बरहेट // थाना क्षेत्र के यादव टोला निवासी गंगाराम यादव की 19 वर्षीय पुत्री दुलारी कुमारी का शव बरहेट थाना पुलिस ने आरोपी प्रेमी दिग्धी निवासी सुरज रविदास के निशानदेही पर महाराजपुर के मोती झरना के समीप एक घने जंगल में गड्ढे से बीते रात्रि बरामद किया।। पुलिस ने युवती का आधा गला कटा हुआ शव बरामद किया।पुलिस को शव के शरीर पर कई घाव के निशान भी मिले। शव देखकर प्रथम द्रष्टया युवती की हत्या चाकू से गला काटकर होना प्रतीत होता है। युवती ब्लू रंग का पजामा नीला कुर्ती पीले रंग का दुपट्टा पहने थी। मामले में बरहेट के दयानंद यादव एवं सुनील यादव ने चाकू से गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
सूरज ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर दुलारी से उसे प्रेम हुआ था।
मिली जानकारी अनुसार बीते मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे से युवती अपने घर से गायब थी। इसे लेकर युवती की माँ शांति देवी ने बरहेट थाना में युवती के कथित प्रेमी सुरज रविदास पर पुत्री के अपरहण का आरोप लगाए हुए शिकायत दर्ज कराया था। शिकायत के आधार पर बरहेट थाना पुलिस ने शनिवार को अपराह्न आरोपी युवक को बरहरवा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सूरज ने युवती की हत्या करने की बात स्वीकार करते हुए घटना कीजानकारी दी। सूरज ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर दुलारी से उसे प्रेम हुआ था। लेकिन उसे संदेह थाना था कि दुलारी का किसी और युवक से भी प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी आशंका में उसने युवती की ह*त्या कर दी। सूरज के निशानदेही पर ही पुलिस ने युवती का शव बरामद किया। इस मामले में बरहेट । पुलिस ने थाना कांड संख्या 195/25 दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि गिरफ्तार आरोपी सूरज रविदास को न्याय हिरासत में जेल भेज दिया गया।
देवघर// जिला के अम्बेडकर पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा द्वारा सीजीएल परीक्षा में सफल बच्चों को बेहतर और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ संविधान की किताब देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावे कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि मीठे फल भी उन्हीं पेड़ों पर लगते हैं, जो आँधी, तुफान, बारिश और कड़ी धूप में भी झुक कर खड़े होते हैं, आकाश की और देखते हुए और तन के खड़े पेड़, तो हल्की से वायु के झोके से भी टूट जाते हैं। मनुष्य भी कुछ इसी प्रवृत्ति का प्राणी है, जिसने जीवन के विषम परिस्थितियों को हँसकर झेल लिया सफलता उसी के पैरों में आ गिरती है, अन्यथा परिस्थिति अस्वीकार करने और उससे घबरा कर हौसला त्याग देने वाले लोग अक्सर टूट जाया करते हैं। अपने हौसलों को उंची उड़ान देते हुए आप सभी ने इसे चरितार्थ किया है। आगे उपायुक्त ने कहा कि सीजीएल और अन्य विभिन्न सरकारी प्रतियोगिता जैसी कठिन परीक्षा में आप सभी ने सफलता प्राप्त कर देवघर का मान बढ़ाया है। आज आप सभी ने उस पद को प्राप्त किया है जो खुद सम्मान के लायक है। ऐसे में आप सभी ने अपने माता-पिता के साथ जिले का मान बढ़ाया है। आज आप सभी लाखों छात्रों के मार्गदर्शक व प्रेरणास्त्रोत के माध्यम है। ऐसे में मुस्कुराते हुए अपने कार्य पथ पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश और समाज को आगे बढ़ाने की जवाबदेही और जिम्मेवारी आपके उपर होगी। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि पुस्तकालय के बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में जहां भी रहें, जिस कर्तव्य में रहें समाज के लिए मददगार बनें।
माता-पिता का हमेशा ख्याल रखें, जिस तरह उन्होंने बच्चे में आपका ख्याल किया आप भी बुढ़ापे में उनका ख्याल रखें।
