रांची // झारखंड मंत्रिपरिषद् की बैठक 12 मार्च को प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार के मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी। मंत्रिपरिषद् की बैठक विधानसभा के बजट सत्र की दूसरी पाली के बाद होगी।बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है। यह जानकारी सोमवार को मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने दी।
दर्दनाक रेल दुर्घटना में युवक की मौत, वंदे भारत की टक्कर से गई जान
हजारीबाग // हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को एक दर्दनाक रेल दुर्घटना में युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे वंदे भारत ट्रेन की टक्कर से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान कटकमदाग थाना क्षेत्र के नावाटांड कदमा निवासी ईश्वर कुमार उर्फ बाबू (पिता: मनोज राम) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची
बताया जाता है कि ईश्वर कुमार पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था और परिवार का एकमात्र सहारा माना जाता था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह हंसमुख और मिलनसार स्वभाव का युवक था। घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि रेलवे की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण इस क्षेत्र में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। मृतक का परिवार गरीब बताया जा रहा है, इसलिए परिजनों ने रेलवे प्रशासन से उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल कटकमदाग थाना पुलिस और रेलवे पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं
रांची में ज्वेलरी शॉप से हीरे की अंगूठी लेकर फरार हुआ ग्राहक
रांची // राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में एक ज्वेलरी दुकान से हीरे की अंगूठी चोरी होने का मामला सोमवार को सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक ग्राहक अंगूठी देखने के बहाने दुकान में आया और मौका पाकर हीरे की अंगूठी लेकर चुपचाप फरार हो गया। घटना के बाद दुकानदार की शिकायत पर हिंदपीढ़ी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली
पुलिस के अनुसार, हिंदपीढ़ी स्थित “मियां तनिष्क” नामक ज्वेलरी शॉप में एक ग्राहक अंगूठी देखने के लिए पहुंचा था। दुकान के कर्मचारी ने उसे कई अंगूठियां दिखाई, जिनमें से एक हीरे की अंगूठी उसे पसंद आ गई। इसी दौरान उसने मौका देखकर अंगूठी अपने पास रख ली और बिना किसी को बताए दुकान से निकल गया।
कुछ देर बाद जब दुकानदार और कर्मचारियों ने दुकान में रखे सामानों का मिलान किया, तो एक हीरे की अंगूठी गायब मिली। इसके बाद दुकान के कर्मचारी सूरज ठाकुर ने तुरंत हिंदपीढ़ी थाने में इसकी सूचना दी।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है,
सूरज ठाकुर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोप्त की पहचान की जा सके।
हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनना बेहद खास: जसप्रीत बुमराह
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कहा कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनना उनके लिए बेहद खास पल है, खासकर इसलिए क्योंकि यह जीत उनके घरेलू मैदान पर मिली।
भारत ने न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत भी रही।
यह मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला गया, वही मैदान जहां भारत को आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
बुमराह ने मैच के बाद कहा,“यह बेहद खास महसूस हो रहा है क्योंकि मैंने अपने घरेलू मैदान पर पहले भी एक फाइनल खेला था, लेकिन तब हम जीत नहीं सके थे। आज यहां जीत हासिल करना बहुत खास है।”
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में न्यूज़ीलैंड की टीम 159 रन पर सिमट गई।
बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने ओवरों में 15 रन देकर 4 विकेट लेकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।
उन्होंने कहा,“मुझे पता था कि पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल है, इसलिए मुझे अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल करना था। इस टूर्नामेंट से पहले मुझे लग रहा था कि मैं जरूरत से ज्यादा कोशिश कर रहा हूं। लेकिन इस बार मैंने खेल को अपने पास आने दिया और यह रणनीति कारगर रही।”
हमने कभी घबराहट नहीं दिखाई और संयम बनाए रखा।
बुमराह ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की भी सराहना की और कहा कि पूरी टीम ने दबाव की स्थिति में भी धैर्य बनाए रखा।
उन्होंने कहा,“जब भी हम चर्चा करते हैं तो सभी खिलाड़ी विकल्प लेकर आते हैं। जो टीमें ऐसा करती हैं, वही टूर्नामेंट जीतती हैं और मुझे खुशी है कि हमने भी ऐसा किया।”
बुमराह ने कहा कि विश्व कप फाइनल में अपने घरेलू मैदान पर प्लेयर ऑफ द मैच बनना उनके करियर के सबसे यादगार पलों में से एक रहेगा। (हि. स.)
