झारखंड की आवाज

-

सोनू राउत मौत मामला: विधायक देवेंद्र कुंवर समेत 9 लोगों पर हत्या का आरोप, आवेदन में पत्नी-बेटा-बहू सहित इन लोगों के नाम

IMG 20260826 092540

दुमका/जरमुंडी । जरमुंडी के भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के यहां रसोइए के रूप में काम करने वाले सोनू राउत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला अब गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर विधायक देवेंद्र कुंवर समेत कुल 9 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

1005289403

आवेदन में कहा गया है कि सोनू ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

परिजनों के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 की रात नोनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर के एक कमरे में सोनू राउत का शव पंखे से लटका हुआ मिला था। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के शरीर पर मिले कथित निशानों को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

आवेदन में विधायक सहित 9 लोगों को बनाया गया आरोपी

मृतक के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन में विधायक देवेंद्र कुंवर के अलावा उनके परिवार और निजी स्टाफ से जुड़े लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। आवेदन में दर्ज विवरण के अनुसार नामजद आरोपियों में विधायक, उनकी पत्नी, बेटा, बहू, विधायक के साले/रिश्तेदार तथा निजी चालक और निजी स्टाफ से जुड़े लोगों का उल्लेख है।

आवेदन में जिन नामों का उल्लेख स्पष्ट रूप से किया गया है, उनमें देवेंद्र कुंवर, देवेंद्र कुंवर की पत्नी, बेटा रवि कुमार उर्फ कटारी , रवि कुमार की पत्नी, मिथलेश कुमार सिंह, मिथलेश कुमार सिंह की पत्नी, मिथलेश कुमार सिंह का बेटा , विधायक का निजी चालक और स्टाप शामिल है।

आत्महत्या नहीं, हत्या का लगाया आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि सोनू की मौत को आत्महत्या बताने की कोशिश की गई है। उनका कहना है कि घटना की परिस्थितियां और शरीर पर मिले कथित निशान सामान्य आत्महत्या की कहानी पर सवाल खड़े करते हैं। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की बारीकी से जांच, घटनास्थल की जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने की मांग की है।

पुलिस जांच से सामने आएगा मौत का सच

सोनू राउत की मौत को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियां, मोबाइल एवं अन्य साक्ष्य तथा मृतक और आरोपियों से जुड़े तथ्यों की जांच महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल परिजनों के आरोपों ने इस मौत के मामले को गंभीर बना दिया है।

राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने की बैठक

IMG 20260825 221613 scaled

देवघर // आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत, 12 सितंबर 2026 के सफल आयोजन को लेकर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कौशल किशोर झा की अध्यक्षता में उनके सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में विशेष रूप से बैंक से जुड़े मामलों के निपटारे पर जोर दिया गया। बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बैंक ग्राहकों को अपने बकाया ऋण एवं अन्य संबंधित मामलों के निपटारे में कई तरह की राहत मिल सकती है। बैंक और ग्राहक आपसी सहमति एवं बातचीत के आधार पर विवादों का समाधान कर सकते हैं।

बैंक ग्राहकों को मिल सकते हैं ये प्रमुख लाभ

ब्याज, जुर्माना एवं अन्य शुल्क में राहत: बैंक मामलों में आपसी समझौते के आधार पर बकाया राशि पर लगने वाले ब्याज, जुर्माने एवं अन्य शुल्क में नियमानुसार छूट या राहत मिल सकती है।

आपसी समझौते से समाधान: लोक अदालत में बैंक और ग्राहक के बीच बातचीत के माध्यम से सौहार्दपूर्ण तरीके से मामले का निपटारा किया जाता है। इससे लंबे समय तक चलने वाली अदालती प्रक्रिया से राहत मिलती है।

कम खर्च में समाधान: लोक अदालत में मामलों के निपटारे के लिए सामान्य न्यायालय की तरह न्यायालय शुल्क नहीं लिया जाता है। इससे पक्षकारों को कम खर्च में विवाद का समाधान प्राप्त करने में मदद मिलती है।

समय की बचत: लोक अदालत का उद्देश्य मामलों का त्वरित समाधान करना है। इसके माध्यम से नियमित न्यायालय की लंबी प्रक्रिया की तुलना में कम समय में मामलों का निपटारा किया जा सकता है।

कानूनी मान्यता: लोक अदालत द्वारा पक्षकारों की सहमति से पारित निर्णय को कानूनी मान्यता प्राप्त होती है और वह संबंधित पक्षों पर बाध्यकारी होता है। ऐसे निर्णय के विरुद्ध सामान्यतः अपील का प्रावधान नहीं होता।

