झारखंड की आवाज

- Page 14 of 100 -

साइबर के गढ़ में साईबर अपराध नियंत्रण कक्ष की होगी स्थापना एसपी ने स्थल का किया निरक्षण

देवघर // पुलिस अधीक्षक, देवघर श्री सौरभ (भा०पु०से०) द्वारा साईबर अपराध की रोकथाम के दृष्टिकोण से मधुपुर अनुमण्डल अंतर्गत मारगोमुण्डा, करौं एवं मधुपुर थाना के साईबर प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया गया। इस दौरान साईबर अपराध के नियंत्रण के दृष्टिकोण से पुलिस अधीक्षक, देवघर के द्वारा करौं थाना क्षेत्र के जगाडीह, करहैया, नागादरी, तुलसीटांड तथा मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र के पिपरा, खरजोरी, कानो, महुआटांड, चमरबीघा, दुधानी, पंचरूखी, मुरलीपहाडी, जोगीडीह आदि गांवों का भ्रमण किया गया। इस क्रम में साईबर अपराध नियंत्रण हेतु करौं थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगाडीह में प्रस्तावित TOP (साईबर अपराध नियंत्रण कक्ष) की स्थापना हेतु चयनित स्थल का निरीक्षण किया गया। इसके अलावे मधुपुर थाना क्षेत्र के साईबर अपराध प्रभावित क्षेत्रों में भी TOP (साईबर अपराध नियंत्रण कक्ष) की स्थापना के संबंध में भी चर्चा की गई। इस दौरान मौके पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (साईबर अपराध), देवघर श्री राजा कुमार मित्रा, देवघर, पु०अ०नि० शशि कपूर, थाना प्रभारी मारगोमुण्डा थाना, पु०अ०नि० दीपक कुमार भारती, थाना प्रभारी करौं थाना उपस्थित थे।

आरपीएफ ने सीतारामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चोरी करने वाला चोर को पकड़ा

रेलवे सुरक्षा बल और अपराध रोकथाम तथा अपराध का पता लगाने वाली टीम ने

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत दो मोबाइल फोन बरामद किया गया

आसनसोल मंडल में सुरक्षा निगरानी बढ़ाई गई

जसीडीह // देवघर// यात्रियों की संरक्षा  बढ़ाने तथा ट्रेनों और रेलवे परिसर में चोरी को रोकने के लगातार प्रयास में पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल ने अपराध रोकथाम और अपराध का पता लगाने वाली टीम आसनसोल के साथ मिलकर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत सीतारामपुर रेलवे स्टेशन पर एक अपराधी को पकड़ा और दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए।

23 जनवरी 2026 को, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीतारामपुर और अपराध रोकथाम और अपराध का पता लगाने वाली टीम के जवान सीतारामपुर स्टेशन पर नियमित गश्त पर थे। गश्त के दौरान, उन्होंने देखा कि एक संदिग्ध व्यक्ति प्लेटफॉर्म नंबर 03 के पास हावड़ा-अमृतसर मेल से कूद रहा था, जबकि ट्रेन धीरे चल रही थी। नीले रंग का बैग लिए वह व्यक्ति स्टेशन के हावड़ा छोर की ओर बढ़ा और सुरक्षा कर्मचारियों को देखकर भागने की कोशिश की।

संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए सतर्क टीम ने तुरंत उसका पीछा किया और सीतारामपुर रेलवे रिले इंटरलॉकिंग केबिन के पास उसे पकड़ लिया। उसके बैग की तलाशी लेने पर दो इस्तेमाल किए हुए मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें एक ऐपल आई फोन और एक रियलमि एंड्रॉयड मोबाइल फोन शामिल था।

पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने ट्रेनों में की गई चोरियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी पहचान रोशन मुखिया, उम्र 22 साल, जिला सहरसा, बिहार के निवासी के रूप में हुई। पकड़े गए व्यक्ति को, बरामद मोबाइल फोन और संबंधित दस्तावेजों के साथ आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए सरकारी रेलवे पुलिस स्टेशन, आसनसोल को सौंप दिया गया।

पूर्व रेलवे का आसनसोल मंडल यात्रियों की यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा, संरक्षा और विश्वास सुनिश्चित करने के लिए ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत नियमित गश्त, निगरानी और विशेष सुरक्षा अभियान चला रहा है।

कैरव गांधी मामले को लेकर डीजीपी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