T20 World Cup। जसप्रीत बुमराह ‘राष्ट्रीय खजाना’ : सूर्य कुमार यादव
अहमदाबाद // भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का आभार जताया। उन्होंने कहा कि 2024 विश्व कप के बाद बोर्ड ने उन पर भरोसा जताते हुए कप्तानी सौंपी और उसी भरोसे की बदौलत टीम यह बड़ी सफलता हासिल कर पाई।
लय को बनाए रखना ही लक्ष्य था।
ट्रॉफी प्रस्तुति समारोह के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कहा, “यह एक लंबा सफर रहा है। 2024 विश्व कप के बाद उस समय बीसीसीआई, जय शाह, रोहित शर्मा और सभी ने मुझ पर भरोसा जताया और इस शानदार टीम की कप्तानी का मौका दिया।”
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में टीम लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रही थी और उसी लय को बनाए रखना ही लक्ष्य था।
सैमसन, अभिषेक और वरुण की तारीफ
सूर्यकुमार यादव ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले खिलाड़ियों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती के प्रदर्शन को टीम की सफलता का बड़ा कारण बताया।
कप्तान ने कहा,“यह समझना बहुत जरूरी था कि ये खिलाड़ी क्या कर सकते हैं। मुझे पता था कि इनमें मैच जिताने की क्षमता है। संजू के टीम में आने का समय बिल्कुल सही था। वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा विश्व स्तर के खिलाड़ी हैं और हमें हमेशा पता था कि वे कुछ खास कर सकते हैं।”
जसप्रीत बुमराह को बताया ‘राष्ट्रीय खजाना’
फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने वाले जसप्रीत बुमराह की भी सूर्यकुमार यादव ने जमकर प्रशंसा की। बुमराह ने अपने घरेलू मैदान पर 4 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
सूर्यकुमार यादव ने कहा,
“वह पीढ़ी में एक बार आने वाले गेंदबाज हैं। अभी मैं उन्हें देश का खजाना कह सकता हूं। उन्हें पता है कि क्या करना है और कैसे करना है। वह इस खेल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं।”
भारतीय कप्तान ने उम्मीद जताई कि टीम आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करती रहेगी और आने वाले वर्षों में भी नई उपलब्धियां हासिल करेगी।
भारत तीसरी बार बना टी20 का विश्व विजेता, फाइनल में कीवियों को 96 रनों से रौंदा
T20 World Cup अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में टीम इंडिया ने 96 रनों से एकतरफा जीत हासिल की. इस महाजीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीसरी बार और लगातार दूसरी बार ये खिताब अपने नाम किया है। आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब टीम इंडिया ने अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद में रविवार को खेले गए फाइनल मैच में भारत ने 96 रनों से शानदार जीत हासिल की और तीसरी बार ये खिताब अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 का टोटल कीवी टीम के सामने रखा था। इसके जवाब में न्यूजीलैंड टीम 159 के स्कोर पर ही ढेर हो गई।
मुकाबले में न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया ।
न्यूजीलैंड ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। कोल मैककॉन्की की जगह तेज गेंदबाज जैकब डफी को जगह दी ।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान कहा कि वह पहले बल्लेबाजी करके खुश हैं, क्योंकि हम यह बहुत अच्छा कर रहे हैं। फाइनल के लिए भारतीय प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया था ।
फाइनल मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारतीय टीम– अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड टीम- टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलेन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लोकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।
चरकीपहाड़ी प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन
देवघर // प्रखंड के चरकीपहाड़ी मैदान में आयोजित चरकीपहाड़ी प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज करने के बाद चरकीपहाड़ी टीम और रांगा मोड़ बुलडोजर टीम फाइनल में पहुंची, जिनके बीच रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया।