बैठक के माध्यम से बैंक अधिकारियों एवं संबंधित पक्षों से अपील की गई कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर का लाभ उठाते हुए लंबित एवं समझौता योग्य मामलों के निपटारे की दिशा में प्रभावी पहल करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्च में न्याय मिल सके।

60 दिवसीय महाअभियान का घूठिया बड़ा असहना में शुभारंभ, जरूरतमंदों को मिलेगी निःशुल्क विधिक सहायता

IMG 20260825 221719

देवघर // राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वावधान में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवघर के संयुक्त प्रयास से मंगलवार को मोहनपुर प्रखंड के घूठिया बड़ा असहना में 60 दिवसीय महाअभियान का शुभारंभ किया गया।यह अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, देवघर श्री कौशल किशोर झा के निर्देशानुसार शुरू किया गया है।

1005287646

अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही समाज के वंचित, कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, देवघर के सचिव श्री संदीप निशित बारा ने किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता एवं विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में घूठिया बड़ा असहना पंचायत के मुखिया, LADC चीफ सज्जन कुमार मिश्र, LADC असिस्टेंट अमित चंद्र, सेतु सुमन, दिलीप कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

महाअभियान के माध्यम से ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में जानकारी देकर उन्हें न्याय पाने की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

झारखंड में CEIR पोर्टल के माध्यम से एक दिन में 817 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को उपलब्ध कराई गई

IMG 20260825 220203

राँची// झारखंड पुलिस द्वारा गुम/खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी एवं उनके वास्तविक धारकों को वापस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। CEIR पोर्टल के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों में गुम/खोए मोबाइल फोन को ट्रेस कर वास्तविक मोबाइल धारकों को उपलब्ध कराने की कार्रवाई लगातार की जा रही है।

IMG 20260825 220230

प्राप्त निर्देश के आलोक में आज दिनांक 25.08.2026 को राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 817 मोबाइल फोन वास्तविक धारकों को उपलब्ध कराई गई है l मोबाइल फोन वापस मिलने से आम नागरिकों के चेहरे पर खुशी और संतोष की मुस्कान देखने को मिली है। ये उनके लिए न केवल आर्थिक नुकसान की भरपाई हुई है, बल्कि झारखंड पुलिस के प्रति विश्वास और भरोसा भी और मजबूत हुआ है।

जिला-वार विवरण निम्नवत है—

  • रांची – 100
  • गुमला – 24
  • लोहरदगा – 14
  • खूंटी – 53
  • सिमडेगा – 128
  • जमशेदपुर – 28
  • चाईबासा – 33
  • सरायकेला – 04
  • गढ़वा – 57
  • लातेहार – 24
  • बोकारो – 78
  • धनबाद – 29
  • हजारीबाग – 07
  • चतरा – 18
  • रामगढ़ – 59
  • गोड्डा – 18
  • जामताड़ा – 37
  • साहेबगंज – 106

कुल – 817 मोबाइल फोन

CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की बरामदगी एवं वास्तविक धारकों तक उसकी सुपुर्दगी से आम नागरिकों को अपने गुम अथवा खोए मोबाइल फोन वापस प्राप्त करने में काफी सहायता मिल रही है। झारखंड पुलिस द्वारा इस अभियान को आगे भी प्रभावी रूप से जारी रखते हुए अधिक से अधिक गुम/खोए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके वास्तविक धारकों को उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

देवघर में भू-अर्जन मामलों के त्वरित निपटारे को लेकर विशेष कैंप, मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का उपायुक्त का निर्देश

IMG 20260825 212034

देवघर // राजकीय श्रावणी मेला समाप्ति के बाद देवघर जिले में भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे को लेकर जिला प्रशासन विशेष अभियान चलाएगा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने जनता दरबार के दौरान संबंधित अधिकारियों को विशेष कैंप आयोजित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

IMG 20260825 212048

जनता दरबार में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, जमीन से जुड़े मामलों सहित पेंशन, आवास, राशन कार्ड और झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से संबंधित समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों की भौतिक जांच कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।

मेला के बाद भू-अर्जन मामलों के लिए लगेगा विशेष कैंप

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि राजकीय श्रावणी मेला के बाद DLAO (जिला भू-अर्जन पदाधिकारी) कार्यालय द्वारा भू-अर्जन, मुआवजा वितरण एवं जमीन से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए विशेष कैंप लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रैयतों को मुआवजे की राशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड के लिए भी विशेष कैंप

आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला समाप्ति के बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष नागरिक सेवा कैंप आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया है। इन कैंपों में छूटे हुए लोगों का जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के साथ-साथ नए आधार कार्ड, बायोमेट्रिक अपडेट तथा नाम-पता में सुधार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को कैंप का शेड्यूल मेला समाप्ति के बाद जारी करने तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इन सेवाओं का लाभ मिल सके।