लेकिन एक बात का हमेशा स्मरण रखें कि माता-पिता का हमेशा ख्याल रखें, जिस तरह उन्होंने बच्चे में आपका ख्याल किया आप भी बुढ़ापे में उनका ख्याल रखें। साथ ही उपायुक्त ने आदर्श विद्यार्थी के रूप में व्यक्तित्व का विकास, कम्युनिकेशन स्कील और स्पोर्ट्स के प्रति झुकाव के साथ सोशल मीडिया के सही इस्तेमाल और नुकसान से बच्चों को अवगत कराया। साथ ही उन्होंने समय का सदुपयोग अपने जीवन में सुनिश्चित करें और कभी किसी से अपनी तुलना नहीं करें। इस दौरान उपरोक्त के अलावे* अम्बेडकर पुस्तकालय के अधिकारी एव बड़ी संख्या में अम्बेडकर पुस्कालय के छात्र- छात्राएं आदि उपस्थित थे।
हजारीबाग // पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए कोर्रा थाना क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लाखों रुपये मूल्य का मादक पदार्थ अफीम व डोडा, एक स्वीफ्ट कार समेत अन्य सामान जप्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कनहरी पहाड़ के समीप अफीम एवं डोडा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।छापामारी दल ने कनहरी हिल के पास चेकिंग के दौरान चरही की ओर से आ रही एक सफेद स्वीफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर कार सवार भागने लगे, लेकिन पीछा कर वाहन समेत दोनों को पकड़ लिया गया। तलाशी में कार की डिक्की से अफीम व डोडा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ खूंटी जिले के तमाड़-रायडीह से लेकर बरही की ओर जा रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
हजारीबाग // आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार और प्रशासन हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। युवाओं से किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं। पलायन, रोजगार, नियोजन, कानून-व्यवस्था, विस्थापन और पुनर्वास जैसे मुद्दों पर सरकार के पास कोई ठोस रोडमैप नहीं है। वे हजारीबाग नगर भवन में आयोजित आजसू पार्टी के मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे, जिसकी अगुवाई पार्टी महासचिव व हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी संजय मेहता ने की।
10 लाख नौकरी के वादे धरातल पर नहीं दिख रहे
सुदेश महतो ने कहा कि सरकारी संरक्षण में कोयला और बालू की तस्करी हो रही है, विस्थापितों को उनका हक नहीं मिल रहा और युवाओं से किए गए 10 लाख नौकरी के वादे धरातल पर नहीं दिख रहे। उन्होंने युवाओं से झारखंड में बदलाव के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।मांडू विधायक तिवारी महतो ने कहा कि दो वर्षों से आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के छात्रों की छात्रवृत्ति लंबित है, जिससे गरीब परिवारों के छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार पर गंभीर वित्तीय संकट का आरोप लगाया।संजय मेहता ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में विस्थापन एक बड़ी समस्या बन चुकी है। नियोजन, पुनर्वास और मुआवजे के मुद्दों पर प्रशासन की मनमानी जारी है। उन्होंने बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी 1982 की नियोजन नीति लागू करने, आउटसोर्सिंग व निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत आरक्षण तथा ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि झारखंड को बचाने के लिए सामूहिक संघर्ष जरूरी है और आजसू का आंदोलन जारी रहेगा।कार्यक्रम में शशि केशरी ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहीं शहीद करमजीत सिंह बख्शी एवं सुभाष सौरभ बारला के परिजनों को सुदेश महतो द्वारा सम्मानित किया गया और शहीदों के प्रति मौन रखा गया।
देवघर // सिविल कोर्ट देवघर में आज साल का आखिरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे और सेटलमेंट के माध्यम से अपने मुकदमे को खत्म करने का काम किया।
बैंक रिकवरी केस, बिजली बिल, लेबर से संबंधित मामले , आपराधिक समझौता योग्य मामला, चेक बाउंस जैसे हजारों मामले का निष्पादन किया गया।
