देवघर। जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों में चक्रवाती तूफान और तेज हवाओं का व्यापक असर देखने को मिला। तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गए और कई कच्चे तथा एडवेस्टर वाले मकानों को नुकसान पहुंचा। तूफान ने किसानों और आम लोगों के जनजीवन को भी प्रभावित किया है।

मोहनपुर प्रखंड के कटवन पंचायत के लोढ़ीवरन गांव में तेज हवा के कारण पेड़ गिरने से बिजली के कई पोल क्षतिग्रस्त हो गए। बिजली के तार टूटकर गिरने से विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। इसी गांव में मनोज यादव के पोल्ट्री फार्म को भी तेज आंधी से भारी नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि फार्म में बड़ी संख्या में मुर्गे थे और फार्म के क्षतिग्रस्त होने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

वहीं कटवन-जमुआ क्षेत्र में भी तूफान का असर देखने को मिला। तेज हवा के कारण कई एडवेस्टर के घर क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ गिरने से सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। इसके बाद स्थानीय मुखिया की पहल पर जेसीबी मशीन की मदद से सड़क से पेड़ हटाकर आवागमन बहाल कराया गया।
झारखंडी पंचायत के जमुआ गांव में भी तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। यहां जनार्दन मंडल के एडवेस्टर वाले घर को काफी नुकसान पहुंचा। घर में मौजूद बच्चों के चोटिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
इधर खेरखुटी गांव में एडवेस्टर का घर गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान जहरून बीबी के रूप में बताई गई है। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।

वहीं जमुआ प्लांट के समीप बिजली का बड़ा पोल भी गिर गया, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति बनी। लगातार हुए नुकसान के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा और क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
चक्रवाती तूफान से हुए नुकसान के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर क्षति का आकलन किए जाने की जरूरत है, ताकि प्रभावित परिवारों और किसानों को समय पर राहत मिल सके।