एक सप्ताह में मांगी जाएगी कार्रवाई की रिपोर्ट

जनता दरबार में प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर उपायुक्त ने अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर जल्द से जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर शिकायतों पर की गई कार्रवाई की प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि शिकायतों के निष्पादन की नियमित निगरानी की जा सके।

जिला प्रशासन का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल और सुगम तरीके से पहुंचाना है।

देवघर में चोरी का ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

IMG 20260824 164005

देवघर। मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की बरामदगी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:15 बजे पुलिस अधीक्षक, देवघर को गुप्त सूचना मिली थी कि चुल्हिया हाई स्कूल के समीप पहाड़ी के पास एक व्यक्ति चोरी के लाल रंग के महिन्द्रा ट्रैक्टर और होंडा साइन मोटरसाइकिल को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है।

IMG 20260824 164013

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया। इस दौरान बिना रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित लाल रंग का महिन्द्रा ट्रैक्टर और रजिस्ट्रेशन नंबर घिसी हुई होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस ने चोरी के वाहनों को बेचने का प्रयास कर रहे प्रमोद कुमार उर्फ प्रमोद कुमार यादव, पिता शंकर यादव, निवासी पिरामोह, थाना मोहनपुर, जिला देवघर को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 140/2026, दिनांक 24 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4)/317(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

बरामद सामान

  • चोरी का एक लाल रंग का महिन्द्रा ट्रैक्टर, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं है।
  • चोरी की एक होंडा साइन मोटरसाइकिल, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर घिसा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपी

प्रमोद कुमार उर्फ प्रमोद कुमार यादव, पिता शंकर यादव, ग्राम पिरामोह, थाना मोहनपुर, जिला देवघर।

छापामारी दल

  • पु०अ०नि० संदीप कृष्णा, थाना प्रभारी, मोहनपुर थाना
  • पु०अ०नि० मनेन्द्र कुमार, मोहनपुर थाना
  • स०अ०नि० मुकेश कुमार सिंह, मोहनपुर थाना
  • स्थानीय चौकीदार

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध तालझारी थाना कांड संख्या 46/2026, दिनांक 19 अगस्त 2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत भी मामला दर्ज है।

बाबा बैद्यनाथ धाम में अंतिम सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 2026 में 25 दिनों में 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

IMG 20260824 062805

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 की चौथी और अंतिम सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। देर रात से ही कांवरियों की कतार बाबा मंदिर की ओर बढ़ती रही और पूरा बाबाधाम ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा। अंतिम सोमवारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, रूटलाइन, कतार प्रबंधन और सुगम जलार्पण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

1005277481
बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर प्रांगण का नजारा सावन की अंतिम सोमवारी

अंतिम सोमवारी से एक दिन पहले यानी 23 अगस्त तक राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 25 दिनों में 55,02,228 श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण कर चुके हैं। 22 अगस्त को 2,02,458 और 23 अगस्त को 1,87,239 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। इससे पहले 21 अगस्त तक जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 51,12,531 थी।

2025 के आंकड़े के बेहद करीब पहुंचा 2026 का आंकड़ा

2025 के राजकीय श्रावणी मेला में 28 दिनों में 55,63,100 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण किया था।

वहीं, 2026 में अभी 25 दिन ही पूरे हुए हैं और श्रद्धालुओं की संख्या 55,02,228 पहुंच चुकी है। यानी 2025 के 28-दिन के आंकड़े से अब अंतर महज 60,872 श्रद्धालुओं का रह गया है।

इस तुलना से साफ है कि 2026 में श्रद्धालुओं की आमद बेहद तेज रही है। हालांकि दोनों आंकड़ों की अवधि अलग-अलग है, इसलिए इसे वर्ष-दर-वर्ष पूरे मेले की अंतिम तुलना नहीं माना जाना चाहिए।

2026 में किस दिन कितने श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण?

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 30 जुलाई से 23 अगस्त तक बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या इस प्रकार रही—

तारीखश्रद्धालुओं की संख्या
30 जुलाई74,987
31 जुलाई1,05,179
01 अगस्त1,27,533
02 अगस्त1,51,621
03 अगस्त3,17,494
04 अगस्त1,51,373
05 अगस्त1,52,685
06 अगस्त1,85,423
07 अगस्त2,07,713
08 अगस्त2,27,691
09 अगस्त2,73,861
10 अगस्त3,69,449
11 अगस्त2,79,256
12 अगस्त2,84,456
13 अगस्त2,35,233
14 अगस्त2,31,168
15 अगस्त2,27,556
16 अगस्त2,32,147
17 अगस्त3,61,679
18 अगस्त2,39,407
19 अगस्त2,38,963
20 अगस्त2,26,747
21 अगस्त2,11,010
22 अगस्त2,02,458
23 अगस्त1,87,239
कुल55,02,228

