अदालत के मुताबिक, मामले में उपलब्ध साक्ष्य और पीड़िता के अलग-अलग बयानों से यह सामने आया कि दोनों के बीच सहमति से संबंध बने थे और बाद में उनके बीच विवाह तथा पारिवारिक विवाद उत्पन्न हो गया। ऐसे में भारतीय दंड संहिता की धारा 363 और 376 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 के तहत लगाए गए आरोप प्रमाणित नहीं हो सके।
2019 में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले की शुरुआत 15 दिसंबर 2019 को हुई थी। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पंडरा ओपी में पीड़िता के पिता ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि अतिश राय ने शादी का झांसा देकर उनकी नाबालिग बेटी को अपने साथ ले जाकर अपहरण कर लिया।
पुलिस ने अनुसंधान पूरा करने के बाद 31 जनवरी 2020 को आरोपी के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया था। इस मामले में आरोपी को 16 दिसंबर 2019 को गिरफ्तार किया गया था। बाद में 4 मार्च 2020 को उसे जमानत मिल गई थी।
अभियोजन और बचाव पक्ष ने रखीं अपनी दलीलें
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल सात गवाह प्रस्तुत किए गए। इनमें पीड़िता के माता-पिता, उसका भाई, दो पड़ोसी और मामले के जांच अधिकारी शामिल थे।
पीड़िता ने अदालत में अपने बयान में आरोप लगाया कि आरोपी ने दिसंबर 2019 में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। इसके कारण वह गर्भवती हुई और बाद में एक बेटी को जन्म दिया। उसने यह भी बताया कि कुछ समय पहले तक दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे, लेकिन बाद में आरोपी द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने आई।
वहीं, बचाव पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि आरोपी को जानबूझकर इस मामले में फंसाया गया है। बचाव पक्ष के अनुसार, पीड़िता ने शुरुआती बयान में आरोपों का समर्थन नहीं किया था, लेकिन बाद में माता-पिता के दबाव में आरोपी के विरुद्ध बयान दिया। बचाव पक्ष ने पूरे प्रकरण को आपसी संबंधों से उपजे विवाह विवाद का मामला बताया।
उम्र और बयानों को अदालत ने माना अहम
अदालत ने अपने फैसले में पीड़िता के 17 दिसंबर 2019 को मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए बयान पर विशेष ध्यान दिया। दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत दर्ज इस बयान में पीड़िता ने अपनी उम्र 19 वर्ष बताई थी। उसने यह भी कहा था कि आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया था और दोनों के बीच सहमति से शारीरिक संबंध बने थे।
अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, मजिस्ट्रेट ने भी उस समय पीड़िता की उम्र 18 वर्ष आंकी थी। बाद में अदालत में गवाही के दौरान पीड़िता ने अपनी उम्र 21 वर्ष बताई।
विशेष अदालत ने उम्र निर्धारण के कानूनी प्रावधानों पर विचार करते हुए कहा कि पॉक्सो मामले में पीड़िता की उम्र नाबालिग साबित करने के लिए जुवेनाइल जस्टिस अधिनियम की धारा 94 के अनुरूप कोई स्वीकार्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया था। मेडिकल परीक्षण से संबंधित प्रमाण भी रिकॉर्ड पर उपलब्ध नहीं था। अदालत ने इन परिस्थितियों में मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज उम्र संबंधी बयान को महत्वपूर्ण माना और पीड़िता को घटना के समय वयस्क माना।
साक्ष्यों में विरोधाभास, आरोप साबित करने में अभियोजन विफल
अदालत ने यह भी पाया कि मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए गए बयान और बाद में न्यायालय में हुई गवाही के बीच महत्वपूर्ण अंतर था। पहले बयान में पीड़िता ने सहमति से संबंध बनाने की बात कही थी, जबकि बाद की गवाही में जबरन संबंध बनाए जाने का आरोप लगाया।
जांच अधिकारी की गवाही से भी आरोपों की पुष्टि करने वाला कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया। इसके अलावा, पीड़िता के माता-पिता ने स्वीकार किया कि आरोपी उनके रिश्तेदार हैं और उन्हें घटना के संबंध में जानकारी पीड़िता से ही मिली थी।
मामले के रिकॉर्ड में दोनों पक्षों के बीच विवाह पंजीकरण को लेकर सुलह की बात भी सामने आई। इन सभी तथ्यों और गवाहों के बयानों का मूल्यांकन करने के बाद अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों को कानूनी रूप से साबित नहीं कर पाया।
अंततः विशेष अदालत ने अतिश राय उर्फ अतिश कुमार को आईपीसी की धारा 363, 376 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 के आरोपों से बरी कर दिया। आरोपी पहले से जमानत पर था। अदालत ने उसे और उसके जमानतदारों को जमानत बांड की जिम्मेदारियों से मुक्त करने का आदेश भी दिया।
