देवघर: राज्य स्तरीय ICT (सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी) चैंपियनशिप 2025 में देवघर जिले के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और तकनीकी कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि के लिए 28 नवंबर 2026 को उपायुक्त ने जिले के चयनित नौ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के लिए प्रोत्साहित किया गया। सम्मानित होने वालों में CM SoE मातृमंदिर की रानू कुमारी (कक्षा 12वीं) एवं साक्षी प्रिया (कक्षा 11वीं), R. Mitra CM SoE देवघर के अभिषेक कुमार दत्ता (कक्षा 11वीं) एवं सुधांशु कुमार (कक्षा 12वीं), UPG +2 विद्यालय सरसा, पालोजोरी के तरुण दास (कक्षा 10वीं), राजकीयकृत +2 विद्यालय मोहनपुर हाट के साजन कुमार मंडल (कक्षा 9वीं), आरबीजे पीएस +2 उच्च विद्यालय बभनगामा, सारठ के प्रीतम कुमार सिंह (कक्षा 11वीं), +2 विद्यालय सारवां की संध्या रानी (कक्षा 10वीं) तथा अंचीदेवी बालिका +2 उच्च विद्यालय मधुपुर की रितिका कुमारी मिश्रा (कक्षा 9वीं) शामिल हैं।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान, रचनात्मक सोच, नवाचार और डिजिटल दक्षता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वर्तमान समय में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी का ज्ञान शिक्षा के साथ-साथ भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने के लिए भी काफी उपयोगी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने और नई तकनीकों के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस सम्मान से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा और अन्य छात्र-छात्राओं को भी ICT के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
देवघर जिले की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से सभी सम्मानित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं ICT इंस्ट्रक्टर को बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।