इन आंकड़ों में सबसे अधिक भीड़ 10 अगस्त को 3,69,449 श्रद्धालुओं के साथ रही। इसके बाद 17 अगस्त को 3,61,679 और 3 अगस्त को 3,17,494 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया।

अंतिम सोमवारी को प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

अंतिम सोमवारी पर भीड़ को देखते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने रूटलाइन और मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने दंडाधिकारियों और पुलिस बल को श्रद्धालुओं के साथ ‘सेवा भाव’ से पेश आने तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

वीडियो देखने के लिए यहाँ क्लिक करें 👇👇

नंदन पहाड़, कालीबाड़ी, कुमुदिनी घोष रोड, बरमसिया, सरकार भवन, बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, जलसार मोड़ और शिवराम झा चौक सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रशासन की निगरानी जारी है।

केंद्रीय कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के माध्यम से रूटलाइन और मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल, बिजली, सूचना केंद्र और मातृत्व विश्राम गृह जैसी सुविधाओं को भी चौबीसों घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है।

मंदिर की आय में भी 2026 ने बनाया नया आंकड़ा

श्रद्धालुओं की संख्या के साथ बाबा मंदिर की आय के आंकड़े में भी 2026 में बढ़ोतरी दिखाई दे रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 2025 में 30 दिनों में मंदिर की आय ₹7,36,44,295 रही थी, जबकि 2026 में 23 दिनों में ही ₹8,23,47,741 की आय दर्ज की गई।

यानी 2026 में 23 दिनों की आय ही 2025 के 30 दिनों की आय से ₹87,03,446 अधिक हो चुकी है। यह लगभग 11.82 प्रतिशत अधिक है।

आस्था और व्यवस्था दोनों की बड़ी परीक्षा

बाबा बैद्यनाथ धाम में अंतिम सोमवारी पर उमड़ी भीड़ एक बार फिर देवघर की धार्मिक आस्था की विशालता को दिखा रही है। 2026 के आंकड़े यह भी बताते हैं कि इस वर्ष कम दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या 2025 के 28-दिन के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है।

हालांकि 24 अगस्त यानी अंतिम सोमवारी का अंतिम जलार्पण आंकड़ा अभी इस खबर में शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि उसका आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध होने के बाद ही 2026 का अंतिम कुल आंकड़ा निश्चित रूप से बताया जा सकेगा।

स्रोत: देवघर जिला जनसंपर्क कार्यालय की प्रेस विज्ञप्तियां एवं उपलब्ध प्रकाशित आंकड़े। 2025 में 28 दिनों के जलार्पण का आंकड़ा 55,63,100 जिला प्रशासन की जानकारी के आधार पर प्रकाशित हुआ था।

देवघर में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 आरोपी गिरफ्तार; 18 मोबाइल और 17 सिम बरामद

IMG 20260823 184132

देवघर // साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भापुसे) के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 9 संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तकनीकी जांच के दौरान 18 मोबाइल फोन और 17 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, साइबर उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में गठित टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ थाना क्षेत्र में कुछ युवक अलग-अलग तरीकों से लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर नौ आरोपियों को पकड़ा।

फर्जी कस्टमर केयर बनकर करते थे ठगी

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी खुद को Flipkart, Amazon Pay और Google Pay/PhonePe/Paytm के कस्टमर केयर प्रतिनिधि तथा Airtel Payment Bank के अधिकारी बताकर लोगों से संपर्क करते थे। ठगी के दौरान कैशबैक या अन्य सहायता का झांसा देकर पीड़ितों से जरूरी जानकारी हासिल की जाती थी।

इसके अलावा आरोपी PM-Kisan योजना, बिजली बिल और RTO चालान जैसे मामलों से संबंधित APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने की कोशिश करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी Airtel Payment Bank से जुड़ी सहायता के नाम पर भी लोगों को झांसे में लेते थे और Airtel Thanks ऐप के माध्यम से बैंक कार्ड बंद कराने अथवा अन्य सहायता देने का बहाना बनाकर ठगी करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में कई युवक शामिल

  • निरंजन मेहरा (32),
  • दीपक कुमार दास (21),
  • आदर्श मेहरा (18),
  • शुभम कुमार दास (18),
  • राहुल कुमार दास (19),
  • सौरभ कुमार दास (19),
  • सुमित कुमार दास (18),
  • कुंदन दास (20) और
  • उत्तम कुमार दास (29) शामिल हैं।

