महिला किसानों की मेहनत को मिला वैश्विक मंच, लोकल से ग्लोबल हुआ देवघर का आम
देवघर, 3 जुलाई। देवघर जिले के कृषि इतिहास में शुक्रवार को एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। जिले में उत्पादित 1 टन ‘आम्रपाली’ आम की पहली अंतरराष्ट्रीय खेप दुबई के लिए रवाना की गई। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने विशेष पैकेजिंग के साथ तैयार खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वैश्विक बाजार में मिलेगी देवघर के आम को नई पहचान
उपायुक्त ने कहा कि यह पहला अवसर है जब जिले की महिला किसानों द्वारा उत्पादित आम सीधे वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किए गए आमों को लखनऊ के माध्यम से दुबई भेजा जाएगा। इससे महिला किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
मनरेगा, एफपीओ और जेएसएलपीएस की भूमिका रही अहम
उपायुक्त ने इस सफलता का श्रेय मनरेगा टीम और मनोन्नति मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसायटी (एफपीओ) को दिया। उन्होंने कहा कि महिला किसानों के सामूहिक प्रयास और प्रशासनिक सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी है।

साथ ही जेएसएलपीएस के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस अभियान का दायरा बढ़ाकर अधिक से अधिक महिला किसानों को इससे जोड़ा जाए, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मजबूत हो सके।
महिला किसानों ने जताया मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार
इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उत्साहित एफपीओ से जुड़ी महिला किसानों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से जिले के किसानों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार के नए अवसर खुले हैं।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, डीआरडीए निदेशक सागरी बराल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रमुख सीताकांत मंडल, जेएसएलपीएस के डीपीएम सुशील दास, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
