झारखंड की आवाज

- Page 20 of 100 -

मोदी बांध अतिक्रमण प्रकरण : प्रशासनिक रोक के बावजूद धड़ल्ले से की जारी है निर्माण कार्य

देवघर// जिला मोहनपुर अंचल क्षेत्र अंतर्गत बाघाकुरा मौजा में द गोखला फ्रांसीसियन सोसाइटी द्वारा संचालित माउंट असीसी स्कूल के द्वारा तालाब के जमीन पर हो रहे भवन निर्माण पर बीते वर्ष 20 जनवरी को रोक लगा दिया गया था । जिसके पश्चात कुछ दिनों तक निर्माण कार्य बंद रहा। वहीं विगत महीनों से मोदी बांध के जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है । मामला प्रकाश में तब आया जब समाजसेवी सूरज झा ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और हाई कोर्ट ने सरकार को कार्यवाही करने का निर्देश दिया। एक तरफ जहां प्रशासन ने हाई कोर्ट में दावा किया था कि निर्माण कार्य पर रोक लगा दिया गया है और स्थानीय रिखिया थाना के निगरानी में उक्त जमीन को यथा स्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन के सारे दावों को ठेंगा दिखाते हुए तालाब की जमीन पर बेखौफ निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य इस कदर तेजी से कराया जा रहा है जिसमें महज 1-2 माह के अंतराल में ऊंची ऊंची इमारतों को तैयार कर दिया जा रहा है।

प्रशासन ने हाई कोर्ट को गुमराह कर दी गलत रिपोर्ट, कंटेंप्ट ऑफ कोर्ट का लेंगे सहारा : सूरज झा

समाजसेवी सूरज झा ने मीडिया कर्मियों से मुखातिब होते हुए कहा कि खतियान में बांध किस्म का जमीन दर्ज है और उसके नेचर को बदलते हुए ऊंची ऊंची इमारतें बनाया जा रहा है । मैंने हाई कोर्ट में पीआईएल दायर किया था जिसके काउंटर एफिडेविट में अंचल अधिकारी ने कोर्ट को गुमराह करने का काम किया है। एक तरफ जहां प्रशासन ने मिलजुल कर तालाब के नेचर को बदलते हुए ऊंची ऊंची इमारतें बनवा रहा है और इसके विपरीत प्रशासन दावा कर रही है कि निर्माण कार्य पर रोक लगा हुआ है। यदि निर्माण कार्य पर रोक लगा हुआ है तो ऊंची इमारतें का निर्माण कैसे हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट गाइडलाइन है कि जल स्रोत को रोका नहीं जा सकता है और बांध के नेचर को नहीं बदला जा सकता है। सभी बिंदुओं पर प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराते हुए कंटेंप्ट ऑफ कोर्ट का सहारा लेंगे और यदि जरूरत पड़े तो सुप्रीम कोर्ट का भी दरवाजा खटखटायेंगे।

सीओ ने अपर उपायुक्त को सौंपा जांच रिपोर्ट , धूल फांक रही है फाइलें

विभागीय सूत्रों की माने तो अंचलाधिकारी ने सीआई, कर्मचारी और अंचल अमीन के संयुक्त रिपोर्ट अपर उपायुक्त को सौंप दिया है। सूत्रों की माने तो दिए गए रिपोर्ट में स्पष्ट जिक्र है कि तालाब के जमीन पर भवन निर्माण कराया जा रहा है। उक्त प्लॉट पंजी टू में भी बांध के रूप में दर्ज है। वहीं जांच रिपोर्ट में एसपीटी एक्ट के धाराओं को हवाला देते हुए अवैध निर्माण बताया गया है। साथ ही कहा गया है कि निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगा दिया गया है। ज्ञात होग कि डीसी के निर्देश पर काम रोकने के बाद अपर उपयुक्त हीरा कुमार ने अंचलाधिकारी से संबंधित मामले में जांच रिपोर्ट का मांग किया है। जिसके बाद अंचलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारी और आमीन को संयुक्त रूप से रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया था। अंचल अधिकारी द्वारा रिपोर्ट जमा करने के एक वर्ष बीत जाने के बाद भी ‌ एसी के कार्यालय में फाईलें धूल फांक रही है।