देवघर// जिला के देवीपुर थाना क्षेत्र में 6 दिसंबर को शंकरपुर जोरिया के पास मिले अज्ञात अधजले शव के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या कांड का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पहचान कर ली है और हत्या में संलिप्त उसके पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में देवीपुर थाना कांड संख्या 156/2025, दिनांक 7 दिसंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(a) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ के निर्देश पर एक विशेष अनुसंधान एवं छापेमारी टीम का गठन किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अशोक कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर गुप्त सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। छापेमारी के क्रम में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे, जिसके बाद मृतक की पहचान नीतेश नंदी के रूप में की गई। मृतक नीतेश नंदी, पिता दिलीप नंदी, ग्राम कालीपुर, थाना जसीडीह, जिला देवघर का रहने वाला था।
नशा बना घटना का मुख्य कारण
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नीतेश नंदी लंबे समय से नशे का आदी था और वह अपने पिता, भाई एवं अन्य परिजनों से नशा करने के लिए लगातार पैसे की मांग करता था। पैसे नहीं मिलने पर वह घर में आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करता था, जिससे परिवार के अन्य सदस्य मानसिक रूप से परेशान रहते थे। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि तंग आकर मृतक के पिता दिलीप नंदी और भाई गौतम नंदी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने की साजिश रची। उन्होंने शव को एक ऑटो रिक्शा में लादकर देवीपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर जोरिया के पास फेंक दिया और पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
दुमका // झारखंड की उपराजधानी दुमका में न्याय का महाकुंभ। झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री तरलोक सिंह चौहान की अगुवाई में स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज कम एंपावरमेंट कैंप का आयोजन किया गया। यहीं से पूरे राज्य में राष्ट्रीय लोक अदालत का वर्चुअल उद्घाटन भी हुआ। दुमका कन्वेंशन सेंटर में आयोजित नेशनल लोक अदालत कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था न्याय को आम जनता तक पहुँचाना। मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान ने कहा न्याय केवल कोर्ट तक सीमित न रहे, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में उसकी अनुभूति हो। विधिक सेवा शिविर न्यायपालिका को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास है। न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद व झालसा कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा गायब हुई लड़कियों की रिकवरी के बाद उन्हें सेल्फ हेल्प ग्रुप से जोड़ा जाये ताकि उनका इनकम होने से वे कभी भी दिल्ली या दूसरे शहरों में नहीं जाएंगी। वही उन्होंने डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं को अज्ञानता बताया और कहा कि समाज को इन अंधविश्वासों के खिलाफ जागरूक करना होगा। इस दौरान विभिन्न सरकारी विभागों के लगाये गए स्टॉल का मुख्य न्यायाधीश ने निरिक्षण किया। मुख्य न्यायाधीश और अतिथियों ने मौके पर ही अबुआ आवास की चाबियां, अबुआ स्वास्थ्य कार्ड, क्षतिपूर्ति राशि और आजीविका योजनाओं जैसे दीदी की दुकान और जेंडर रिसोर्स सेंटर के लिए वित्तीय सहायता (₹3-3 लाख) सहित कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभुकों को वितरित किया। नेशनल लोक अदालत प्रशासन, न्यायिक पदाधिकारियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी के साथ सम्पन्न हुआ, जो न्याय और सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