चरकीपहाड़ी टीम ने टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच में चरकीपहाड़ी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 15 ओवर में शानदार प्रदर्शन करते हुए 173 रन बनाए तथा रांगा मोड़ बुलडोजर टीम को 173 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांगा मोड़ बुलडोजर टीम को 15 ओवर में 167 रन ही बना सकी और इस तरह चरकीपहाड़ी टीम ने 6 रन से रोमांचक जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
खेल के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है
इस अवसर पर टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि झारखंड सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने विजेता टीम चरकीपहाड़ी और उपविजेता टीम रांगा मोड़ बुलडोजर को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
टूर्नामेंट का सफल एवं भव्य आयोजन ओम प्रकाश एवं तूपलाल के नेतृत्व में किया गया। वहीं कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में महासचिव संजीव झा भी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहकर रोमांचक मुकाबले का आनंद लिया।
पीएम किसान सम्मान निधि के नाम पर साइबर ठगी करने वाला 4 आरोपी गिरफ्तार
देवघर // पुलिस ने साइबर क्राइम के खिलाफ प्राप्त सूचना के सत्यापन हेतु एक टीम का गठन कर जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया और 4 साइबर आरोपी को पुलिस गिरफ्तार किया ।
गिरफ्तार किये गये व्यक्ति की अपराध शैली निम्न प्रकार है:
- -1. गूगल पर अपना फर्जी मोबाईल नम्बर कस्टमर केयर के नाम से अपलोड कर साईबर ठगी करना।
- 2. फर्जी Phonpe/Paytm Customer Care पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को Cash Back का झांसा देकर Phonpe Gift Card Create करवाकर उसे Redeem कर ठगी करना।
- 3. फर्जी Airtel Payment Bank पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेकर Airtel Thanks App के माध्यम से Airtel Payment Bank Cardt बंद कर उपभोक्ताओं को झांसा देकर तथा आम सहायता के रूप में कार्ड को पुनः चालू कराने के नाम पर झांसा देकर ठगी करना।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम व पता
- 1. नसीम अंसारी उम्र 23 वर्ष पिता नाजिर अंसारी सा० बिंझा कुरूवा
- 2. इरफान अंसारी उम्र करीब 26 वर्ष पिता रज्जाक अंसारी सा० कुरूवा
- 3. सुफियान अंसारी उम्र करीब 22 वर्ष पिता सफरूद्दीन अंसारी सा० कुरूवा तीनो थाना सोनारायठाड़ी
- 4. अजय कुमार दास उम्र करीब 21 वर्ष पिता बिनोद दास सा० बरियारपुर थाना देवीपुर सभी जिला देवघर
गिरफ्तार व्यक्ति के पास से बरामद सामानों की विवरणी
4 मोबाइल 4 सिम कार्ड को पुलिस ने बरामद किया
रांची के होटल में फायरिंग की जिम्मेदारी गैंगस्टर प्रिंस खान ने ली
रंगदारी नहीं देने पर बम से उड़ाने की धमकी
रांची // झारखंड पुलिस के लिए कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान लगातार चुनौती बना हुआ है। विदेश में बैठकर वह झारखंड में अपने गिरोह का संचालन कर रहा है और अपराधियों के जरिए वारदातों को अंजाम दिलवा रहा है।रांची के एक रेस्त्रां में शनिवार की रात हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी भी प्रिंस खान ने ली है। इसके साथ ही उसने रेस्त्रां संचालक को दोबारा धमकी देते हुए रंगदारी नहीं देने पर बम से हमला कराने की चेतावनी दी है।
ऑडियो मैसेज के माध्यम से गोलीबारी की जिम्मेदारी ली
पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधमा रोड स्थित कुतियातु चौक के पास बने होटल टीटॉस में शनिवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना में होटल के कर्मचारी मनीष की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के कुछ घंटे बाद ही रेस्त्रां के संचालक के मोबाइल फोन पर प्रिंस खान का एक ऑडियो मैसेज आया, जिसमें उसने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली। साथ ही उसने संचालक को धमकी देते हुए कहा कि यदि रंगदारी की रकम नहीं दी गई तो अगली बार उसके घर पर बम से हमला कराया जाएगा।
एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
बताया जाता है कि जिस रेस्त्रां में फायरिंग हुई, उसके मालिक राजकुमार गोप हैं। राजकुमार ने बताया कि पिछले वर्ष 25 दिसंबर को भी प्रिंस खान के नाम पर उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद सुरक्षा के लिए उन्हें एक महीने तक बॉडीगार्ड भी दिया गया था। हालांकि कुछ दिन पहले ही सुरक्षा हटा ली गई थी। राजकुमार के अनुसार, अपराधियों का निशाना वही थे, लेकिन लगातार हुई फायरिंग में उनके रिश्तेदार और होटल कर्मचारी मनीष की मौत हो गई। इस घटना के बाद से उनका पूरा परिवार दहशत में है और सुरक्षा को लेकर चिंता में है।
प्रिंस खान का फिलहाल पाकिस्तान में होने की आशंका है
पुलिस सूत्रों के मुताबिक धनबाद के वासेपुर का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान फिलहाल पाकिस्तान में होने की आशंका है, जबकि इससे पहले वह दुबई में छिपा हुआ था। झारखंड पुलिस के प्रयासों के बाद उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया जा चुका है, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बताया जाता है कि वह विदेश में रहते हुए ही झारखंड में अपने गैंग के जरिए बड़ी वारदातों को अंजाम दिलवा रहा है।
मामला दर्ज किया गया था और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इधर घटना के बाद होटल संचालक और उनका परिवार पूरी तरह दहशत में है। राजकुमार ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में ही प्रिंस खान ने ऑडियो संदेश भेजकर उन्हें धमकी दी। मामले को लेकर पारस राणा, सिटी एसपी रांची ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी धमकी को लेकर मामला दर्ज किया गया था और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद को स्कॉर्ट कर रही पुलिस गाड़ी को बोलेरो ने मारी टक्कर, बाल बाल बचे लोग
रामगढ़ // झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद को स्कॉर्ट कर रही रामगढ़ पुलिस की गाड़ी को एक बोलेरो ने विपरीत दिशा से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। लेकिन पुलिसकर्मी और ड्यूटी पर तैनात लोग बाल बाल बच गए। इस घटना की पुष्टि करते हुए रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि मंत्री योगेंद्र प्रसाद रांची से अपने घर लौट रहे थे। रामगढ़ पुलिस की ओर से उन्हें स्कॉर्ट किया जा रहा था।

ड्यूटी पर सब इंस्पेक्टर विकास कुमार मौजूद थे। उनके साथ चार जवान भी गाड़ी में थे। छत्तरमांडू में विपरीत दिशा से आ रही एक बोलेरो गाड़ी ने स्कॉर्ट गाड़ी को ठोक दिया। गाड़ी पर सवार सभी पुलिस पदाधिकारी और जवानों को हल्की चोटें आई हैं। सभी का प्राथमिक उपचार कराया गया है। बाद में दूसरी गाड़ी से मंत्री योगेंद्र प्रसाद को रजरप्पा क्षेत्र तक छोड़ा गया ।
Deoghar News महिला की मौत पर हॉस्पिटल में परिजनों का हंगामा
देवघर // भीआईपी चौक के समीप स्थित सिटी केयर हॉस्पिटल में परिजनों का जोरदार हंगामा देखने को मिला । मिली जानकारी के अनुसार बरमसिया की एक वृद्ध महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद महिला का इलाज शुरू हुआ और परिजनों के अनुसार डॉक्टर की लापरवाही के वजह से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई । परिजनों का आरोप है कि जब महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया उस समय सब कुछ नॉर्मल था । कुछ समय बाद हॉस्पिटल कर्मचारी द्वारा महिला को प्रॉब्लम की बात बताई नहीं उस समय वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था । परिजनों का यह भी आरोप है कि फोन करने के काफी देर बाद डॉक्टर अस्पताल पहुंचा। जिसके बाद परिजनों ने जोरदार हंगामा किया।
10 वर्षों से नहीं हुई JTET की परीक्षा कोर्ट ने मांगा जवाब , अभ्यर्थियों ने उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
परीक्षा स्थिति:
मौजूदा नियमों (2019) में संशोधन के कारण 2024 की अधिसूचना रद्द कर दी गई थी और अब नई नियमावली के तहत परीक्षा ली जाएगी। संभावित समय: जेपीएससी परीक्षा कैलेंडर और कोर्ट के आदेशों के अनुसार, परीक्षा 2026 के मार्च तक आयोजित हो सकती है।