क्या है मामला मोहनपुर अंचल क्षेत्र अंतर्गत बाघाकुरा मौजा में द गोखला फ्रांसीसियन सोसाइटी द्वारा संचालित माउंट असीसी स्कूल के द्वारा 10.92 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी । जिसमें प्लॉट संख्या 30 के 5.57 एकड़ की जमीन पंजी टू में बांध के रूप में दर्ज है । उक्त जमीन पर कथित मोदी बांध को समतल करते हुए ऊंचे ऊंचे भवन की नींव रखी जा रही थी । तत्कालीन उपायुक्त विशाल सागर के निर्देश पर निर्माण कार्य पर रोक लगाया गया था । इसके पश्चात देवघर के जाने-माने समाजसेवी सूरज झा ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए पीआईएल दायर किया था। जिस पर हाईकोर्ट ने सरकार को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

पेसा कानून आदिवासियों के लिए धोखा, ग्राम सभा को सीमित किया गया : चंपाई सोरेन

जमीन, जंगल और संसाधन आदिवासियों के हैं, तो खनन और शराब जैसे मुद्दों पर नियंत्रण का अधिकार ग्राम सभा को क्यों नहीं दिया गया

पेसा कानून के नाम पर ग्राम सभा की शक्तियों को सीमित कर दिया गया


जमशेदपुर // में झारखंड के वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन ने जमशेदपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पेसा कानून (पंचायतों का विस्तार अनुसूचित क्षेत्रों तक) को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेसा कानून आदिवासी स्वशासन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और ग्राम सभा को सर्वोच्च अधिकार देने वाला संवैधानिक कानून है, लेकिन आज यह आदिवासियों के लिए एक बड़ा धोखा बन चुका है।

चंपाई सोरेन ने आरोप लगाया कि पेसा कानून के नाम पर ग्राम सभा की शक्तियों को सीमित कर दिया गया है और इसके मूल उद्देश्य को पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा आज केवल एक औपचारिक संस्था बनकर रह गई है, जबकि वास्तविक निर्णय प्रशासन और बाहरी ताकतों द्वारा लिए जा रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुसूचित (शेड्यूल) क्षेत्रों में ग्राम सभा सर्वोच्च संवैधानिक संस्था है। भूमि अधिग्रहण, खनन, विस्थापन, पुनर्वास, लघु खनिज, जंगल और जल स्रोतों से जुड़े हर निर्णय में ग्राम सभा की सहमति अनिवार्य है, लेकिन सरकार द्वारा इन प्रावधानों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के मुख्य सवाल

चंपाई सोरेन ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब जमीन, जंगल और संसाधन आदिवासियों के हैं, तो खनन और शराब जैसे मुद्दों पर नियंत्रण का अधिकार ग्राम सभा को क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा,
“जब आदिवासियों से उनके अधिकार छीने जाएंगे, तो वे केवल हवा खाकर कैसे जीवित रहेंगे?”
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पेसा कानून को उसके मूल संवैधानिक स्वरूप में लागू किया जाए और ग्राम सभा को वास्तविक अधिकार दिए जाएं, ताकि आदिवासियों के हक, सम्मान और आजीविका की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का देवघर एवं दुमका का दो दिवसीय कार्यक्रम

देवघर संथाल परगना का दो जिला देवघर एवं दुमका जिला का मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का दो दिवसीय कार्यक्रम निर्धारित किया है।

  • मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार का देवघर एवं दुमका का दो दिवसीय कार्यक्रम
  • 4 जनवरी को अपराह्न 12:50 आगमन देवघर एयरपोर्ट
  • अपराह्न 02 : 00 बजे बैद्यनाथ मंदिर दर्शन
  • अपराह्न 4:00 बजे नौलखा मंदिर
  • अपराह्न 4:45 AIIMS deoghar
  • अपराह्न 4:45 AIIMS deoghar
  • अपराह्न 6:30 बजे बैद्यनाथ मंदिर

दिनांक – 05/01/2026 दुमका जिला का दौरा

  • पूर्वाह्न 08:15 बजे बासुकीनाथ दर्शन
  • पूर्वाह्न 8:55 फॉरेस्ट गेस्ट हाउस दुमका
  • पूर्वाह्न 10:30 बजे तपोवन हिल
  • पूर्वाह्न 11:00 बजे मोहनानंद +2 उच्च विद्यालय तपोवन बीएलओ से मुलाकात अपराह्न 12:00 बजे
  • तपोवन में मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ इंट्रैक्शन अपराह्न 1:20 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान।

देवघर में 25 वर्षीय महिला ने 1 साल की बच्ची के साथ कुएं में कूद कर आ*त्महत्या

देवघर // जिला में पदनबेरा गांव में शनिवार को सुबह दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। 25 वर्ष की महिला ने अपने 1 साल की बच्ची के साथ कुएं में कूद कर आत्महत्या का मामला सामने आया।घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ हो गई और मृतक 25 वर्षीय गुड़िया देवी और उसके एक वर्षीय बच्ची के शव को बड़ी मशक्कत के बाद कुएं से निकाला गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक महिला के मायके वाले मौके पर पहुंचे और ससुराल वालों पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला का पति उसे मारपीट करता था और आए दिन गाड़ी और पैसे की मांग करता था। हमेशा ही यह धमकी देता था कि यदि पैसा नहीं देगा तो उसकी बेटी को मार देंगे।

मृतक गुड़िया देवी के भाई उपेंद्र यादव ने बताया कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है। उन्होंने पुलिस से मांग किया कि पूरी घटना की जांच करते हुए मृतक महिला के पति को गिरफ्तार किया जाए।घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर जैसे भी थाना के थाना प्रभारी दीपक कुमार और जिले के एसडीपीओ अशोक सिंह भी पहुंचे और पूरे घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने भी कुछ भी करने से इनकार किया लेकिन मृतक महिला के भाई और पिता के द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच की भी बात कहीं।फिलहाल मौके पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है,साथ ही मौत की सही जानकारी लेने के लिए ससुराल पक्ष और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में की पूजा अर्चना

देवघर // झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार का देवघर आगमन हुआ। इसके पाश्चत महामहिम राज्यपाल ने बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया। इससे पूर्व तिर्थ पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ उन्हें संकल्प कराया गया। इसके पश्चात राज्यपाल द्वारा द्वादश ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गयी। इसके अलावा पूजा अर्चना पश्चात मौके पर उपस्थित पुलिस अधीक्षक सौरभ, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार को भेंट स्वरूप स्मृति चिन्ह व बाबा बैद्यनाथ का प्रसाद प्रदान किया।

बरहेट–बरहरवा मुख्य मार्ग पर द*र्दनाक सड़क हा*दसा, ऑटो–तेल टैंकर की टक्कर से तीन की गई जा*न

साहेबगंज // बरहेट–बरहरवा मुख्य मार्ग पर छोटा रांगा डांड़ पुल मोड़ के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में यात्रियों से भरे ऑटो और तेल टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक स्कूली बच्ची सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे समेत कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग स्थानों पर उपचार के लिए भेजा गया है। इधर, इलाज में कथित लापरवाही को लेकर आक्रोशित लोगों ने रांगा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तोड़फोड़ की, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। सूचना मिलते ही बरहरवा एसडीपीओ के नेतृत्व में बरहरवा और रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुटी है।पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाना चाहती थी, लेकिन ग्रामीणों ने विरोध करते हुए रोक दिया। मृतकों की पहचान बड़ा रांगा निवासी 30 वर्षीय समरा साह, घटियारी की 30 वर्षीय रंदनी सोरेन और डाहूजोर की छह वर्षीय शांति हेम्ब्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ऑटो बरहेट से बरहरवा जा रहा था, जबकि टैंकर तेल खाली कर लौट रहा था। सभी यात्री डहुआजोड़ चौक पर उतरने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पिकनिक मना रहे दो गुटों में हिं*सक झड़प एक की मौ*त

