झारखंड की आवाज

- Page 62 of 152 -

शिक्षक के माता-पिता की गला रेतकर हत्या, गांव में पसरा सन्नाटा

IMG 20260216 131653

हजारीबाग // हजारीबाग के बड़कागांव प्रखंड के बादम पंचायत स्थित बाबूपारा गांव में राम विलास दास के घर से उनके पिता वकील राम, मां झुनिया देवी का शव बरामद किया गया है।सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया दोनों की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घर को चारों ओर से घेर कर जांच शुरू कर दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक दंपती का बेटा रामविलास पेशे से शिक्षक है और वर्तमान में हजारीबाग में रहकर नौकरी करता है। गांव में चर्चा है कि हत्या बेहद योजनाबद्ध तरीके से की गई है, कारण कि घर में संघर्ष के ज्यादा निशान नहीं मिले हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर हत्यारे घर के भीतर कैसे दाखिल हुए।

पुलिस हर पहलु से जांच में जुटी है, वहीं गांव में डर और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी कृष्णा गुप्ता ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

पहले ही दिन सुपरहिट युवासाथी योजना, आवेदनों का लगा अंबार

1004255971

कोलकाता // राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई युवासाथी योजना को राजनीतिक हलकों में मुख्यमंत्री का मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। राज्य के युवाओं के बीच इस योजना को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, जिसका प्रमाण इसके पहले ही दिन सामने आ गया।

रविवार से राज्य सरकार ने स्वनिर्भर बांग्ला शिविर के माध्यम से युवासाथी योजना में नामांकन की प्रक्रिया शुरू की। नामांकन प्रक्रिया सुबह से शाम तक चली। युवासाथी के अलावा इन शिविरों से लक्ष्मी भंडार, भूमिहीन कृषि श्रमिकों की आर्थिक सहायता और कृषि क्षेत्र में बिजली बिल माफी जैसी योजनाओं के लिए भी आवेदन लिए जा रहे हैं। हालांकि, पहले ही दिन सबसे अधिक आवेदन युवासाथी योजना के लिए ही जमा पड़े। रविवार शाम सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शिविर के पहले दिन चारों योजनाओं को मिलाकर कुल छह लाख से अधिक आवेदन जमा हुए। इनमें से 90 प्रतिशत से ज्यादा आवेदन केवल युवासाथी योजना के लिए थे। यानी पहले ही दिन युवासाथी में लगभग पांच लाख आवेदन दर्ज हो गए।

युवासाथी योजना के तहत राज्य सरकार बेरोजगार युवक-युवतियों को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले ही स्पष्ट किया है कि यह राशि अप्रैल महीने से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा होनी शुरू हो जाएगी। पहले दिन की इस भारी प्रतिक्रिया ने साफ कर दिया है कि युवासाथी योजना राज्य के युवाओं के बीच कितनी लोकप्रिय हो चुकी है। आने वाले दिनों में आवेदन संख्या और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

नेहा किस्कू बनी मिस ग्रैंड झारखंड-2026

1004253075

रांची // ब्रिकवे एंड कंपनी के तत्वावधान में स्टार एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के सहयोग से रविवार को होटल बीएनआर चाणक्य में मिस ग्रैंड झारखंड-2026 का आयोजन किया गया।इसमें मिस ग्रैंड झारखंड-2026 का खिताब नेहा किस्कू को मिला। इस प्रतियोगिता में राज्यभर से आई 12 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सबों ने जलवा बिखेरा। प्रतियोगिता में अंकिता सोनी, प्रवीना मंडल, काजल कुमारी, एंजेलिना, मानवी माही,अविश्का चांद, अलका कुमारी, सोनाली कुमारी, सौम्या पांडेय, पूनम बेक, नेहा किस्कू और अकांच्छा शॉ ने हिस्सा लिया। इन प्रतिभागियों ने रैंप वॉक, टैलेंट राउंड और व्यक्तित्व आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में एमटीवी स्पिलटविला की फाइनलिस्ट अनुष्का घोष ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। वहीं, मिस ग्रांड इंडिया के नेशनल डायरेक्टर सौरव आनंद और मिस ग्रांड झारखंड की स्टेट डायरेक्टर स्टेला नारायण ने जज की भूमिका निभाई। मौके पर स्टेला नारायण ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों में सौंदर्य के साथ आत्मविश्वास और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रिकवे एंड कंपनी के संस्थापक लोकेश मिश्रा, क्रिएटिव डायरेक्टर यास्मिन, को-ऑडिनेटर जुही भारती, प्रियांशु चौधरी और प्रीति कुमारी सहित अन्य ने सहयोग दिया।

