झारखंड की आवाज

रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: रजरप्पा मंदिर जा रहे एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत, चार बच्चे भी शामिल -

रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: रजरप्पा मंदिर जा रहे एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत, चार बच्चे भी शामिल

रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर आधी रात के बाद हुआ दर्दनाक हादसा, नालंदा से दर्शन करने निकला परिवार उजड़ गया; एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की जान चली गई। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज रामगढ़ सदर अस्पताल में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के रहने वाले एक परिवार के 14 सदस्य स्कॉर्पियो में सवार होकर रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर (रजरप्पा) में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब दो बजे रामगढ़ के कुजू थाना क्षेत्र अंतर्गत पैंकी गांव के समीप उनकी गाड़ी एक अन्य वाहन से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल व्यक्ति का उपचार जारी है।

नालंदा जिले के रहने वाले थे सभी मृतक

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वे बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजनों को जानकारी दी गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।

दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में स्कॉर्पियो के आगे चल रहे एक अन्य वाहन से टकराने की बात सामने आई है। दुर्घटना में शामिल दूसरे वाहन की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

एक साथ 13 लोगों की मौत की इस घटना से बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव में शोक की लहर है। जिस परिवार के सदस्य मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए निकले थे, उनके लिए यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।

Leave a Reply