हजारीबाग // जिले से नए साल की खुशियों को मातम में बदल देने वाली एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। बीती रात इंद्रपुरी चौक के पास दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। विवाद इतना बढ़ गया कि तलवारबाजी और भीषण मारपीट तक नौबत आ गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

नए साल का जश्न… पिकनिक का माहौल… लेकिन चंद घंटों में यह खुशियां मातम में बदल गईं।


हजारीबाग के इंद्रपुरी चौक के पास बीती देर रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि पिकनिक मनाने गए युवकों के बीच पहले आपसी विवाद हुआ, जो देखते ही देखते तलवारबाजी और जानलेवा हमले में तब्दील हो गया।
इस हिंसक झड़प में मंडई निवासी सूरज राणा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, नए साल के जश्न के दौरान मंडई हनुमान नगर से विवाद शुरू हुआ नूरा क्षेत्र में शराब पीकर युवकों के बीच ग्रुपबाजी और विवाद शुरू हुआ था। देर रात यह विवाद इंद्रपुरी चौक तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान सूरज राणा पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जिला परिषद चौक को घंटों जाम रखा जिससे घंटों शहर में जाम की स्थिति बनी रही

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन शुक्रवार को सुबह आठ बजे थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि सूरज राणा दो छोटे-छोटे बच्चों का पिता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है, ग्रामीणों एवं परिजनों ने जिला परिषद चौक को घंटों जाम रखा जिससे घंटों शहर में जाम की स्थिति बनी रही प्रशासन एवं विधायक प्रतिनिधि के आश्वासन के बाद जाम हटा जिंसके बाद स्थिति सामान्य हुई,वहीं पुलिस दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

नए साल की रात हुई इस हिंसक घटना ने कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

देशभर में ऑनलाइन ठगी व ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह का 6 सदस्य गिरफ्तार

हजारीबाग // पुलिस ने साईबर अपराध के विरुद्ध Zero Tolerance नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए Escort Service के नाम पर देशभर में ऑनलाइन ठगी व ब्लैकमेलिंग (Sextortion) करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र से कुल 06 साईबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस को प्रतिबिम्ब ऐप पर प्राप्त शिकायत व तकनीकी जांच के आधार पर गिरोह की गतिविधि का पता चला। त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ विष्णुगढ़ श्री वैद्यनाथ प्रसाद के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने विष्णुगढ़–हजारीबाग रोड स्थित इंटर कॉलेज के पास देर रात करीब 1 बजे KIA Sonet कार में सवार 06 संदिग्धों को पकड़ा।

Escort Service का झांसा देकर UPI/डिजिटल माध्यमों में ठगी….

तलाशी के दौरान साईबर ठगी में प्रयुक्त 12 मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड, 10 डेबिट कार्ड सहित डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए। सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विष्णुगढ़ थाना कांड संख्या 01/26 (दिनांक 02.01.2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं IT Act की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह फर्जी वेबसाइटों पर विज्ञापन डालकर लोगों को Escort Service का झांसा देकर UPI/डिजिटल माध्यमों से ठगी व ब्लैकमेलिंग करता था। हजारीबाग पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने और किसी भी साईबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

