संताल परगना चैंबर ने किया एयरपोर्ट का स्थल निरीक्षण, पार्किंग बूथ पर शुल्क और समय-सीमा की जानकारी बड़े अक्षरों में प्रदर्शित करने की मांग
देवघर। संताल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, देवघर ने देवघर एयरपोर्ट की पार्किंग शुल्क व्यवस्था का स्थल निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं। चैंबर ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित 13 मिनट की पिक एंड ड्रॉप अवधि में एयरपोर्ट से बाहर निकलने वाले वाहनों से पार्किंग शुल्क लिया जाना उचित नहीं है।
चैंबर अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा एवं देवघर एयरपोर्ट एडवाइजरी कमिटी के सदस्य आलोक मल्लिक के नेतृत्व में कार्यकारिणी के सदस्यों ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित वेंडर और पार्किंग कर्मियों से पार्किंग शुल्क वसूली की प्रक्रिया की जानकारी ली।
पार्किंग बूथ पर स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित करने की मांग
चैंबर ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग शुल्क और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी पार्किंग वसूली बूथ पर बड़े और स्पष्ट अक्षरों में प्रदर्शित करने की सलाह दी है।
चैंबर ने यात्रियों से भी अपील की है कि एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करते समय पार्किंग पर्ची पर दर्ज इन टाइम को अवश्य देखें और वापसी के समय उसी के आधार पर शुल्क का भुगतान करें।

चैंबर का कहना है कि पिक एंड ड्रॉप के लिए निर्धारित 13 मिनट की अवधि यात्रियों को सुविधा देने के उद्देश्य से है। ऐसे में इस अवधि के भीतर बाहर निकलने वाले वाहनों से पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए।
फुटकर विक्रेताओं के मुद्दे पर भी चैंबर ने जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान चैंबर ने टावर चौक से आजाद चौक के बीच फुटकर विक्रेताओं के मामले को भी उठाया। चैंबर ने नगर निगम और प्रशासन की नीति को विरोधाभासी बताते हुए कहा कि एक तरफ निगम द्वारा फुटकर विक्रेताओं से शुल्क वसूला जाता है, जबकि दूसरी ओर अतिक्रमण के नाम पर उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाती है।
चैंबर ने फुटकर विक्रेताओं के प्रति नैतिक समर्थन जताते हुए मांग की कि नगर निगम इनके लिए स्थान का स्पष्ट निर्धारण और डिमार्केशन करे।
‘शुल्क लेते हैं तो अनावश्यक रूप से परेशान न करें’
चैंबर का कहना है कि जिन फुटकर विक्रेताओं से नगर निगम शुल्क वसूलता है, उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान या विस्थापित नहीं किया जाना चाहिए। फुटकर विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित स्थान निर्धारित करने से बाजार की व्यवस्था भी बेहतर होगी और विक्रेताओं की रोजी-रोटी भी प्रभावित नहीं होगी।
चैंबर ने प्रशासन और नगर निगम से इस मामले में स्पष्ट एवं व्यावहारिक नीति बनाने की मांग की है, ताकि फुटकर विक्रेताओं और शहर की यातायात एवं बाजार व्यवस्था के बीच संतुलन कायम किया जा सके।
निरीक्षण में ये सदस्य रहे मौजूद
स्थल निरीक्षण के दौरान चैंबर के महासचिव निरंजन कुमार सिंह, संयुक्त सचिव पंकज भालोटिया, विवेक अग्रवाल, संजय मालवीय, लक्ष्मण पटेल, ऋषि राज सिंह, विभूति ठाकुर और निलेश सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
चैंबर अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों की सुविधा से जुड़े मुद्दों को लेकर चैंबर लगातार प्रशासन एवं संबंधित संस्थाओं के समक्ष अपनी बात रखता रहेगा।

Honestly, this site is so easy to navigate. I had a smooth experience logging in and the games load super fast. Definitely my go-to now! jili31login