राँची // कांग्रेस विधायक दल के नेताप्रदीप यादव और और कांग्रेस के विधायक सह मंत्री इरफान अंसारी के बीच बीते दिनों विधानसभा में अस्पताल में हुए करोड़ों रुपए के मशीन की चोरी के मामले में दोनों में तीखी बहस हुई और इसको लेकर मीडिया में भी तरह तरह की खबरें चली इस सब के बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी का एक सीसीटीवी फुटेज को लेकर मीडिया में खबरें चली कि प्रदीप यादव ने पैन ड्राइव बाबूलाल मरांडी को दिया और बाबूलाल मरांडी ने प्रदीप यादव के मुद्दे को सदन में उठाया और सरकार को घेरने का काम किया अब इस पर प्रदीप यादव ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा…………..पिछले एक दिन से कुछ न्यूज़ चैनलों द्वारा एक सीसीटीवी फुटेज प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें मैं और बाबूलाल मरांडी जी दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो विधानसभा परिसर का है तथा दिनांक 10 दिसंबर 2025, लगभग सुबह 11 बजे का है—उस समय का, जब वहां विधायक, मीडिया और प्रशासनिक कर्मियों की नियमित उपस्थिति रहती है। यह कोई सुनसान स्थान नहीं है, बल्कि विधानसभा के उसी गेट के सामने का सीसीटीवी फुटेज है, जहां से प्रतिदिन सभी विधायक आवागमन करते हैं।
दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा झूठा और भ्रामक नैरेटिव गढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। मुझे नहीं पता कि इसके पीछे कौन है और किस उद्देश्य से मेरे विरुद्ध ऐसी साजिश रची जा रही है, लेकिन बिना मेरा पक्ष जाने, एकतरफा ढंग से आरोप गढ़कर मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास अत्यंत पीड़ादायक है। तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करना और अधूरी जानकारी के आधार पर खबरें चलाना किसी भी रूप में न्यायोचित नहीं कहा जा सकता।
जहां तक इस सीसीटीवी फुटेज का प्रश्न है, तो यह दावा कि मैं बाबूलाल मरांडी जी को कोई पेनड्राइव सौंप रहा हूं, पूरी तरह असत्य, निराधार और कल्पनाजन्य है।
वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि बाबूलाल मरांडी जी के साथ मेरी बातचीत एक अख़बार में प्रकाशित खबर को लेकर हो रही है। उस विषय को मैं स्वयं भी विधानसभा में उठाने वाला था, किंतु बाबूलाल मरांडी जी ने उसे पहले ही सदन में उठा दिया था। इसके पश्चात जब मैं विधानसभा परिसर से बाहर निकला—उसी गेट से जहां से अधिकांश विधायक निकलते हैं—तो संयोगवश उसी अख़बार में छपी खबर को लेकर उनके साथ चर्चा हुई। किसी भी प्रकार की कोई वस्तु सौंपने-लेने की बात पूर्णतः असत्य है।
यह स्थान विधानसभा का सार्वजनिक गलियारा है, जहां हर समय विधायक, मीडिया, पुलिस एवं कर्मचारी मौजूद रहते हैं और चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। मेरे एक हाथ में मोबाइल और अख़बार था तथा दूसरे हाथ में रुमाल। पूरी बातचीत दिन के उजाले में, एक सार्वजनिक खबर को लेकर ही हो रही थी।
अब स्वयं सोचिए, यदि मेरी कोई अनुचित मंशा होती, तो क्या मैं इतनी सार्वजनिक जगह पर, इतने लोगों की मौजूदगी में और सीसीटीवी निगरानी के बीच ऐसा कोई कृत्य करता, जिसकी फुटेज अगले ही दिन सामने आ जाए? यह सामान्य विवेक से भी परे है। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वीडियो को ध्यान से देखें और स्वयं तय करें कि वहां कोई लेन-देन हो रहा है या केवल एक सार्वजनिक विषय पर चर्चा।
यह पूरा प्रकरण एक सुनियोजित षड्यंत्र की ओर संकेत करता है। सच्चाई यह है कि जब से मैंने कांग्रेस जॉइन की है, तब से एक विशेष लॉबी लगातार मुझे रोकने और बदनाम करने का प्रयास कर रही है। यही वह लॉबी है जिसने कभी बिरसा कांग्रेस के निर्माण का प्रयास किया, कभी कांग्रेस विधायकों को तोड़ने की कोशिश की और पिछले विधानसभा कार्यकाल में हमारे मर्जर को रोकने में भी भूमिका निभाई।
खैर, वे अपना षड्यंत्र जारी रखें। जहां तक जनता के हित से जुड़े सवाल उठाने की बात है—यदि इससे किसी को असुविधा होती है, तो मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि जब तक जीवित रहूंगा, जनता की आवाज़ बनकर मजबूती से खड़ा रहूंगा।
देवघर // मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान शुक्रवार के दिन देवघर पहुंचे , चीफ जस्टिस के आगमन को लेकर देवघर में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने पुख्ता तैयारी की थी । देवघर एयरपोर्ट से परिसदन और देवघर सिविल कोर्ट रूट लाइन में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था। देवघर पुलिस अधीक्षक ने खुद तैयारियों का जायजा लिया।
देवघर पुलिस अधीक्षक तैयारी का जायजा लेते हुए…
मुख्य न्यायाधीश को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर.
मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान का देवघर एयरपोर्ट पर आगमन हुआ, जिसके पश्चात प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कौशल किशोर झा, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ ने बुके देकर माननीय मुख्य न्यायाधीश का स्वागत किया। इसके अलावा एयरपोर्ट में सार्जेंट मेजर व पुलिस के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
सिविल कोर्ट देवघर में अधिवक्ताओं ने किया स्वागत
दोपहर के करीब 4 बजे सिविल कोर्ट पहुंचे। जहां सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश का जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान कोर्ट की कार्यवाही भी जारी रही और मुख्य न्यायाधीश ने एडीजे 3 सह विशेष न्यायाधीश पॉक्सो के कोर्ट में बैठकर कोर्ट की कार्यवाही को भी सुना और पूरे कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में किया श्रृंगार पूजन
देर शाम झारखण्ड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान ने सपरिवार बाबा बैद्यनाथ का श्रृंगार-पूजन और दर्शन कर बाबा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उपरोक्त के अलावा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कौशल किशोर झा, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ व संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
हजारीबाग// कांग्रेस की लोकप्रिय नेत्री एवं बड़कागांव की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद ने वर्तमान विधायक रौशन लाल चौधरी पर खनन कंपनियों से साठगांठ का गंभीर आरोप लगाते हुए सियासी हलचल तेज कर दी है। अम्बा प्रसाद ने आरोप लगाया कि रौशन लाल चौधरी जनता के बीच “बेचारा बनने का ढोंग” करते हैं, जबकि दूसरी ओर एनटीपीसी उनके घर निर्माण का टेंडर निकाल रही है। उन्होंने कहा—“यदि उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही, तो वे मेरे पास आएँ… मैं उनकी बात सुनने को तैयार हूँ। ”उधर, एनटीपीसी की प्रेसवार्ता में कंपनी ने साफ कहा कि उन्हें वर्तमान सांसद और विधायक का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। इस बयान का हवाला देते हुए अम्बा प्रसाद ने इसे दोहरी नीति करार दिया।उन्होंने वर्तमान विधायक को चुनौती देते हुए कहा“विधायक के घर निर्माण के लिए जो टेंडर निकाला गया है, उसमें एक भी ईंट नहीं लगने दूँगी। इसके खिलाफ मैं पीआईएल दायर करुँगी और सड़कों पर आंदोलन भी होगा। ”इन आरोपों के बाद बड़कागांव की राजनीति में माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बड़ा राजनीतिक घमासान देखने को मिल सकता है।
साहिबगंज // बोरियों प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय छोटा वियांसी की प्रधान शिक्षिका रेखा कुमारी के साथ मारपीट और छिनतई का गंभीर मामला सामने आया है। शिक्षिका ने बोरियों थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। रेखा कुमारी ने बताया कि बुधवार को वह विद्यालय परिसर के पास झाड़-झुरमुट साफ करवाने और गंदे पानी की निकासी के लिए गड्ढा खुदवा रही थीं। इसी दौरान गांव की महिला सांझली टुड्डू, पति नारायण हेंब्रम, वहां पहुंची और विवाद करने लगी।
आरोप है कि उसने पहले मारपीट की, फिर बाल पकड़कर उन्हें विद्यालय परिसर में पटक दिया और बुरी तरह पीटा।वहीं घटना की सूचना मिलते ही बोरियो प्रखंड शिक्षक संघ के सदस्य भी थाने पहुंचे। शिक्षिका के लिखित आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।वहीं, शिक्षिका के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