भारतीय महिला टीम ने पहले टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया

1004253011

सिडनी // भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम को 21 रनों से हरा दिया। रविवार को यह मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। बारिश से प्रभावित इस मैच में भारतीय टीम को डकवर्थ-लुईस (डीएलएस) नियम के आधार पर विजेता घोषित किया गया।

मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजी के लिए उतरी और तेज शुरुआत करते हुए पहले 10 ओवर में 87 रन बना लिए, हालांकि इस दौरान उसने पांच विकेट भी गंवा दिए। बेथ मूनी (5), जॉर्जिया वॉल (18), एलिस पेरी (20), एश्ले गार्डनर (4) और फीबी लिचफील्ड (26) सस्ते में आउट हो गईं।

जॉर्जिया वेयरहम ने 19 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 30 रन बनाए लेकिन नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों के कारण ऑस्ट्रेलियाई टीम 18 ओवर में 133 रन पर ऑलआउट हो गई।भारत की ओर से अरुंधति रेड्डी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। रेणुका सिंह ठाकुर और श्री चरणी ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ को एक-एक सफलता मिली।

134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 11 गेंदों में एक चौका और दो छक्कों की मदद से 21 रन बनाए। भारत ने 5.1 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए थे, तभी तेज बारिश शुरू हो गई। बाद में जब बारिश नहीं थमी तो डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारतीय टीम को 21 रन से विजेता घोषित कर दिया गया।ऑस्ट्रेलिया की ओर से सोफी मोलिन्यूक्स ने एकमात्र विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

महिलाओं के प्रति समाज की सोच को उनकी योग्यता व प्रतिभा के बल पर बदला जा सकता है : शिल्पी नेहा तिर्की

1004252794

रांची // अखिल भारतीय बैंक ऑफ इंडिया के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के कर्मचारियों के संघ की महिला शाखा का दूसरा सम्मेलन रविवार को रांची में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए राज्य की कृषि, पशुपाल एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि 21वीं सदी में भी कुछ लोग समाज को कमजोर करने और संविधान में दिए गए समानता के अधिकार के विपरीत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि महिलाओं के प्रति समाज की सोच को उनकी योग्यता और प्रतिभा के बल पर बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि घर-परिवार, समाज या कार्यक्षेत्र—हर जगह महिलाएं पुरुषों के समान कार्य करने में सक्षम हैं। इतिहास इस बात का साक्षी है कि महिलाओं ने हर दौर में संघर्ष कर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है, जिसके माध्यम से किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है। कन्वेंशन को संतोषी केरकेट्टा, बिंदेश्वर प्रसाद, जेके कामले, एजे प्रबल, गुरु प्रसाद गोंड, अरुण, हरि शंकर नायक और सुनील लकड़ा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी, पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Chatra News। नाबालिग की हत्या के आरोप में तीन पर मामला दर्ज

चतरा // टंडवा थाना क्षेत्र के सिसई गांव की नाबालिग बच्ची की मौत के मामले में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतका के पिता केवल भुईया के बयान पर रविवार को तीन लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इसमें बच्ची का शव लेकर आई बिहार के पटना निवासी महिला मनीषा कुमारी, चालक सुजीत कुमार और बच्ची के एक रिश्तेदार का नाम शामिल है। इस रिश्तेदार ने ही बच्ची को पटना भेजा था।इधर, पुलिस ने मुख्य आरोपित मनीषा कुमारी और सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि सिसई निवासी केवल भुईया की नाबालिग बच्ची की पटना में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई थी। बच्ची मनीषा कुमारी के घर रहकर काम करती थी। शनिवार सुबह मनीषा बच्ची का शव लेकर सिसई गांव आई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हि.स.

शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

1004252721

कोडरमा // शादी कराने के लिए लडकी उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी करने वाले दो आराेपित गिरफ्तार किये गए हैं। मामले में सुलोचना गंगाराम सोनुने ग्राम संभाजी, थाना जितपुर (महाराष्ट्र) ने तिलैया थाना में लिखित शिकायत कराई थी। दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके परिजन और जान पहचान वाले लोगों को शादी के लिए लडकी उपलब्ध कराने के नाम पर तस्लीम अंसारी उर्फ आर्यन, साकिन हरली, सागर होटल के मालिक और मैनेजर किशोर कुमार वर्मा साकिन नवादा बस्ती थाना तिलैया, खुशबु देवी, हेमा कुमारी, रिंकी कुमारी सहित अन्य ने सुनियोजित तरीके से काफी मात्रा में पैसे की ठगी की।

इस संबंध में तिलैया थाना में मामला दर्ज किया गया। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों के विरूध कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। उक्त टीम ने तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों की गिरफ्तारी की गयी। इसमें तस्लीम अंसारी उर्फ आर्यन और सागर होटल के मालिक सह मैनेजर किशोर कुमार वर्मा शामिल हैं। पुलिस टीम की पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया है। आरोपितों ने बताया कि अधिक पैसा कमाने की लालच में दोनो ने खुशबू देवी, हेमा कुमारी, रिंकी देवी सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर लोगों को शादी के लिए लडकी उपलब्ध कराने का झांसा देकर पैसों की ठगी की।

पुलिस टीम को प्रारभिक जांच के दौरान पता चला है कि अभियुक्त सोची समझी सजिश के तहत शादी के लिए लडकी उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगो से संपर्क कर सागर होटल बुलाये और पैसे की ठगी की। पुलिस की टीम टीम ने मामले में सलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

बांग्लादेश में 17 फरवरी को नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में ओम बिरला करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

1004252687

नई दिल्ली // लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, नई सरकार का नेतृत्व बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान करेंगे। तारिक रहमान हाल ही में हुए चुनाव में बहुमत मिलने के बाद सरकार बनाने जा रहे हैं।

मंत्रालय ने कहा कि इस समारोह में लोकसभा अध्यक्ष की भागीदारी भारत और बांग्लादेश के बीच गहरी और मजबूत मित्रता को दर्शाती है। यह दोनों देशों के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दिखाता है।

मंत्रालय के अनुसार, भारत ने बांग्लादेश में नई निर्वाचित सरकार के गठन का स्वागत किया है। दोनों देशों के बीच साझा इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान के मजबूत संबंध हैं।

Cyber Crime News। युवती को डिजीटल अरेस्ट करने पर पाैने दाे साल बाद मामला दर्ज

1004251630

जींद // साइबर थाना पुलिस ने युवती को डिजिटल अरेस्ट कर 81 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले में लगभग पौने दो साल बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नरवाना के बीरबल नगर निवासी नीतू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रेड मार्क फाइलिंग एजेंट का कार्य करती है। 15 व 16 जुलाई 2024 को उसके पास अलग-अलग नंबरों से कॉल आई और बताया कि वो ट्राई से बोल रहे हैं और आपके नंबर को बंद किया जा रहा है। अगर कोई दिक्कत है तो मुंबई पुलिस को कॉल ट्रांसफर की जा रही है। फिर एक व्यक्ति ने मुंबई पुलिसकर्मी बन कर उसका नंबर मनी लोंड्रिंग में प्रयोग होना बताया। बाकायदा उसे दो दिन फोन किए और अपना बैंक खाता वेरीफाई करवाने की बात कही। जिसके बाद आरोपितों ने खाता नंबर देकर अलग-अलग समय में 81 हजार रुपये डलवा लिए।

जिसके बाद उसने वेरीफिकेशन पूरी होने के बाद राशि वापस मांगी तो आरोपित ने केस से नाम निकलवाने के लिए डेढ़ लाख रुपये की डिमांड की। जब उसने अपने दोस्त से बात शेयर की तो धोखाधड़ी का पता चला। 24 जुलाई 2024 को उसने बैंक तथा टोल फ्री नंबर पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। लगातार वो कभी किसी थाने तो कभी किसी थाने में अपनी शिकायत लेकर जाती रही। कार्रवाई न होने पर उसने अदालत में याचिका डाली तो अदालत के आदेश पर उसकी होल्ड राशि तो वापस आ गई लेकिन मामला दर्ज नही हुआ। आखिरकार उसने शहर थाना नरवाना, साइबर थाना, बैंक को लीगल नोटिस भेजे। कई बार रिमाइंडर भेजने के बाद भी कोई रिप्लाई नही आया। आखिरकार उसने दो सितंबर 2025 को पुलिस रवैये के खिलाफ मानव अधिकार आयोग को शिकायत भेजी। जिसमें शहर थाना नरवाना ईश्वर सिंह, आईओ सुरेश कुमार, सब इंसपेक्टर गीता पर लापरवाही बरतने, अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए गए।मानव अधिकार आयोग ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सिन्हा को सौंपी गई। जिसके आधार पर साइबर थाना पुलिस ने नीतू शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रविवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने पूर्व मेयर के घोषणा पत्र पर उठाये सवाल

