राँची// 27 जून से हॉस्टल छोड़ने के बाद नहीं मिला संपर्क, पिता ने दर्ज कराई शिकायतराजधानी रांची के एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाली 27 वर्षीय शिक्षिका के लापता होने का मामला सामने आया है। शिक्षिका के पिता ने लोअर बाजार थाना में आवेदन देकर बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी 27 जून से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है और किसी के बहकावे या दबाव में हो सकती है।
पिता का आरोप- धमकी या बहकावे में गई बेटी, लव जिहाद की भी जताई आशंका
पिता के अनुसार, बेटी से बातचीत के दौरान वह डरी-सहमी लगती थी और अलग-अलग स्थानों की जानकारी देती थी। हॉस्टल से जानकारी मिली कि वह 27 जून को ही कमरा छोड़ चुकी थी। पिता ने जमशेदपुर निवासी एक युवक पर संदेह जताते हुए कहा कि धमकी या बहकावे में उनकी बेटी को ले जाया गया है। उन्होंने मामले में लव जिहाद की आशंका भी व्यक्त की है।
पुलिस जांच में नया मोड़, शिक्षिका बोली- अपनी मर्जी से की शादी
लोअर बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम जमशेदपुर पहुंची, जहां शिक्षिका मिली। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी इच्छा से घर छोड़कर आई है और अपनी मर्जी से शादी कर चुकी है।
शिक्षिका का दावा- माता-पिता से है खतरा, लौटने से किया इनकार
शिक्षिका ने पुलिस के समक्ष कहा कि उसे अपने ही माता-पिता से जान का खतरा है और उस पर तेजाब फेंकने की धमकी दी गई है। इसी कारण उसने फिलहाल घर लौटने से इनकार कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
। BKD News Jharkhand