साहिबगंज // जिला के विकास को लेकर साहिबगंज जिला प्रशासन और मालदा रेल मण्डल के पदाधिकारियो के बीच एक बैठक हुई। जिसमे पूर्व रेलवे मालदा रेल मण्डल के डीआरएम मनीष गुप्ता और साहिबगंज डीसी हेमंत सती के बीच सकारात्मक वार्ता हुई। जिसमे रेलवे ने साहिबगंज में विकास करने के लिए जिला प्रशासन से सहयोग की अपील की तो वही जिला प्रशासन ने जिले के यातायात व्यवस्था में रेलवे से सहयोग की उम्मीद जताई। जिस पर दोनों अधिकारी सकारात्मक संकेत दिए। अब माना जा रहा हैं की साहिबगंज की आरओबी, रेल अंडर पास के अलावे साहिबगंज से ट्रैन सुविधा में बढ़ोतरी हो सकती हैं। वही झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने कहा की यह सरकार साहिबगंज की विकास के लिए कटीबद्ध हैं। इसी दिशा में आज जिला प्रशासन और रेलवे के अधिकारियो के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई और उम्मीद हैं की 2026 में साहिबगंज को कई सौगात मिलने जा रही हैं। इधर डीआरएम अपने इस कार्यक्रम के तहत ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल का निरिक्षण किया और स्कूल में और अधिक सुविधा बढ़ाने की बात कहीं हैं। बहरहाल साहिबगंज में हुई इस बैठक ने जिले वासियो की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब देखना होगा की 2026 नए साल में साहिबगंज को रेलवे की ओर से क्या सौगात मिलती हैं।
दुमका // कानूनी जागरूकता और सरकारी योजनाओं के लाभ को आम जनता तक पहुंचाने के लिए दुमका में एक राज्य स्तरीय लीगल सर्विसेज कम एंपावरमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्घाटन झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान करेंगे। दुमका के कन्वेंशन सेंटर में 13 दिसम्बर को यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। लीगल सर्विसेज और एंपावरमेंट पर केंद्रित इस कैंप के मुख्य अतिथि होंगे झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस, तरलोक सिंह चौहान। उनके साथ जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद, जस्टिस आनंद सेन और जस्टिस प्रदीप कुमार श्रीवास्तव भी मंच पर उपस्थित रहेंगे। डिस्ट्रिक्ट जज सुधांशु शेखर शशि ने बताया कि यह कैंप इस साल का आखिरी स्टेट लेवल लोक अदालत के उद्घाटन का भी मंच बनेगा। हर चार महीने पर लगने वाली लोक अदालत का राज्य स्तरीय उद्घाटन खुद चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान दुमका से करेंगे। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कैंप का दोहरा उद्देश्य है। एक ओर जहां लोगों को कानूनी जागरूकता प्रदान की जाएगी, वहीं दूसरी ओर विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस दौरान लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण भी किया जाएगा। चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान इन सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों का जायजा लेंगे। कानूनी सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में यह कार्यक्रम दुमका जिले के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल है।
देवघर // जिला के विभिन्न थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कुल 4 साइबर आरोपी को पुलिस गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार साइबर आरोपी के बारे में पुलिस ने बताया कि ये सभी जंगल झाड़ में बैठकर फर्जी मोबाइल और सिम कार्ड के माध्यम से लोगों को कॉल कर तरह तरह के प्रलोभन देकर ऑनलाइन ठगी करने का काम करता था।
देवघर // शहर में मंगलवार देर रात हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में आलोक कुमार (30 वर्ष) की मौत हो गई। घटना 09 दिसंबर की रात लगभग 10:45 बजे की बताई जा रही है। FIR संख्या 547/2025 देवघर नगर थाना में दर्ज की गई है ।
भाजपा नेता आशुतोष कुमार के बयान पर दर्ज हुआ एफआईआर