सभी आरोपियों का संबंध सारठ थाना क्षेत्र से बताया गया है।

18 मोबाइल और 17 सिम बरामद

तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 18 मोबाइल फोन और 17 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस इन मोबाइल और सिम कार्ड की तकनीकी जांच कर रही है। जांच के आधार पर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और घटनाओं के बारे में भी जानकारी सामने आने की संभावना है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें विभिन्न राज्यों में दर्ज होने की जानकारी भी मिली है।

दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस की प्रेस नोट के मुताबिक सौरभ कुमार दास और राहुल कुमार दास का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। दोनों पर देवघर साइबर थाना में क्रमशः कांड संख्या 53/25 और 36/25 में आरोपित होने की जानकारी दी गई है।

पुलिस की अपील

देवघर पुलिस ने आम लोगों से साइबर ठगी के मामलों में सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल न करें और कस्टमर केयर, बैंक अधिकारी या सरकारी योजना के नाम पर फोन करने वाले व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग अथवा निजी जानकारी साझा न करें।

देवघर पुलिस ने दोहराया है कि साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा को पहले से होने लगा पेट मे दर्द, दोहरी राजनीति करना बंद करें : पंकज मिश्रा

IMG 20260823 073403

साहेबगंज// झामुमो केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने शनिवार को अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता कर भाजपा पर छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी मांगों को गंभीरता से लिया गया है। जेपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर सीआईडी जांच जारी है और जांच अब जेपीएससी-1 व 2 तक पहुंच रही है।

सीबीआई जांच में कितनी गिरफ्तारियां और कार्रवाई हुई बताए भाजपा

पंकज मिश्रा ने कहा कि भाजपा सीबीआई जांच की मांग कर रही है, जबकि पूर्व की जेपीएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच में कितनी गिरफ्तारियां और कार्रवाई हुई, इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सीआईडी जांच में कई लोगों को जेल भेजा गया है, जिससे भाजपा नेता परेशान हैं। उन्होंने भाजपा पर छात्रों की आड़ में राजनीति करने और आंदोलन के दौरान बाहरी लोगों को बुलाकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया।

खनन विधेयक को लेकर भी भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाया

कहा कि सरकार उच्च न्यायालय में 15 सितंबर को अपना पक्ष मजबूती से रखेगी। पंकज मिश्रा ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ता आंदोलनकारी हैं, लेकिन लाठी-डंडे की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने केंद्र के खनन विधेयक को लेकर भी भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाया। कहा कि सात सितंबर से प्रखंड मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन कर गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। मौके पर विधायक धनंजय सोरेन, जिला अध्यक्ष अरुण सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान, समेत अन्य मौजूद थे।

SIR में उम्र और दस्तावेजों का होगा मिलान, विसंगतियों की जांच के निर्देश

IMG 20260823 071350

रांची // मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान सामने आ रही उम्र और दस्तावेजों से जुड़ी विसंगतियों को लेकर निर्वाचन विभाग ने जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रविकुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मतदाताओं से संबंधित दस्तावेजों और दर्ज उम्र का आवश्यक रूप से मिलान किया जाए, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कई मामलों में मतदाताओं की उम्र, पारिवारिक संबंध और उपलब्ध दस्तावेजों में अंतर सामने आने की बात कही गई है। कुछ मामलों में एक ही परिवार के सदस्यों के बीच दर्ज उम्र में असामान्य अंतर भी पाया गया है। वहीं, कुछ दस्तावेजों में दर्ज जानकारी और मतदाता सूची में उपलब्ध विवरण के बीच भी विसंगतियां सामने आई हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले की तथ्यात्मक जांच करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल किसी एक दस्तावेज के आधार पर निष्कर्ष निकालने के बजाय उपलब्ध प्रमाणों की समुचित जांच की जाए।

गलत या अप्रामाणिक दस्तावेजों की भी होगी जांच

SIR के दौरान यदि किसी मतदाता के दस्तावेज गलत, अपूर्ण अथवा संदिग्ध पाए जाते हैं, तो उनकी भी जांच की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि आवश्यक प्रमाण उपलब्ध होने के बाद ही मतदाता सूची में किसी प्रकार का सुधार या परिवर्तन किया जाए।उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना चाहिए और किसी भी वास्तविक मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही, गलत तरीके से दर्ज नाम या अप्रामाणिक जानकारी को भी जांच के बाद नियमानुसार दुरुस्त किया जाना जरूरी है।

परिवार के सदस्यों की उम्र में असामान्य अंतर पर विशेष ध्यान

जांच के दौरान ऐसे मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है, जहां एक ही परिवार के सदस्यों की उम्र में असामान्य अंतर दिखाई देता है। अधिकारियों को संबंधित मतदाता और परिवार से आवश्यक जानकारी लेकर उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया है।

