श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
देवघर // समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण को लेकर विभागवार कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथधाम पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं।
कांवरिया पथ, बिजली और साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कांवरिया पथ में महीन बालू बिछाव, विद्युत व्यवस्था, मेडिकल सुविधा, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, स्नानगृह, पंडाल निर्माण और आवासन व्यवस्था को समय रहते बेहतर करने का निर्देश दिया।उन्होंने बाबा मंदिर प्रांगण एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली के तारों को सुरक्षित और व्यवस्थित करने को कहा। साथ ही दुम्मा बॉर्डर से कांवरिया पथ में आने वाले बिजली के पोल को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर समय पर शिफ्ट करने का निर्देश दिया।
विभागों को एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने सभी विभागों को अभी से श्रावणी मेला की तैयारियों में जुट जाने और आवंटन राशि से जुड़ी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और एक्शन प्लान तैयार कर उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करने को कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, मंदिर प्रभारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभियंता एवं कर्मी उपस्थित थे।