देवघर // झारखंड में बीते 10 वर्षों से JTET (झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा) की परीक्षा नहीं होने से झारखंड के हजारों युवा परेशान हैं। आज देवघर में अभ्यर्थियों ने धरना प्रदर्शन किया और सरकार से जल्द से जल्द परीक्षा आयोजित करने की मांग किया। प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2015-16 सत्र से ही हजारों अभ्यर्थी JTET परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से इस परीक्षा के आयोजन को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
उम्र बढ़ रही है सरकार चुप बैठी है
इससे राज्य के लाखों युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। धरना प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने कहा कि शिक्षक बनने का सपना लेकर उन्होंने बीएड और अन्य शैक्षणिक योग्यताएं हासिल की हैं, लेकिन JTET परीक्षा नहीं होने के कारण वे आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। उनका कहना है कि अगर समय पर परीक्षा आयोजित होती तो अब तक हजारों युवाओं को शिक्षक बनने का अवसर मिल चुका होता। लेकिन हमलोग वर्षों से इंतजार कर रहे हैं सरकार भी चुप बैठी है।
मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया गया
आगे कहा कि झारखंड सरकार की लापरवाही के कारण हमलोगों की उम्र भी धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। कई अभ्यर्थी ऐसे हैं जो वर्षों से तैयारी कर रहे हैं, लेकिन परीक्षा नहीं होने के कारण उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। अभ्यर्थियों ने बताया कि इस मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने झारखंड सरकार को 31 मार्च तक JTET परीक्षा आयोजित करने को लेकर आदेश जारी किया है।
सरकार से जल्द परीक्षा कराने की मांग
धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी JTET परीक्षा का आयोजन बेहद जरूरी है। राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है, लेकिन इसके बावजूद परीक्षा आयोजित नहीं होने से नई नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं।अभ्यर्थियों ने कहा कि अगर जल्द से जल्द JTET परीक्षा आयोजित की जाती है तो इससे न केवल युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा बल्कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
झारखंड पात्रता परीक्षा क्यों है जरूरी
झारखंड राज्य के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों में विभिन्न विषयों के असिस्टेंट प्रोफेसर (सहायक प्राध्यापकों) की नियुक्ति और पीएचडी में नामांकन की उम्मीदवारी के लिए झारखंड पात्रता परीक्षा को अनिवार्य किया गया है। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थी ही सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति और पीएचडी में नामांकन के लिए योग्य होंगे।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
छात्रों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन अगर उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि राज्य सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द JTET परीक्षा की अधिसूचना जारी कर परीक्षा की तिथि घोषित की जाए।
भूत सवार होने के शक में युवती को रस्सी से बांधकर झाड़-फूंक कराने ले गए परिजन
पश्चिमी सिंहभूम // अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी क्षेत्र से अंधविश्वास से जुड़ी एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती को भूत सवार होने की आशंका जताकर उसके ही परिजनों ने रस्सी से बांध दिया और कथित तौर पर झाड़-फूंक कराने के लिए ओझा के पास ले गए।
युवती के व्यवहार में अचानक बदलाव परिजन परेशान
वे किस ओझा के पास गये, इसकी जानकारी परिजनों ने नहीं दी।घटना शनिवार रात नोवामुंडी क्षेत्र के तोड़े टोपा गांव है। मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजू दास की बेटी के व्यवहार में अचानक बदलाव आने की बात परिवार के लोग कह रहे हैं। युवती के भाई और भाभी का दावा है कि वह पिछले कुछ दिनों से असामान्य हरकतें कर रही थी। उनके अनुसार युवती अचानक घर से इधर-उधर भागने लगती थी और अजीब तरह से व्यवहार करती थी। इसी कारण उसे काबू में रखने के लिए कपड़े की रस्सी से उसकी कमर बांध दी गई थी।