1004251555

पलामू // झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने रविवार दोपहर 12 बजे पूर्व मेयर अरुणा शंकर के घोषणा पत्र पर सवाल उठाए। मेदिनीनगर के एक होटल में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उनके कार्य को अपनी उपलब्धि बताकर पूर्व महापौर भ्रम फैला रही हैं।

उनके संकल्प पत्र में निगम की प्रथम बोर्ड बैठक में चौधराना बाजार की दुकानों का किराया चार रुपये स्क्वायर फिट करने की बात कही गई है। यह संकल्प पत्र पूरी तरह से गलत है। मेदिनीनगर के श्रवण गुप्ता, केडी सिंह और विनोद अग्रवाल के साथ मेदिनीनगर नगर परिषद की ओर नगरपालिका बाजार स्थित स्टॉल का लाइसेंस शुल्क में वृद्धि किए जाने के संबंध में सरकार से बात की थी। उनके आग्रह पर सरकार ने नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त को पत्र लिखा था।त्रिपाठी ने उस पत्र की प्रतिलिपि भी दिखाई। उन्हाेंने कहा कि इस पत्र में सरकार ने स्पष्ट रूप से कहा गया है त्रिपाठी जी के आग्रह पर नगरपालिका बाजार स्थित रोड साइड दुकानों का लाइसेंस शुल्क चार रुपये प्रति वर्ग फीट एवं नगरपालिका बाजार दुकानों का लाइसेंस शुल्क छह रूपये प्रति वर्ग फीट एवं नगरपालिका बाजार दुकानों का लाइसेंस शुल्क छह रुपये प्रति वर्ग फीट के स्थान पर एक समान रूप से सभी दुकानों का किराया चार रुपये प्रति वर्ग फीट मासिक की दर से लेने का निर्णय लिया गया।

त्रिपाठी ने कहा कि चौधराना बाजार की दुकानों का किराया चार रुपये स्क्वायर फिट लेना उनके प्रयास का ही फल है। बावजूद पूर्व महापौर के कार्यकाल में छह स्क्वायर फीट के हिसाब से किराया वसूला गया जो पूरी तरह से गैरकानूनी है। उनकी पुत्री नम्रता त्रिपाठी अगर मेयर पद पर चुनाव जीतती है तो निर्धारित रेट से ज्यादा वसूले गए किराए को समायोजित किया जाएगा। पूर्व मंत्री त्रिपाठी ने पूर्व महापौर पर ठेका में कमीशन लेने का आरोप लगाया। इन आरोपों की सत्यता के लिए उन्होंने नगर निगम कार्यालय से लिए गए कागजात को भी पत्रकारों को दिखाये।

त्रिपाठी ने यह भी कहा कि मेयर पद की एक प्रत्याशी बंदूक के बल पर जबकि दूसरी अधिकारियों को मिलाकर मेदिनी नगर को लूटना चाहती हैं, इसी कारण उन्होंने अपनी पुत्री नम्रता त्रिपाठी को चुनाव मैदान में उतारा है। नम्रता चुनाव जीतकर यहां के लोगों की आवाज बनेगी। पत्रकार वार्ता में शहर के बिजनेसमैन सरवन गुप्ता ने भी चौधराना बाजार की दुकानों का किराया चार रुपये स्क्वायर फिट लिये जाने संबंधी बातों को विस्तार से बताया।

कुलदीप की फिरकी पाकिस्तान के बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित होगी

1004251484

कानपुर // आईसीसी पुरुष टी20 विश्वकप 2026 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है। ग्रुप ए के इस हाई-वोल्टेज मैच में दोनों टीमें जीत के इरादे से मैदान में उतरेंगी। श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शाम सात बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होने वाले इस मुकाबले को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। खासकर कानपुर के लाेगाें में एक अलग उत्साह है क्याेंकि इस मैच में शहर के लाल कुलदीप यादव काे मैदान पर विकेट चटकाते कम्पूवासी देखना चाहते हैं।

