राँची// AI, डिजिटल गवर्नेंस और IT आधारित विकास का विजन देश के सामने रखा जाएगाझारखंड सरकार 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 में राज्य का डिजिटल रोडमैप पेश करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उद्घाटन सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल गवर्नेंस, आईटी और उभरती तकनीकों के माध्यम से झारखंड को निवेश और डिजिटल नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की रणनीति प्रस्तुत करेंगे।
पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर पेश होगा रांची IT पार्क का निवेश प्रस्ताव
कार्यक्रम में पहली बार रांची आईटी पार्क को निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। करीब 100.97 एकड़ सरकारी भूमि पर विकसित होने वाले इस आईटी पार्क में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए आईटी नीति-2023 के तहत 50% पूंजीगत निवेश प्रतिपूर्ति, 100% स्टांप शुल्क छूट और 100% बिजली शुल्क छूट जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।
ड्राफ्ट AI पॉलिसी-2026 पर लिए जाएंगे सुझाव
सरकार वर्ष 2026-31 के लिए तैयार की जा रही ड्राफ्ट AI पॉलिसी-2026 पर उद्योग जगत और विशेषज्ञों से सुझाव भी लेगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में स्टेट AI मिशन बनाने का प्रस्ताव रखा जाएगा तथा JAP-IT को नोडल एजेंसी बनाकर झारखंड AI क्लाउड विकसित करने की योजना है।
सुशासन, कृषि, स्वास्थ्य और खनन होंगे AI के प्रमुख फोकस क्षेत्र
राज्य सरकार के अनुसार AI का उपयोग सुशासन, कृषि, स्वास्थ्य और खनिज संसाधन प्रबंधन में प्राथमिकता से किया जाएगा। विभागीय आंकड़ों का एकीकरण कर AI आधारित निर्णय प्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
BKD News Jharkhand।