मृत युवक की आत्मा युवती पर सवार होने का डर
परिजनों का यह भी कहना है कि कुछ दिन पहले झिकपानी इलाके में एक युवक की मौत हुई थी। उन्हें शक है कि उसी मृत युवक की आत्मा युवती पर सवार हो गई है। इसी डर और अंधविश्वास के चलते परिवार के लोग उसे झाड़-फूंक कराने के लिए ओझा के पास ले जाने की बात कह रहे थे। जब युवती के भाई से इस संबंध में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि बहन के अचानक भागने और अनियंत्रित व्यवहार के कारण उसे रस्सी से बांधना पड़ा।
इस घटना के सामने आने के बाद गांव और आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के आधुनिक समय में भी ग्रामीण क्षेत्रों में अंधविश्वास की जड़ें गहरी हैं। उनका मानना है कि ऐसी स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय डॉक्टर से इलाज कराना और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह लेना ज्यादा जरूरी होता है।
राष्ट्रपति पद का इस्तेमाल कर बंगाल को बदनाम किया जा रहा : ममता बनर्जी
कोलकाता // पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को नौवें अंतरराष्ट्रीय संताल सम्मेलन के आयोजन स्थल को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की नाराजगी के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राष्ट्रपति के पद का इस्तेमाल कर पश्चिम बंगाल को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।कोलकाता के एस्प्लेनेड ईस्ट में विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में चल रहे धरने के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की गरिमा को जिस तरह से इस्तेमाल किया जा रहा है, वह शर्मनाक है।
हम राष्ट्रपति का सम्मान करते हैं
उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति का पूरा सम्मान करती हैं, लेकिन उन्हें भाजपा की राजनीति और एजेंडा को आगे बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। ममता बनर्जी ने कहा, “हम राष्ट्रपति का सम्मान करते हैं, लेकिन आज जिस तरह से उन्हें भाजपा की राजनीति को बढ़ावा देने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे खेद है, मैडम, मुझे आपका बहुत सम्मान है, लेकिन आप भाजपा के जाल में फंस गई हैं। ”मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति द्वारा यह आरोप लगाया गया कि राज्य सरकार ने जानबूझकर अंतरराष्ट्रीय संताल सम्मेलन में लोगों को आने से रोकने के लिए छोटा स्थान दिया, यह पूरी तरह निराधार है।
हमारे पास भी अन्य काम हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह राज्य सरकार का कार्यक्रम नहीं था और सरकार को इसके आयोजन की जानकारी भी नहीं थी। उन्होंने कहा, “यह राज्य सरकार का कार्यक्रम नहीं था। हमें केवल यह सूचना मिलती है कि राष्ट्रपति कब आएंगी और कब जाएंगी। हम अपनी ओर से व्यवस्थाएं करने की कोशिश करते हैं, लेकिन अगर कोई रोज आएगा तो हर बार हम कैसे मौजूद रह सकते हैं? हमारे पास भी अन्य काम हैं। ”मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह राष्ट्रपति का स्वागत करने नहीं जा सकीं क्योंकि वह आम लोगों के हित में विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में आयोजित धरने में शामिल थीं।
मणिपुर में आदिवासी समुदाय के खिलाफ अत्याचार हो रहे थे
तब इस पर विरोध क्यों नहीं किया गया
उन्होंने कहा, “भाजपा के लिए राष्ट्रपति प्राथमिकता हो सकती हैं, लेकिन मेरी प्राथमिकता आम लोग हैं। ”ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति पर भी साधा निशाना ममता बनर्जी ने राज्य में आदिवासी समुदाय के विकास को लेकर राष्ट्रपति की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल किया कि जब मणिपुर में आदिवासी समुदाय के खिलाफ अत्याचार हो रहे थे, तब इस पर विरोध क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा, “जब दूसरे राज्यों में आदिवासियों पर अत्याचार होता है तो आप चुप रहते हैं। फिर पश्चिम बंगाल ही हमेशा निशाने पर क्यों रहता है?