अंजनी कुमार झा ने हजारीबाग रेंज के DIG का पदभार संभाला

हजारीबाग // रेंज के नवपदस्थापित पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) अंजनी कुमार झा ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण के उपरांत उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। पदभार संभालने के बाद अपने संबोधन में कहा कि हजारीबाग रेंज अंतर्गत सभी पाँचों जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं विश्वास कायम रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर संवाद और सहयोग से ही सुरक्षित एवं शांत समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर उन्होंने नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए क्षेत्रवासियों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। नवपदस्थापित DIG के रूप में अंजनी कुमार झा के नेतृत्व में हजारीबाग रेंज में अपराध नियंत्रण, पारदर्शी पुलिसिंग एवं जनहितकारी कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Deoghar Baba Bedhynath Dham Mandir। नव वर्ष के मौके पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

देवघर // साल के प्रारंभ में विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

नव वर्ष के आज पहले दिन की वजह से आज के दिन की महत्ता बढ़ जाती है। ऐसे में नव वर्ष को लेकर बाबा मंदिर में होने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा व पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ ने बाबा मंदिर पहुंच कर विधि व्यवस्था व श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण कर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। इसके अलावे उपायुक्त ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए चल रही गतिविधियों आदि का जायज लिया। साथ ही मंदिर प्रांगण व आसपास के क्षेत्रों में सुलभ जलार्पण को लेकर की गई व्यस्थाओं का उपायुक्त ने जायजा लिया। साथ ही उपायुक्त ने बाबा मंदिर प्रांगण को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को दिया, ताकि मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। आगे उपायुक्त ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाये रखने, मंदिर में पॉलिथीन व थर्मोकॉल की जगह दोना पत्तल, मिट्टी, बॉस के डलिया का उपयोग करने के अलावा मंदिर के संपर्क पथों को अतिक्रमण मुक्त बनाये रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व सुगम जलार्पण के पुख्ता इंतजाम : उपायुक्त

ज्ञात हो कि जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की आज होने वाली अप्रत्याशित भीड़ का अनुमान लगाते हुए पहले से हीं सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई थी, ताकि श्रद्धालुओं की कतार ज्यादा दूर तक न जाय व लोगों को ज्यादा परेशानियों का सामना न करना पड़े। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन का प्रयास है कि बाबा मंदिर आए हुए देवतुल्य श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा महैया कराई जाए।

साथ हीं उपायुक्त द्वारा नव वर्ष की शुभकामना देते हुए जिलावासियों से आग्रह करते हुए कहा कि विधि व्यवस्था को कायम रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। इस दौरान उपरोक्त के अलावा अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, मुख्य प्रबंधक रमेश परिहस्त, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, बाबा मंदिर थाना प्रभारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित अधिकारी व मंदिर कर्मी आदि उपस्थित थे।

JSSC-CGL अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए बोले सीएम : कोर्ट-कचहरी के नाम पर चंदा वसूली हुई, अब ऐसा करने पर सीधा जेल जाएगा

राँची// झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा पास अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए सीएम ने कहा कि मुझे यह आभास हो रहा है कि आप सभी कितने खुश हैं। आपके परिवार वाले कितने खुश हैं। क्योंकि आपके इंतजार की घड़ी अब समाप्त हो रही है। JSSC CGL परीक्षा को लेकर क्या-क्या….चीजों का सामना करना पड़ा वह आप सभी को पता है। लेकिन मैने पहले भी कहा था – नेक इरादा हो तो कोई भी मंजिल पाई जा सकती है। आज JSSC CGL के अंतर्गत विभागों में जो हजारों युवाओं की नियुक्ति हुई है उन सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।आपने शायद उम्मीद नहीं की होगी कि आपकी इस चुनौती के लिए हमारे सरकार के पदाधिकारी कितने प्रेशर में रहे और विरोधी लोगों की भी वही हालत थी। आप सभी लोगों के साथ-साथ मैं JSSC और पुलिस के पदाधिकारियों को भी शुभकामना देता हूं, बधाई देता हूं कि कितनी शिद्दत और ईमानदारी से परत दर परत साफ करते हुए, अपने पक्षों को राज्य की जनता से लेकर, न्यायालय के समक्ष रखा। और उसी का परिणाम है आज आप सभी के चेहरों पर मुस्कान है।