मैच से पहले भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के शुरुआती कोच रहे कपिल पाण्डेय ने टीम इंडिया की जीत को लेकर भरोसा जताया है। कानपुर के कमला क्लब ग्राउंड से जुड़े कपिल पाण्डेय ने कहा कि कुलदीप की फिरकी आज पाकिस्तान के बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि कुलदीप अपनी चाइनामैन गेंदबाजी से मैच का रुख भारत की ओर मोड़ सकते हैं। कपिल पाण्डेय ने भारतीय टीम के संतुलन की सराहना करते हुए कहा कि बल्लेबाजी क्रम में सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या जैसे खिलाड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने की क्षमता रखते हैं।

वहीं गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह के साथ कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती का संयोजन भारत को मजबूत बनाता है। ग्रुप ए में सुपर-8 की रेस तेज हो चुकी है, ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए निर्णायक माना जा रहा है। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे टीम का आत्मविश्वास चरम पर है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें आज होने वाले इस महामुकाबले पर टिकी हैं।

भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान महिला टीम को 8 विकेट से हराया

1004251349

बैंकॉक // भारतीय ए महिला टीम ने एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्‍तान ए महिला टीम को आठ विकेट से करारी शिकस्‍त दी। रविवार को बैंकॉक के टेरदथाई क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन पूरी टीम 18.5 ओवर में 93 रन पर सिमट गई। जवाब में भारतीय ए महिला टीम ने 10.1 ओवर में ही 2 विकेट खोकर 97 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

94 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज हुमैरा काजी पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद वृंदा दिनेश और अनुष्का शर्मा ने पारी को संभालते हुए 50 गेंदों में 79 रनों की मजबूत साझेदारी की।

अनुष्का 26 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन इसके बाद कोई और विकेट नहीं गिरा। वृंदा दिनेश ने आक्रामक अंदाज में 29 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए, जिसमें 12 चौके शामिल रहे। तेजल हसबनीस ने 5 गेंदों पर नाबाद 12 रन जोड़े।

पाकिस्तान की ओर से वहीदा अख्तर और मोमिना रियासत ने एक-एक विकेट लिया।इससे पहले पाकिस्तान की पारी के दौरान भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। इससे पाकिस्तान के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, जिससे वह संभल नहीं सकी और पूरी टीम 93 रनों पर ढेर हो गई। पाकिस्तान की ओर से सलामी खिलाड़ी शवाल जुल्फिकर ने सर्वाधिक 23 रन बनाए, जबकि गुल रुख ने 21 और अनोशा नासिर ने 17 रन जोड़े। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका।

भारतीय ए महिला टीम की ओर से सायमा ठाकोर, राधा यादव और प्रेमा रावत ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं जिंतिमानी कलिता और मीनू मणि को एक-एक सफलता मिली।

बिस्किट बांटने के आरोप में भाजपा समर्थित प्रत्याशी पर केस , उम्मीदवारी भी रद्द होने की संभावना

1004250459

पश्चिमी सिंहभूम // पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में नगर परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। चुनावी माहौल के बीच अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खीरवाल उर्फ लड्डू विवादों में घिर गए हैं। उन पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगा है और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रत्याशी को चुनाव आयोग की ओर से ‘बिस्किट’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। आरोप है कि वे चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं के बीच बिस्किट का वितरण कर रहे थे। इसे मतदाताओं को प्रलोभन देने की श्रेणी में माना गया है। चुनाव ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे प्रथम दृष्टया आचार संहिता का उल्लंघन माना और इसकी लिखित शिकायत जिला निर्वाचन पदाधिकारी को भेज दी।

मजिस्ट्रेट की अनुशंसा के आधार पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार ने रविवार को पुष्टि करते हुए बताया कि मजिस्ट्रेट के आवेदन पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है और मामले की जांच की जा रही है।जानकारों का कहना है कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार का उपहार, खाद्य सामग्री या अन्य वस्तु देकर प्रभावित करना चुनाव नियमों के खिलाफ है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। यहां तक कि उनकी उम्मीदवारी भी रद्द होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता

दुर्गापुर के आईक्यू सिटी मेडिकल कॉलेज में फंदे से लटकता छात्र का शव बरामद

आसनसोल // दुर्गापुर के आईक्यू सिटी मेडिकल कॉलेज में बिहार का मेडिकल छात्र की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गयी। रविवार को आईक्यू सिटी मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र लावण्य प्रताप (22) का हॉस्टल के बाथरूम में झूलता शव बरामद हुआ।