के. रविकुमार ने अधिकारियों से कहा कि SIR की प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक आपत्ति और विसंगति का समाधान नियमों के अनुरूप किया जाए। जांच के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाए, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रह सके।

पारदर्शिता के साथ पूरा होगा पुनरीक्षण

निर्वाचन विभाग का जोर इस बात पर है कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रमाण आधारित हो। अधिकारियों को मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की जांच सावधानी से करने तथा आवश्यक होने पर अतिरिक्त प्रमाण प्राप्त करने को कहा गया है।

SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और अधिक विश्वसनीय बनाना है। ऐसे में अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पात्र नागरिकों के नाम दर्ज करने के साथ-साथ मतदाता सूची में मौजूद विसंगतियों का भी नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।

अंतिम मौका: 22 और 23 अगस्त के विशेष शिविर में पात्र नागरिक मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं नाम

IMG 20260822 211953

देवघर // मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियाँ की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—13-मधुपुर, 14-सारठ और 15-देवघर (अ.जा.)—के निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

22 और 23 अगस्त को अंतिम विशेष शिविर

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित दूसरे और अंतिम विशेष शिविर में प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की दिशा में गंभीरता से कार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए नोटिस, दावा और आपत्तियों का निष्पादन महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इस दौरान नाम जोड़ने, विवरण में संशोधन अथवा अन्य आवश्यक सुधार से संबंधित आवेदनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं के लिए भी मौका

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले अथवा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 जमा कर सकते हैं।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को दावा-आपत्तियों के त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन के साथ यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

एक परिवार, एक मतदान केंद्र की दिशा में पहल

यदि एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, तो उन्हें एक ही मतदान केंद्र पर करने के लिए प्रपत्र-8 प्राप्त किया जाएगा। इसके लिए मतदाताओं के घरों पर Family Together Sticker लगाए जाने की जानकारी दी गई।

25 अगस्त से शुरू होगी मामलों की सुनवाई

बैठक में बताया गया कि 25 अगस्त 2026 से नो-मैपिंग, तार्किक विसंगति और अन्य श्रेणियों से संबंधित मतदाताओं के मामलों की सुनवाई निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा शुरू की जाएगी।इस प्रक्रिया का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और यह सुनिश्चित करना है कि अपात्र अथवा विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को 5 अगस्त से 14 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त होने वाले नोटिस, दावों एवं आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन के निर्देश भी दिए। साथ ही ASDDF/अवशेष गणना प्रपत्रों के सुरक्षित संधारण तथा नए मतदान केंद्रों के अनुसार प्रपत्रों के पृथक्करण को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि 22 और 23 अगस्त को आयोजित विशेष शिविर के इस अंतिम अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांचें और आवश्यक सुधार/पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें।

देवघर श्रावणी मेला में 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण, मंदिर को 8.23 करोड़ से ज्यादा की आय

IMG 20260822 210728

देवघर // राजकीय श्रावणी मेला 2026 अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। शनिवार को आरएल सर्राफ स्थित अस्थायी मीडिया सेंटर में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की संयुक्त अध्यक्षता में साप्ताहिक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान मेला की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की संख्या, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा और राजस्व से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

IMG 20260822 210652

उपायुक्त ने बताया कि 30 जुलाई से 21 अगस्त 2026 तक 51,12,531 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण किया। इनमें 1,90,887 श्रद्धालु शीघ्र दर्शनम् कूपन के माध्यम से पूजा-अर्चना करने पहुंचे।

बाबा मंदिर को 8.23 करोड़ रुपये से अधिक की आय

प्रेसवार्ता में बताया गया कि 30 जुलाई से 21 अगस्त तक बाबा मंदिर को कुल 8,23,47,741 रुपये की आय हुई है। इसमें मंदिर के विभिन्न स्रोतों से प्राप्त राशि शामिल है। वहीं शीघ्र दर्शनम् कूपन से प्राप्त आय 6,87,19,320 रुपये बताई गई।

सुरक्षा के लिए हजारों जवान और आधुनिक निगरानी

श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में 597 मजिस्ट्रेट एवं पदाधिकारी और 6,763 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 4 पुलिस अधीक्षक, CRPF की 3 कंपनियां तथा NDRF और SDRF की टीमें भी तैनात हैं।

मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 925 CCTV कैमरे, 225 AI कैमरे और 5 ड्रोन कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए 21 अस्थायी पुलिस ओपी और 13 यातायात ओपी बनाए गए हैं। ATS, RAF, बम डिस्पोजल टीम, डॉग स्क्वायड और QRT की टीमों को भी लगाया गया है।

71 हजार से अधिक बिछड़े श्रद्धालुओं को परिजनों से मिलाया

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में 34 सूचना केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर अब तक 88,328 खोये-पाये कांवरियों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से 71,198 श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाया गया।इसके लिए 220 उद्घोषकों की व्यवस्था की गई है। मातृत्व विश्राम गृह के लिए 45 महिलाओं की भी तैनाती की गई है।