पूर्वी सिंहभूम // झारखंड की डीजीपी ताताशा मिश्रा आज जमशेदपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने लापता उद्यमी कैरव गांधी मामले को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। यह बैठक एसपी आवास में करीब एक घंटे तक चली, जिसमें जिले के तीनों एसपी, डीएसपी और कई थाना प्रभारियों को शामिल किया गया।

बैठक के दौरान उद्यमी कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी को लेकर गहन चर्चा की गई। जिला पुलिस कप्तान ने दावा किया है कि बहुत जल्द कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर ली जाएगी। हालांकि, इस संवेदनशील मामले पर उन्होंने ज्यादा विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया।

डीजीपी ताताशा मिश्रा ने इस दौरान पुलिस तंत्र को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में बढ़ रही चोरी, छिनतई और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कैरव गांधी अपहरण मामले में हनी ट्रैप और फिरौती की एंगल से भी जांच की जा रही है। हर पहलू पर पुलिस गंभीरता से छानबीन कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस पूरे मामले में कब तक बड़ी सफलता हासिल करती है।

अपहरण के दोषी को 7 साल की सजा और 20 हजार रुपए का लगाया जुर्माना

देवघर// नाबालिग किशोरी के अपहरण मामले में स्पीडी ट्रायल के तहत एडीजे तृतीय सह पॉक्सो एक्ट स्पेशल जज राजेंद्र कुमार सिन्हा ने दोषी को सख्त सजा सुनायी है। अदालत ने अभियुक्त पप्पू राउत उर्फ पंकज को अपहरण का दोषी पाते हुए सात वर्ष की सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया है। इसके अलावा 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया, जो पीड़िता को देय होगा। सजायाफ्ता अगर जुमनि की राशि का भुगतान नहीं करता है, तो अलग से एक वर्ष की सश्रम कैद की सजा काटनी होगी। सजा पाने वाला अभियुक्त जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना के आंबेडकर नगर का रहने वाला है और इसके विरुद्ध नाबालिग किशोरी की मां के बयान पर सोनारायठाढ़ी थाना में 19 मई 2024 की घटना को लेकर एफआइआर दर्ज हुआ था। इसमें शादी की नीयत से 17 वर्षीय लड़की का अपहरण कर ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष से घटना के समर्थन में 11 लोगों ने अदालत के समक्ष गवाही दी और अभियोजन पक्ष के विशेष लोक अभियोजक सुनील कुमार सिंह दोष सिद्ध कराने में सफल रहे। बचाव पक्ष से अधिवक्ता अमन कुमार ने पक्ष रखा, लेकिन दोषमुक्त कराने में विफल रहे। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद स्पेशल कोर्ट ने सिर्फ अपहरण की धाराओं में दोषी पाकर उपरोक्त सजाएं सुनायी व जुर्माना लगाया। इस मामले का स्पीडी ट्रायल हुआ व महज 20 माह के अंदर पीड़िता को न्याय मिला।

डालसा का जागरूकता कार्यक्रम आवासीय विद्यालय के बच्चियों उनके अधिकार के बारे बताया

देवघर// राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष कौशल किशोर झा के निर्देषानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिर संदीप निशित बारा की उपस्थित में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय मारगोमुण्डा देवघर, ऑब्जरवेशन होम देवघर, चरकी पहाड़ी, KGBV सारवां, सोनारायठाड़ी में जागरूकता कार्यक्रम किया गया । झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में खुद डालसा सचिव संदीप निशित बारा उपस्थित होकर वहां के बच्चों को जागरूक किया और उनके अधिकारों के बारे में विस्तार बताया ,जिसमे विद्यालय के बच्चों के साथ वहां के अध्यापक गन, LADC चीफ सज्जन कुमार मिश्र,डालसा कार्यालय अधीक्षक संजय प्रसाद सिन्हा, PLV संजीत मरांडी,महादेव मुर्मू आदि मौजूद थे।

देवघर मंडल कारा में कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का हुआ उद्घाटन, कैदियों को मिलेगा लाभ