परीक्षा हो रहा झारखण्ड में, पेपर लीक की अफवाह उठ रही है नेपाल से…

आगे मुख्यमंत्री ने कहा कि बताइए कुछ लोग चंदा इक्कठा कर रहे थे ये लोग QR कोड से। कोर्ट कचहरी के नाम पर। ऐसा भी होता है पहली बार सुना। लेकिन अगली बार यह नहीं सुनेंगे। अगली बार जो बहलाने-फुसलाने का काम करेगा वो सीधा जेल जाएगा। नौजवान, गरीब-गुरुबा बच्चों से चंदा लिया गया। मुझे पता चला कि करोड़ों रुपयों का चंदा भी लिया इन लोगों ने। पहचानिए कई ऐसे लोग जो इस तरीके के षड्यंत्र रचते हैं। आपने देखा होगा चोर पुलिस से एक कदम आगे भागता है, तकनीक का दुरुपयोग करने की कोशिश करता है, आखिकार पकड़ा जाता है। परीक्षा हो रहा झारखण्ड में, पेपर लीक की अफवाह उठ रही है नेपाल से, गजब है-गजब है ।

जनता दरबार में मईया सम्मान की शिकायत का ऑन द स्पॉट किया समाधान

देवघर// जिलावासियों के समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता हीरा कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। साथ ही मौके पर जिलास्तर के सभी अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे, ताकि ऑन द स्पॉट समस्याओं का समाधान संबंधित विभाग द्वारा किया जा सके। इसके अतिरिक्त जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने जनता दरबार में भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान से संबंधित, अनुकम्पा, बिजली बिल माफी, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, फसल बीमा योजना, भू-राजस्व, पेंशन, आवास से जुड़े मामलों को अपर समाहर्ता के समक्ष रखा। साथ ही अपर समाहर्ता द्वारा वहां उपस्थित सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएँ सुनी गयी एवं आश्वस्त किया गया कि संज्ञान में आए हुए सभी शिकायतों की जाँच कराते हुए जल्द से जल्द सभी का समाधान किया जाएगा। इसके अलावे जनता दरबार के दौरान विभिन्न आवेदन शिकायत के रूप में आये, जो कि जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित थे। ऐसे में जनता दरबार में सभी शिकायतकर्ता की समस्याएँ को सुनने के पश्चात अपर समाहर्ता श्री हीरा कुमार ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निदेशित किया गया कि सभी आवेदनों का भौतिक जांच करते हुए, उसका समाधान जल्द से जल्द करें। इसके अलावे उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर अपना प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें, ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी की जा सके।इस दौरान उपरोक्त के जिला प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत कोषांग श्री ओम प्रियदर्शी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।

पाँच दिवसीय बैंक कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर बैंकर्स का विरोध प्रदर्शन

देवघर// भारतीय स्टेट बैंक, साधना भवन, देवघर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर 30 दिसंबर 2025 को देवघर स्थित भारतीय स्टेट बैंक, साधना भवन के समक्ष बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा पाँच दिवसीय बैंक कार्य सप्ताह लागू करने सहित अन्य लंबित एवं न्यायोचित मांगों के समर्थन में एक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम UFBU की देवघर इकाई के संयोजक एवं कर्मचारी संघ पटना मंडल के अध्यक्ष श्री मुन्ना कुमार झा की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।

कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर कार्य-दबाव लगातार बढ़ता जा रहा…..

इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी संघ के उपमहासचिव धीरज कुमार ने कहा कि बैंकों में स्टाफ की भारी कमी के कारण कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर कार्य-दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे शारीरिक एवं मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि RBI, LIC एवं GIC जैसे संस्थानों में जहाँ पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है, वहीं बैंक कर्मियों को इससे वंचित रखना भेदभावपूर्ण है। कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर्स एसोसिएशन (SBIOA) के आंचलिक सचिव विभु प्रकाश, अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, सुरेंद्र कुमार (IOB), मुकेश कुमार सिंह (BOI), रोहित कुमार सिंह (BOI), ब्रजेश कुमार (Canara Bank) सहित विभिन्न बैंकों के पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। इसके साथ ही मुख्य प्रबंधकगण शक्ति शेखर मिश्रा, गौरव आनंद, ब्रज पति सहाय तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी संतोष, संदीप, अंशुमन, पंकज, राजेश, नयन, विजय सिन्हा, सुमन, राजेश सिन्हा, सुकृतिका, माधव, अंजली, निशी आनंद, शशि एक्का, हीरल शर्मा,सहित अमर, रविकांत, प्रवीण, अवधेश झा, केशव, सनी, अंशुमन, राजेश, आयुषी, कंचन, अमित कुमार, सुमित कुमार, रंजन, अविनाश कुमार (PNB), रोहित झा (PNB), अनूप पांडे, चंद्रशेखर, अरविंद बाजपेई, कनिष्क आनंद, कुमार शांतनु, काजल कुमार झा, प्रद्युम्न कुमार, मनीष कुमार राय, अजय जज़वारे ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी एकता का प्रदर्शन किया।

UFBU ने बताया कि IBA द्वारा पाँच दिवसीय बैंकिंग की सिफारिश सरकार को भेजे जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी अनावश्यक देरी के विरोध में UFBU ने देशव्यापी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा की है।

जनवरी 2026 के तीसरे सप्ताह में – अखिल भारतीय बैंक हड़ताल UFBU ने दी चेतावनी

UFBU का आगे का आंदोलनात्मक कार्यक्रम :

04 जनवरी 2026 – सोशल मीडिया / ट्विटर अभियान 05 जनवरी 2026 – सभी राज्य राजधानियों में धरना प्रदर्शन एवं हड़ताल की तिथि की घोषणा 13 जनवरी 2026 – प्रेस मीट / प्रेस विज्ञप्ति जनवरी 2026 के तीसरे सप्ताह में – अखिल भारतीय बैंक हड़ताल UFBU ने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार एवं बैंक प्रबंधन की होगी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं एकजुट वातावरण में संपन्न हुआ।

क्या है डिजिटल क्रॉप सर्वे आइए जानते हैं इससे किसानों क्या फायदा होने वाला है ?

देवघर // जिला अंतर्गत कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण आत्मा देवघर सभागार में प्रखंड नोडल पदाधिकारी एवं सुपरवाइजर का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । जिला कृषि पदाधिकारी एवं उप परियोजना निदेशक आत्मा देवघर के निर्देशन में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर शशांक शेखर, अजीत कुमार सिंह तथा कृष्णदेव पंडित ने सभी प्रखंड स्तरीय नोडल पदाधिकारी एवं सुपरवाइजरों को बताया कि इस बार झारखंड सरकार रबी मौसम में फसलों का डिजिटल फसल सर्वेक्षण करने का निर्णय लिया है। यह एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें मोबाइल एप और जियो टैगिंग जैसी तकनीकों का उपयोग करके हर खेत की जानकारी ली जाती है। इसमें यह पता चलता है कि कौन सी फसल बोई गई है, कितनी जमीन पर बोई गई है ,इसे डिजिटल रूप में रिकॉर्ड की जाती है । जिससे सटीक उत्तर मिलता है और सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक आसानी से पहुंचता है । यह पारंपरिक तरीकों से हटकर सीधे खेत से रियल टाइम डाटा इकट्ठा करता है ,जिससे पारदर्शिता और दक्षता बढ़ती है। मोबाइल ऐप का उपयोग सर्वेक्षक ग्राम कृषक मित्र खेत में जाकर एक मोबाइल ऐप के जरिए फसल की फोटो लेते हैं और खेत के खसरा नंबर के साथ जानकारी दर्ज करते हैं।

सरकार को फसल उत्पादन का सही अनुमान लगाने में मदद मिलेगी….