स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष जोर

मेला क्षेत्र में 35 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। 30 जुलाई से 19 अगस्त तक इन केंद्रों पर 1,80,562 श्रद्धालुओं का उपचार किया गया। इनमें 1,19,779 पुरुष, 53,540 महिलाएं और 7,243 बच्चे शामिल हैं।पूरे मेला क्षेत्र में 111 डॉक्टर और 470 पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है। इसके अलावा 16 सामान्य एंबुलेंस, 24 एंबुलेंस 108 और 6 जीप की व्यवस्था की गई है।

अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट

श्रावण माह की अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन ने बड़ी संख्या में कांवरियों के पहुंचने की संभावना जताई है। उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस की टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहेंगी।

IMG 20260822 210712

उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला को सफल बनाने में प्रशासन के साथ मीडिया, स्थानीय लोगों और सभी संबंधित विभागों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। आने वाले दिनों में भी इसी समन्वय के साथ मेला का संचालन जारी रखने पर जोर दिया गया।मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएंश्रद्धालुओं के आवासन के लिए कोठिया और बाघमारा में टेंट सिटी के साथ आध्यात्मिक भवन में भी व्यवस्था की गई है। कोठिया की दो टेंट सिटी में कुल 2,000 बेड, बाघमारा में 750 बेड और आध्यात्मिक भवन में 700 श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था है।

इसके अलावा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से 48 स्नानागार, 323 शौचालय, 16 इंद्रवर्षा, 76 चापाकल और 9 प्याऊ की व्यवस्था की गई है।श्रद्धालुओं के मनोरंजन और धार्मिक जानकारी के लिए शिवगंगा में वाटर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, विभिन्न स्थानों पर VR के जरिए बाबाधाम की पौराणिक कथा तथा 31 स्थानों पर LED स्क्रीन की व्यवस्था की गई है। शिवलोक परिसर में आयोजित विशेष प्रदर्शन को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु देख रहे हैं।

देवघर में साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, 6 गिरफ्तार

IMG 20260822 205524

फर्जी कस्टमर केयर और Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर करते थे ठगी

देवघर: साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और PayTM कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर भी ग्राहकों को ठगी का शिकार बनाने का आरोप है।

देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भापुसे) के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत 21 अगस्त 2026 को पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में छापेमारी की गई। पुलिस को देवघर जिले के पथरडडा ओपी क्षेत्र से साइबर ठगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  1. संजीत कुमार दास, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता प्रमोद महरा, निवासी चोरमारा।
  2. सरोज कुमार दास, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता हरिकिशोर दास, निवासी चोरमारा।
  3. नितेश कुमार दास, उम्र करीब 22 वर्ष, पिता हरिकिशोर दास, निवासी चोरमारा।
  4. मुन्ना कुमार दास, उम्र करीब 33 वर्ष, पिता कारू दास, निवासी रंगामटिया, थाना सारठ (पथरडडा ओपी)।
  5. शिवनंदन कुमार, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता सिकंदर महरा, निवासी पिपरा।
  6. अनवर अंसारी, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता अनाउल मियां, निवासी रंगा, थाना पाथरोल।

सभी आरोपी देवघर जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

ऐसे करते थे साइबर ठगी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की ठगी की कार्यशैली में कई तरीके शामिल थे। आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और PayTM कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का झांसा देते थे।

इसके अलावा PM Kisan Yojana, बिजली बिल और RTO Challan के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने की कोशिश की जाती थी।

आरोपियों पर फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर भी ग्राहकों को झांसे में लेने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, Airtel Thanks ऐप के माध्यम से Airtel Payment Bank कार्ड बंद होने की बात कहकर तथा आम सहायता के नाम पर कार्ड दोबारा चालू कराने का झांसा देकर ठगी की जाती थी।

12 मोबाइल और 13 सिम कार्ड बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों की तकनीकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में इन नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें मिलने की बात सामने आई है।

दो आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास

प्रेस नोट के अनुसार संजीत कुमार दास और सरोज कुमार दास पर पूर्व में भी साइबर थाना देवघर में मामले दर्ज हैं। पुलिस इन आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

कार्रवाई में साइबर थाना देवघर के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ पथरडडा ओपी और पाथरोल थाना की टीम भी शामिल रही।

देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा कस्टमर केयर, बैंक अधिकारी, कैशबैक, सरकारी योजना, बिजली बिल या चालान के नाम पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड न करें और किसी को भी मोबाइल या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।