देवघर // इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर द्वारा अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा के नेतृत्व में देवघर मंडल कारा में कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन जिला न्यायाधीश कौशल किशोर झा द्वारा किया गया । साथ में कारा एवं न्यायालय के पदाधिकारी उपस्थित थे। बंद कैदियों को कंप्यूटर का ट्रेनिंग देने हेतु इनर व्हील क्लब की ओर से चार कंप्यूटर सेटअप दिया गया जिला जज ने कहा कि कंप्यूटर की ट्रेनिंग से अपराध की पुनरावृति को भी कम किया जा सकता है कैदी प्रशिक्षित होकर बाहर निकल कर रोजगार प्राप्त कर सकते हैं । एवं क्लब द्वारा दिए गए चार कंप्यूटर के लिए क्लब के सदस्यों को बहुत धन्यवाद कहा अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा ने बताया कि क्लब द्वारा ऐसे काम किए जा रहे जिससे समाज का अंतिम व्यक्ति लाभान्वित हो सके अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा ने कहा यह कार्यक्रम कैदियों को समाज की मुख्य धारा में वापस लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस कार्यक्रम का लक्ष्य तकनीकी शिक्षा के माध्यम से कैदियों को आत्मनिर्भर बनाना है । इस कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा कोषाध्यक्ष श्वेता केशरी रश्मि रंजन झा सारिका साह सीमा मुंद्रा आदि सदस्य शामिल हुए ।

भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष का देवघर आगमन कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

देवघर // भारतीय जनता पार्टी देवघर जिला में झारखंड प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष का आगमन बाबा बैजनाथ की नगरी एक्सक्लूसिव गार्डन में हुआ नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत देवघर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने अंग वस्त्र पुष्प गुछ देकर उनका स्वागत किया ।

प्रदेश अध्यक्ष के साथ संथाल के प्रमंडल प्रभारी बालमुकुंद सहाय प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम विधायक देवेंद्र कुमार पूर्व विधायक रणधीर सिंह पूर्व विधायक नारायण दास जिला प्रभारी सत्येंद्र सिंह गंगा नारायण सिंह सभी अतिथियों ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए सभी कार्यकर्ताओं ने अपने प्रदेश अध्यक्ष का अंग वस्त्र पुष्प कुछ देकर स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा बीभी जी राम जी कार्यशाला को भी संबोधित किया अपने संबोधन में कहा बीभी जी राम जी भारत सरकार ने नई बिल पारित किया है बल्कि नई बिल नहीं मनरेगा का नाम बदलकर जी राम जी किया है जो विकसित भारत गारंटी और रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण है।

उन्होंने कहा कि मनरेगा में कांग्रेस की सरकार ने और वर्तमान में झारखंड की सरकार ने इसको बदनाम करने का काम किया है इसलिए इसके नाम की सुधार की आवश्यकता था बाकी उसमें और भी सुधार किया गया है जो 100 दिन की रोजगार की गारंटी थी अब उसे 125 दिन किया गया और 15 दिन में काम नहीं मिलने पर उसको भत्ता के रूप में भी दिया जाएगा।

कांग्रेस जनता को गुमराह करने का काम कर रहा है

लेकिन भाजपा के विरोधी दल वाले कांग्रेस के लोग इसे यहां के जनता को गुमराह करने का काम कर रहा है, यहां की जनता को दिगभ्रमित करने का काम कर रहा है। यह फैला रहा है की नाम बदलकर यहां के रोजगार को खत्म करने की व्यवस्था किया जा रहा है लेकिन ऐसी बात नहीं है, नाम तो कांग्रेस के समय में भी बदला गया नरेगा का नाम बदलकर मनरेगा किया गया तब तो भाजपा के लोगों ने विरोध नहीं किया। यह तो मनरेगा के माध्यम से विकास तो किया नहीं मनरेगा का बजट कहां गया जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है लेकिन यह जी राम जी का बिल मजबूती के साथ लागू किया जाएगा। मैं बताना चाहता हूं कि मनरेगा का नाम सिर्फ बदला गया है बाकी पहले से अच्छा उसमें सुधार किया गया है यहां की जनता इन कांग्रेसी गठबंधन के जाल में फसाने वाला नहीं है ।

देवघर में पहली बार 25 से 31 जनवरी तक होगा सरस मेला का आयोजन : उपायुक्त

उपायुक्त की अध्यक्षता में पलाश आजीविकोत्सव सरस मेला के सफल संचालन को लेकर बैठक का आयोजन

देश के विभिन्न राज्यों की दीदियों द्वारा पलाश आजीविकोत्सव सरस मेला में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे

पलाश आजीविकोत्सव सरस मेला के सफल संचालन को लेकर विभिन्न कोषांग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया

देवघर // पलाश आजीविकोत्सव सरस मेला को लेकर देवघर परिसदन के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने सरस मेला को लेकर की जाने वाली विभिन्न तैयारियों की बिन्दुआर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि 25 से 31 जनवरी तक सरस मेले का आयोजन को लेकर किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।

इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त ने पलाश आजीविकोत्सव सरस मेला को लेकर बनाए गए विभिन्न कोषांगों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए मेले को लेकर विभिन्न राज्यों से आने वाली दीदियों के आवासन, परिवहन, पार्किंग, स्वच्छता एवं पेयजल, प्रचार-प्रसार, स्वास्थ्य, उद्घाटन एवं समापन कार्यक्रम, स्टॉल प्रबंधन, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रबंधन, कंट्रोल रूम तथा विद्युत व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया, ताकि ससमय कार्यो को पूर्ण किया जा सके।

रांची की अल्फा टोप्पो ने लंदन में गूंजाया ‘जोहार’, झारखंड का नाम किया रोशन

लंदन में एक अलग स्वर गूंजा—‘जोहार’ । यह स्वर था रांची की अल्फा टोप्पो का, जिन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस (LSE) के मुख्यमंत्री और उनके प्रतिनिधि मंडल के समक्ष जोरदार संबोधन देकर न केवल अपना, बल्कि पूरे झारखंड का मान बढ़ाया। पिस्का नगड़ी के कोलांबी गांव की इस साधारण पृष्ठभूमि वाली आदिवासी बेटी ने अंतरराष्ट्रीय शिक्षा जगत में झारखंड का परचम लहरा दिया है।

ब्रिटिश सरकार द्वारा वित्तपोषित प्रतिष्ठित चेवनिंग स्कॉलरशिप मिलना उनके संघर्ष और दृढ़ संकल्प का जीता-जागता प्रमाण है।

अल्फा को पब्लिक पॉलिसी में मास्टर्स डिग्री के लिए स्कॉलरशिप प्रदान की गई है,पढ़ाई पूरी कर वे भारत लौटेंगी और झारखंड की धरती पर ही अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करेंगी। उनके संबोधन में ‘जोहार’ शब्द ने विदेशी मंच पर आदिवासी संस्कृति की मिठास घोल दी, जो न केवल गर्व का विषय है, बल्कि उन लाखों हाशिए पर जी रहे लोगों के लिए आशा की किरण भी।

अल्फा ने अपने संबोधन में भावुक होकर कहा, “आदिवासी समुदाय का जल, जंगल और जमीन से गहरा जुड़ाव मुझे यह एहसास दिलाता है कि हाशिए पर खड़े लोगों की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों का समाधान शिक्षा के माध्यम से ही संभव है। “उनके शब्दों में कोलांबी गांव की मिट्टी की सोंधी खुशबू महसूस हो रही थी—वह गांव जहां जंगलों की छांव में बचपन बीता, जहां नदियों का कलकल प्रवाह जीवन का संगीत था। अल्फा का यह सफर मात्र व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि झारखंड के आदिवासी युवाओं के लिए एक मिसाल है, जो बताता है कि गांव की गलियों से निकलकर वैश्विक पटल पर पहुंचा जा सकता है।

शिक्षा के इस सफर में अल्फा ने पहले संत जेवियर्स कॉलेज, रांची से स्नातक किया, फिर टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS), मुंबई से उच्च शिक्षा प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने छात्र संघ चुनाव जीतकर महासचिव का पद संभाला, जो उनकी नेतृत्व क्षमता का प्रारंभिक प्रमाण था। आज लंदन में उनका संबोधन उसी जज्बे का विस्तार है।इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके मित्र, सोशल एक्टिविस्ट और आदिवासी नेता अनिल अमिताभ पन्ना ने फोन पर जोरदार बधाई दी। उन्होंने कहा, “अल्फा की यह सफलता झारखंड के आदिवासी समाज के लिए गौरव का क्षण है। यह साबित करती है कि शिक्षा ही वह सेतु है जो जंगल-जमीन से संसदों तक ले जाती है।” अनिल जी का यह संदेश न केवल बधाई है, बल्कि आने वाले कल के लिए प्रेरणा भी। अल्फा टोप्पो की कहानी हमें याद दिलाती है कि झारखंड का कोलांबी जैसे गांव प्रतिभाओं का खजाना हैं। चेवनिंग स्कॉलरशिप जैसी मान्यता न केवल उनके सपनों को पंख देती है, बल्कि पूरे राज्य को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करती है। आने वाले समय में अल्फा जब झारखंड लौटेंगी, तो उनका ज्ञान हाशिए के लोगों के उत्थान में सहायक बनेगा। ‘जोहार’ अब सिर्फ अभिवादन नहीं, एक क्रांति का नारा बन चुका है।

