जिले के सभी दस प्रखंडो में आज 01 से 30 जुलाई तक आयोजित होगा ड्राइविंग लाइसेंस कैंप’
देवघर// उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी दस प्रखंडो में आज 01 से 30 जुलाई तक ‘प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप’ का आयोजन सुबह 10:30 से दोपहर 2:30 बजे तक किया जा रहा है, ताकि आमजनों को सुविधा हो। इस कड़ी में आज देवीपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का सफल आयोजन किया गया। यह कैंप जिला परिवहन पदाधिकारी श्री विजय कुमार के नेतृत्व में लगाया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जांच के बाद 30 अभ्यर्थी टेस्ट में हुए सफल….
आज आयोजित कैंप में कुल 70 व्यक्तियों ने लर्नर लाइसेंस के लिए पहले से ऑनलाइन आवेदन किया था। आज सभी 70 आवेदक कैंप में उपस्थित हुए। परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा सबसे पहले सभी के कागजातों की स्क्रूटनी (जांच) की गई। इसके बाद ऑनलाइन टेस्ट का आयोजन हुआ, जिसमें 30 अभ्यर्थी सफल रहे। शेष 40 अभ्यर्थी टेस्ट पास नहीं कर सके। कार्यक्रम के समापन पर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री विजय कुमार एवं अंचलाधिकारी देवीपुर खोपलाल राम ने अपने हाथों से सभी 30 सफल अभ्यर्थियों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस सौंपा।
सड़क सुरक्षा और ‘गुड समैरिटन’ कानून की दी गई जानकारी….
लाइसेंस प्रक्रिया के साथ-साथ कैंप में मौजूद नागरिकों और ग्रामीणों के लिए एक जागरूकता सत्र भी चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। इसके अलावा, सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले ‘गुड समैरिटन’ (नेक मददगार) से जुड़े नियमों और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस विशेष कैंप को सफल बनाने में मोटरयान निरीक्षक (MVI) अमित कुमार झा, प्रथम कुमार रजवार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक शिव कुमार राय, प्रखंड के कंप्यूटर ऑपरेटर और परिवहन कार्यालय के अन्य कर्मियों की मुख्य भूमिका रही।