जसीडीह में लूटकांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार; ₹4.30 लाख नकद समेत मोबाइल-लैपटॉप बरामद

1005256373

देवघर // जसीडीह थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार से हथियार के बल पर नकदी और अन्य सामान लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के निशानदेही पर ₹4.30 लाख नकद, दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक देसी कट्टा और अन्य सामान बरामद किए हैं।

1005256373

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को वादी विक्रम चौधरी के लिखित आवेदन के आधार पर जसीडीह थाना क्षेत्र के टमाटर ढाबा के पास मुख्य सड़क पर लूट की घटना की शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि अज्ञात अपराधकर्मियों ने मोटरसाइकिल सवार को रोककर ₹40,50,000 नकद समेत मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य सामान लूट लिया था।मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 269/2026, दिनांक 08.08.2026 के तहत धारा 126(2), 134, 204, 205, 307 और 310(2) BNS 2023 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस टीम गठित कर शुरू हुई छापेमारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से जांच करते हुए संदिग्धों की पहचान की और अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में—

  • 1. कुमुद पोद्दार, उम्र 34 वर्ष, पिता रविन्द्र पोद्दार, निवासी महथिया बक्सा थाना सिमुलतला, जिला जमुई (बिहार)
  • 2. संजय कुमार सिंह, उम्र 55 वर्ष, पिता राम सिंह, निवासी रेंगला थाना बेलहर, जिला बांका (बिहार)
  • 3. शिव शंकर कुमार, उम्र 28 वर्ष, पिता सदेव राम, निवासी गोरसामी टोला, कटोरिया थाना कटोरिया, जिला बांका (बिहार)
  • 4. धनश्याम यादव, उम्र 47 वर्ष, पिता तेजो यादव, निवासी कौलाश पहाड़ी थाना बेलहर, जिला बांका (बिहार)
  • 5. विनोद प्रसाद यादव, उम्र 38 वर्ष, पिता जगन्नाथ यादव, निवासी रेंगला थाना सिमुलतला, जिला जमुई (बिहार) शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से क्या-क्या मिला?

  • पुलिस के मुताबिक संजय सिंह की निशानदेही पर एक मोटरसाइकिल (JH01BP-4780), एक काले रंग का रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, एक एप्पल कंपनी का सफेद रंग का मोबाइल फोन, दो प्लास्टिक की पुलिस डंडा और एक काला रंग का पुलिस लिखा बैग बरामद किया गया।

वहीं कुमुद पोद्दार की निशानदेही पर

  • 500×840 के नोट कुल ₹4,20,000 तथा 200×50 के नोट कुल ₹10,000, यानी कुल ₹4,30,000 नकद बरामद किए गए। इसके अलावा एक एप्पल कंपनी का क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन और एक लैपटॉप भी बरामद किया गया।

शिव शंकर कुमार की निशानदेही पर

  • एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें घटनास्थल से मुक्त होकर आने-जाने वाली रास्ते का मैप बताया गया है।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

  • पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व से भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आरोपियों के खिलाफ बिहार के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं, जिनमें BNS की धाराओं के साथ-साथ बिहार मद्य निषेध अधिनियम से संबंधित मामला भी शामिल है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।

छापामारी टीम में शामिल रहे पुलिसकर्मी

  • कार्रवाई में देवघर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जसीडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों के साथ तकनीकी शाखा की टीम की भूमिका रही। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

JJMP नक्सलियों के खिलाफ पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 5 लाख का सब जोनल कमांडर समेत 4 गिरफ्तार

IMG 20260819 110929

गुमला // पुलिस ने नक्सली संगठन जेजेएमपी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है गुमला जिला के डुमरी थाना अंतर्गत औरापाठ के जंगल में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी करते हुए पुलिस ने जेजेएमपी के सब जोनल कमांडर रामदेव लोहरा उर्फ काका एरिया कमांडर अरविंद नायक व सदस्य जीतेंद्र लोहरा मुनेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। रामदेव के ऊपर पुलिस ने ₹500000 का इनाम घोषित किया था।

1005255793

पुलिस ने इनके पास से 1 एके56 1 एसएलआर 1 ऑटोमैटिक रायफल एक पिस्टल एक देशी कट्टा 146 गोली वॉकी टोकी मोबाइल9 नक्सल पर्चा बाइक बरामद किया। एसपी गुमला हारीश बिन जमां ने बताया कि पुलिस ने पूर्व में ही जेजेएमपी की कमर तोड़ दी थी।

1005255794

लेकिन रामदेव के नेतृत्व में कुछ नक्सली चतरा लातेहार व लोहरदगा इलाके में सक्रिय थे। जो गुमला में फिर से संगठन को मजबूत करने के लिये पहुचे थे जिसे समय रहते पुलिस ने निष्क्रिय कर दिया।