डीसी और एसपी ने मधुपुर स्ट्रांग रूम और काउंटिंग हॉल का किया निरीक्षण

देवघर // जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री नमन प्रियेश लकड़ा व पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ ने संयुक्त रूप से मधुपुर नगर परिषद चुनाव को लेकर महिला महाविद्यालय, मधुपुर में बनाए जाने वाले स्ट्रांग रूम और मतगणना सेंटर का निरीक्षण कर जायजा लिया।

इस दौरान स्ट्रांग रूम केन्द्रों के भीतर एवं बाहर की सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक की जाने वाली तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान मतदान के उपरांत मतदान दल के स्ट्रांग रूम में वापसी, सुगमतापूर्वक रिसिविंग, लगाए जाने वाले टेबल, एजेंट की एंट्री, मतगणना कक्ष, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

इस दौरान मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल एवं संबंधित अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थें।

उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने नवनिर्मित समाहरणालय भवन का किया निरिक्षण

उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने नवनिर्मित समाहरणालय भवन का निरिक्षण कर संबंधित एजेंसी व कार्यपालक अभियंता को दिया महत्वपूर्ण आदेश

नए समाहरणालय भवन को हैंडओवर से पूर्व पूर्ण रूप से करे दुरुस्त:- उपायुक्त

देवघर// उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ ने चरकी पहाड़ी स्थित नव निर्मित समाहरणालय भवन का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने हैंडओवर से पूर्व भवन निर्माण विभाग से नए समाहरणालय हेतु तैयार डीपीआर की तर्ज पर पूर्ण कार्यो का अवलोकन करते हुए संबंधित एजेंसी व कार्यपालक अभियंता को को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।

इसके अलावे उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यों की गुणवता की जांच करते हुए शेष बचे कार्यो को पूर्ण करने का निदेश संबंधित कार्यपालक अभियंता व एजेंसी के अधिकारियों को दिया। आगे उपायुक्त ने नये समाहरणालय भवन के अन्तर्गत विभिन्न तल्लो पर कार्यालय कक्ष, मीटिंग हॉल व अन्य कमरों के पूर्ण कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।

किराए के मकान में रहकर करता था साइबर ठगी 4 को किया गिरफ्तार लैपटॉप और मोबाइल बरामद

देवघर // देवघर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर बरमसिया स्थित गीता कुंज आवास में छापेमारी किया छापेमारी से पुलिस को पता चला कि ये सभी भाड़े में रहकर ऑनलाइन गेंमिंग जैसे Diamond exchange book, Hitman book एवं Lotus book, के माध्यम से Teenpati, Andar bahar, Rummy Circle, Avitaor, Jetx, Cricket, Hockey, football, Horse racing, Politics, kabaddi, nternational Casino, Volleyball इत्यादि में आम लोगों से सट्टेबाजी (जुए) में पैसा लगवाकर ठगी करता है। पुलिस ने पूछताछ कर मोबाइल लैपटॉप की जांच किया और साइबर फ्रॉड के सबूत मिलने पर 04 (चार) अभियुक्त को गिरफ्तार किया ।

गिरफ्तार अभियुक्त का नाम व पता

  • संदीप कुमार यादव उम्र करीब 22 वर्ष पिता लक्ष्मण यादव सा० बड़वासनी थाना कटोरिया
  • राजेश कुमार यादव उम्र करीब 26 वर्ष पिता गुलाबी यादव सा० कालोथर
  • सुदीप कुमार उम्र करीब 25 वर्ष पिता लक्ष्मण यादव सा० बड़वासनी थाना कटोरिया
  • रमेश कुमार उम्र करीब 25 वर्ष पिता महेन्द्र यादव सा० बड़वासनी थाना कटोरिया सभी जिला बंका बिहार

बरामद सामग्री

मोबाइल 7 , सिम 11 और 2 लैपटॉप

सारंडा में मुठभेड़, नक्सलियों के गढ़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई

पश्चिम सिंहभूम // चाईबासा के सारंडा जंगल में गुरुवार, 22 जनवरी की सुबह नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। यह मुठभेड़ छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा–कुमडीह गांव के बीच स्थित दुर्दूरा जंगल में हुई, जहां सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान चला रही थी।

जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे से गोलीबारी शुरू हुई, जो कई घंटों तक चली। ग्रामीणों ने एके-47, इंसास और अन्य ऑटोमैटिक हथियारों से फायरिंग की आवाजें कई किलोमीटर दूर तक सुनने की बात कही है।