राज्य प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की प्रोटोकॉल चूक नहीं हुई है
”बाद में रात 10:00 के करीब एक ट्वीट में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सिलीगुड़ी में आयोजित नवम अंतरराष्ट्रीय आदिवासी संताल सम्मेलन में राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर राज्य प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की प्रोटोकॉल चूक नहीं हुई है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का राजनीतिक उपयोग करने का आरोप लगाया।
आयोजन की तैयारियां पर्याप्त नहीं है इसकी जानकारी दी गई थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटरनेशनल संताल काउंसिल नामक एक निजी संस्था ने सिलीगुड़ी में आयोजित नवम अंतरराष्ट्रीय आदिवासी संताल सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित किया था। उन्होंने बताया कि अग्रिम सुरक्षा समन्वय बैठक के बाद दार्जिलिंग जिला प्रशासन ने लिखित रूप से राष्ट्रपति सचिवालय को सूचित किया था कि आयोजन की तैयारियां पर्याप्त नहीं दिख रही हैं। यह चिंता दूरभाष के माध्यम से भी राष्ट्रपति सचिवालय को बताई गई थी।
स्वागत और विदाई राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा स्वीकृत सूची के अनुसार ही किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति सचिवालय की अग्रिम टीम ने 05 मार्च को स्थल का दौरा किया था और वहां व्यवस्थाओं की कमी के बारे में जानकारी भी दी गई थी, इसके बावजूद कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा। मुख्यमंत्री के अनुसार राष्ट्रपति का स्वागत और विदाई सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर, दार्जिलिंग के जिलाधिकारी और सिलीगुड़ी पुलिस आयुक्तालय के पुलिस आयुक्त ने राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा स्वीकृत सूची के अनुसार ही किया।
उन्होंने कहा कि इस सूची में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री का नाम न तो स्वागत क्रम में था और न ही मंच की योजना में शामिल था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा देश के सर्वोच्च पद का सम्मान न करते हुए उसे अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए इस्तेमाल कर रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
खाड़ी संकट के बीच भारत सरकार सतर्क, 52 हजार से अधिक भारतीय सुरक्षित स्वदेश लौटे
नई दिल्ली // पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए कई कदम उठाए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि क्षेत्र में बदलती स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों ने 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन भी शुरू की है
विदेश मंत्रालय के अनुसार पिछले कुछ दिनों में क्षेत्रीय हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुलने के बाद कई वाणिज्यिक और विशेष उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इन उड़ानों के माध्यम से 01 से 07 मार्च के बीच 52,000 से अधिक भारतीय नागरिक खाड़ी देशों से सुरक्षित भारत लौट चुके हैं। इनमें से 32,000 से ज्यादा यात्रियों ने भारतीय एयरलाइनों की उड़ानों का उपयोग किया। आने वाले दिनों में और उड़ानों की योजना बनाई जा रही है। सरकार ने क्षेत्र में मौजूद भारतीयों को स्थानीय प्रशासन के निर्देशों और भारतीय दूतावासों द्वारा जारी सलाह का पालन करने को कहा है। विभिन्न देशों में स्थित भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों ने 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन भी शुरू की है, जिससे जरूरतमंद लोगों को सहायता मिल रही है।
क्षेत्रीय सरकारों के साथ समन्वय कर अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में एक विशेष नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है, जो प्रभावित लोगों और उनके परिवारों की ओर से आने वाले प्रश्नों और सहायता अनुरोधों की निगरानी कर रहा है।सरकार ने कहा कि जहां वाणिज्यिक उड़ानें उपलब्ध नहीं हैं, वहां भारतीय नागरिकों को अपने नजदीकी भारतीय दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क कर जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है। भारत सरकार ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर क्षेत्रीय सरकारों के साथ समन्वय कर अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