इसमें हर खेत की भौगोलिक स्थिति अक्षांश और देशांतर को लॉक कर दिया जाता है । ताकि कोई गलत जानकारी न भर सके। इसमें सारा डाटा सीधे पोर्टल पर अपलोड होता है जिससे सरकार के पास सटीक फसल का रिकॉर्ड होता है। सरकारी योजनाओं जैसे फसल बीमा और न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ सही किसानों को मिलता है। इससे सरकार को फसल उत्पादन का सही अनुमान लगाने में मदद मिलती है। सरकार को पता होता है कि किस किसान ने क्या बोया है, जिससे उसे सही कृषि सलाह दी जा सकती है। प्रशिक्षक ने बताया कि यह खेती डिजिटल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। जो डाटा संचालित निर्णय और किसान केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देता है। इससे किसानों को केसीसी लेने, फसल बीमा कराने या बीज की उपलब्धता में एटीएम कार्ड की तरह इस कार्ड का उपयोग किया जाएगा।

मौके पर उप परियोजना निदेशक आत्मा अरविंद कुमार राय ने सभी को संबोधित करते हुए बताया कि आप लोग अच्छी तरह से प्रशिक्षण प्राप्त करें और अपने नीचे सर्वेयर को सही जानकारी देने का प्रयास करें। एक प्लॉट का सर्वे करने हेतु 10 रुपया सर्वेयर को दिया जाएगा। सर्वे किसान मित्र या ग्रामिण युवा जो स्मार्टफोने चलाते हैं उनके द्वारा किया जाएगा और इस काम के लिये उन्हे प्रति प्लॉट 10 रुपया विभाग द्वारा भुगतान किया जाएगा। प्रशिक्षण में देवघर, देवीपुर, मोहनपुर, सोनारायठारी एवं पालोजोरी प्रखंड के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, जन सेवक आदि उपस्थित थे।

धान कूटने की मशीन में फंसने से महिला की मौ*त, लापरवाही का आरोप

लातेहार // बरवाडीह थाना क्षेत्र के मंगरा निवासी एवं वैदिक सोसाइटी की सक्रिय कार्यकर्ता रूबी कुमारी की सोमवार शाम धान कूटने वाली मशीन में फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा मंगरा गांव में बिहारी ठाकुर के ट्रैक्टर से जुड़ी धान कूटने की मशीन के दौरान हुआ। हादसे के तुरंत बाद परिजन एवं ग्रामीण रूबी को शाम करीब 6 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरवाडीह लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

मनिका विधायक की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम

मृतका का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, लातेहार में मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह की मौजूदगी में कराया गया। रूबी कुमारी अपने परिवार में छह भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। वह बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर काफी सक्रिय रहती थीं और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती थीं। उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है। मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचन्द्र सिंह ने घटना पर गहरा दुःख जताते हुए कहा कि धान कूटने वाली मशीन संचालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। बिना एक्सपर्ट के मशीन चलाए जाने के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

वहीं वैदिक सोसाइटी के सचिव चन्द्रशेखर सिंह व जिला समंवयक प्रेम प्रकाश ने भी रूबी कुमारी की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। एक ईमानदार और कर्मठ कार्यकर्ता को लापरवाही के कारण खोना अत्यंत दुःखद है। संगठन ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।पलामू के बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य रविशंकर एवं पंकज कुमार ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। रविशंकर ने कहा कि रूबी का इस तरह अचानक साथ छोड़ जाना हम सभी के लिए बड़ी क्षति है। जल्द ही समिति के सदस्य पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने के लिए पहल करेंगे।