इलाके में चर्चा है कि इस मुठभेड़ में करीब 10 नक्सली मारे गए हैं, हालांकि पुलिस और सीआरपीएफ ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूत्रों के अनुसार 50 लाख रुपये का इनामी टॉप नक्सली कमांडर भी मारा गया हो सकता है। फिलहाल दुर्दूरा जंगल और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और पूरे इलाके में अलर्ट घोषित किया गया है।

Deoghar Breaking News। ट्रेन और ट्रक में जोरदार टक्कर

देवघर // जिला के रोहणी नावाडीह फाटक हावड़ा-जसीडीह रेल मार्ग पर गुरुवार की सुबह ट्रक और ट्रेन की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन बाइक के साथ दो लोग भी चपेट में आया हालांकि किसी तरह की कोई हताहत की खबर नहीं है। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। ट्रेन और ट्रक की टक्कर के कारण देवघर एम्स का मुख्य मार्ग और हावड़ा जसीडीह रेल मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया। घटना गुरुवार की सुबह करीब 9:30 बजे हुई। फिलहाल ट्रैक को सही करने का कार्य जारी है मौके पर जसीडीह थाना की पुलिस भी ट्रैफिक कंट्रोल करने में जुटी हुई है।

मधुपुर थानांतर्गत आपत्तिजनक वीडियो मामले में एक गिरफ्तार, छापेमारी जारी

देवघर // पुलिस ने मधुपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और विद्वेष फैलाने के मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर (मधुपुर थाना कांड संख्या 12/26) के बाद हुई छापेमारी के दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति पर आरोप है कि उसने लालगढ़ में हुई एक छोटी घटना के संदर्भ में बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिससे सामाजिक सौहार्द्र बिगड़ने का खतरा पैदा हुआ।

बाकी अभियुक्तों की तलाश जारी:

देवघर पुलिस एफआईआर में नामजद चार अभियुक्तों और कई अन्य संदिग्ध सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। शेष अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी है। देवघर पुलिस ऐसे सभी तत्वों का पता लगाकर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। देवघर पुलिस की अपील देवघर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक या समाज में फूट डालने वाली सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा न करें और न ही फॉरवर्ड करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जिम्मेदारी से सोशल मीडिया उपयोग जरूरी : यह मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार और सूचना साझा करने की अहमियत को रेखांकित करता है। देवघर पुलिस नागरिकों से सतर्क रहने और कानून का पालन करते हुए साइबर स्पेस को साफ-सुथरा रखने में सहयोग देने का आग्रह करती है।

देवघर पुलिस की साफ चेतावनी

विद्वेष फैलाने वालों को नहीं मिलेगी कोई छूट मधुपुर में सोशल मीडिया के जरिए विद्वेष फैलाने के मामले में देवघर पुलिस सभी असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देती है। सोशल मीडिया को विद्वेष फैलाने का हथियार बनाने वालों के लिए अब कोई सुरक्षित जगह नहीं है। पुलिस की निगाहें हर उस गतिविधि पर हैं जो समाजिक सद्भाव को तोड़ने की कोशिश करती है।

चेतावनी विद्वेष फैलाने वाली किसी भी सामग्री के निर्माण, प्रसारण या शेयर करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी धाराओं में होगी कार्रवाई। हर डिजिटल फुटप्रिंट पर नजर, फिर चाहे वह अकाउंट कितना भी गुमनाम क्यों न हो। केवल पोस्ट करने वाला ही नहीं, बल्कि उसे जानबूझकर शेयर करने और वायरल करने में सहयोग करने वाले हर व्यक्ति पर कार्रवाई। ऐसे मामलों में त्वरित जांच और तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

देवघर की शांति और भाईचारे को तोड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शेंगे नहीं जायेंगे । आज का एक गिरफ्तार व्यक्ति इसकी शुरुआत भर है। देवघर पुलिस हर संभावित दिशा में कार्रवाई कर रही हैं।

नागरिकों से अपील : पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे सोशल मीडिया पर सतर्क, सजग और जिम्मेदार बने रहें। किसी भी प्रकार की विवादास्पद या हिंसा भड़काने वाली सामग्री को न तो बनाएं, न शेयर करें, न ही प्रोत्साहित करें। याद रखें: साइबर स्पेस पर की गई हर गलती की कीमत आपको भुगतनी पड़ सकती है। कानून की पकड़ अब हर डिजिटल गलत कदम तक पहुंच चुकी है।देवघर पुलिस