कुडू – लोहरदग़ा // लोहरदगा – चंदवा मुख्य मार्ग शंख लुकैया पथ पर कुडू थाना क्षेत्र के दुबांग मोड़ के समीप मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक जेएच 08जी 3734 और बोलेरो जेएच 01एजी 5355 के बीच जोरदार टक्कर में बोलेरो सवार कई लोग घायल हो गए।
शादी समारोह से लौट रहे परिवार हादसे का शिकार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग बालूमाथ से शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर सिसई गुमला लौट रहे थे। इसी दौरान दुबांग मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों में चीख – पुकार मच गई। इस हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है, हालांकि कई लोगों को चोटें आई हैं।