फर्दबयान में आशुतोष कुमार उम्र 39 वर्ष, पे0- नन्हेश्वर प्रसाद साO LIG 09 शहीत भगत सिंह, कलनी मुस्तफाबाद थाना रामपुर, जिला गया (बिहार) आज दिनांक 10.12.2025 को समय 08.30 AM बजे सदर अस्पताल देवघर बरामदा में पु0अ0नि0- प्रेम कुमार टुडू बैद्यनाथधाम ओ०पी० सदर अस्पताल, देवघर द्वारा लिया गया बयान | मेरा नाम आशुतोष कुमार उम्र 39 वर्ष, पे0 नन्हेश्वर प्रसाद, साO LIG 09 शहीद भगत सिंह कलनी मुस्तफाबाद थाना रामपुर, जिला गया (बिहार) है। आज दिनांक 10.12.2025 को समय 08.30 AM बजे सदर अस्पताल देवघर के बरामदा में अपने मृत भाई आलोक कुमार उम्र 30 वर्ष, के शव के सामने आप पुलिस पदाधिकारी के समक्ष बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन का अपना बयान देता हूँ कि मेरा भाई आलोक कुमार देवघर स्थित बाजला चौक के पास मडर्न पब्लिक स्कूल में एडमिनिस्ट्रेशन का काम करता था छुट्टी बिताकर दिनांक 06.12.2025 को समय 10.00 AM बजे अपने निजी आवास से देवघर के लिए निकले और समय करीब 14.00 बजे के आसपास बाजला चौक स्थित मडर्न पब्लिक स्कूल पहुँचे। कल दिनांक 09.12.2025 को समय करीब रात्रि 10.45 PM बजे मेरा भाई स्कूल के मैनगेट के बाहर टहलने के लिए निकले थे। कुछ देर टहलने के बाद अन्दर जाने के लिए गेट के दरवाजा को खटखटाया गार्ड के द्वारा गेट खोलते खोलते एक काली रंग महिन्द्राXUV 700 गाड़ी जिसका पंजीयन सं0-JH15M3310 बाजला चौक से सुभाष चौक की ओर बहुत ही तेज रफ्तार में रोड के दाहिने किनारे मडर्न स्कूल के गेट के सामने खडे मेरे भाई आलोक कुमार को जोरदार धक्का मारा जो कि रोड से करीब 20 फीट से ज्यादा दाहिने साईड में स्थित है। एक्सीडेन्ट में जोरदार आवाज को सुनकर स्कूल के स्टाफ बाहर निकले तो बाहर आलोक कुमार जमीन पर गिरे पडे थे और उस गाड़ी से 05-06 लोग बाहर निकल रहे थे। उसके बाद सभी स्टाफ ने मिलकर आलोक कुमार को उठाने का कोशिश किए तो गाड़ी से उतरे हुए लोग स्कूल स्टाफ जो आलोक कुमार को उठा रहे थे उनसे झगड़ा करने लगा।
10-15 लोगो को और बुला लिया और ईलाज के लिए लेकर जा रहे लोगो को रोका….
इसी अफरा तफरी में किसी तरीके से सभी ने आलोक कुमार को उठाकर इलाज के लिए ले जाने लगा तभी उसमें से कुछ लोगों ने फोन करके 10-15 लोगो को और बुला लिया और ईलाज के लिए लेकर जा रहे लोगो को रोक दिया। काफी देर रुके रहने के कारण आलोक कुमार दर्द से छटपटाते रहे। जब उनलोगो को ये लगा कि आलोक कुमार की मृत्यु हो चुकी है फिर उनलोगो ने बोला जहाँ मर्जी ले कर जा सकते हो। इसी घटनाक्रम के बीच में बाद में आए लोगो में से एक जिनका नाम राहुल चन्द्रवंशी है। उन्होने स्कूल स्टॉफ केसाथ मारपीट भी किया और पिस्टल दिखाते हुए गोली मारने की धमकी दी साथ में उन्होने यह भी बोला कि न में किसी हॉस्पिटल में भर्ती होने दूंगा और न ही प्रशासन तुम्हारी मदद करेगी, किसी तरिके से हमलोग आलोक कुमार को ले कर सदर अस्पताल पहुँचे जहाँ उपस्थित डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मेरे दावा है कि इस घटना में सम्मलीत राहुल चन्द्रवंशी उसका भाई नाम नामालूम, उसका भतीजा तथा उनके साथ शामिल अन्य 10-15 लोगो के द्वारा किसी साजिश के तहत जान बुझकर मेरे भाईकी हत्या की गई है।
नगर थाना में FIR सुसंगत धारा 281,धारा 103,धारा 61(1)(b) BNS में दर्ज किया गया
इसमें शामिल चिन्हित लोगो के साथ साथ अन्य अज्ञात लोग भी शामिल है। जिसका प्रमाण मोडर्न पब्लिक स्कूल के CCTV कैमरा में है। यही मेरा बयान है मैं अपना बयान पढ़ व पढ़वाकर सुन व समझ लिया सही लिखा पाकर अपना हस्ताक्षर बना दिया। FIR में आरोपी के रूप में राहुल चंद्रवंशी, उसका भाई , भतीजा सहित अज्ञात व्यक्तियों का भी नाम दर्ज किया गया है।नगर थाना में FIR सुसंगत धारा 281,धारा 103,धारा 61(1)(b) (भारतीय न्याय संहिता, 2023) के तहत दर्ज किया गया है। FIR दर्ज कर पुलिस अनुसंधान में जुट गई है।