1004250596

सूत्रों के अनुसार, मृतक लावण्य प्रताप बिहार के पटना के भोला रोड निवासी थे। लावण्य प्रताप दुर्गापुर की आईटी सिटी मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष के छात्र थे। इस वर्ष वार्षिक परीक्षा में बेहतर अंक लावण्य को नहीं मिली थी। शनिवार देर रात हॉस्टल के कमरे के शौचालय गया था। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर सहयोगियों को संदेह होने पर सूचना पुलिस को दी।

सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पहुंची एवं बाथरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। जहां लावण्य का झूलता शव देख सभी दंग रह गए। रविवार दोपहर डिप्टी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में शव का पोस्टमार्टम किया गया। उसके बाद शव को आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया। बेटे की मौत की खबर पाकर रविवार को पिता और अन्य रिश्तेदार दुर्गापुर पहुंचे। लावण्य के पिता अनिल राय ने बताया कि शनिवार की देर रात हॉस्टल के सहयोगियों से सूचना मिली। वार्षिक परीक्षा में लावण्य को प्रोजेक्ट में अच्छा नंबर नहीं मिला था। उस विषय की प्रोजेक्ट के दोबारा जांच करने को लेकरआवेदन किया था। इससे ज्यादा कुछ उनको नहीं पता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

पूर्वी सिंहभूम में मेयर चुनाव बना सियासी प्रतिष्ठा का संग्राम

IMG 20260215 154737

पूर्वी सिंहभूम // जमशेदपुर के मानगो और जुगसलाई नगर निगम का मेयर चुनाव इस बार स्थानीय विकास के मुद्दों से आगे बढ़कर राजनीतिक वर्चस्व, संगठनात्मक अनुशासन और पारिवारिक प्रभाव की सीधी टक्कर बन गया है। महिलाओं के लिए आरक्षित सीट ने जहां महिला नेतृत्व को अवसर दिया है, वहीं जमीनी स्तर पर यह चुनाव प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में उभर रहा है।

मानगो में झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी सुधा गुप्ता के समर्थन में खुलकर चुनावी मोर्चा संभाले हुए हैं। उनके समर्थक इसे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रहे हैं। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव को मैदान में उतारा। प्रदेश नेतृत्व से मतभेद के बाद मामला तूल पकड़ गया।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस में राजकुमार श्रीवास्तव से स्पष्ट करने को कहा गया कि वे पार्टी लाइन का पालन करेंगे या पत्नी की उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे। इसके बाद उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता और सभी दायित्वों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने 45 वर्षों की सेवा के बावजूद अपमानित किए जाने का आरोप लगाया और न्यायालय जाने की बात कही। इस घटनाक्रम ने भाजपा की स्थानीय इकाई में असंतोष को उजागर कर दिया है।

चुनावी चर्चा में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा महिलाओं के लिए आरक्षण को लेकर उठाए गए कदम भी केंद्र में हैं। राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहा है कि क्या यह आरक्षण वास्तविक महिला नेतृत्व को आगे ला रहा है या प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों के विस्तार का माध्यम बन रहा है।

जुगसलाई नगर निगम में भी समीकरण कम दिलचस्प नहीं हैं।

जुगसलाई नगर निगम में भी समीकरण कम दिलचस्प नहीं हैं। यहां नौशीन खान मैदान में हैं, जिनके पति हेदायतुल्ला खान को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से जुड़ा प्रभावशाली चेहरा माना जाता है। हालांकि पार्टी ने उन्हें आधिकारिक समर्थन नहीं दिया है, फिर भी उनका राजनीतिक नेटवर्क चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर रहा है। डॉली मल्लिक के पीछे उनके पति मानिक मल्लिक की सक्रियता चर्चा में है, जबकि बलबीर कौर के समर्थन में उनके पति शैलेंद्र सिंह, जो सिख समाज में प्रभाव रखते हैं, रणनीति में जुटे हैं।

इसके अलावा नीलूफर और रिंकू सिंह भी मेयर पद की प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रिंकू सिंह को छोड़ अधिकांश प्रत्याशियों के पीछे मजबूत सामाजिक और राजनीतिक आधार वाले परिवार खड़े हैं, जिससे मुकाबला और अधिक बहुआयामी हो गया है।

परिवार की राजनीतिक विरासत’ बनाम ‘पार्टी अनुशासन

मानगो और जुगसलाई का चुनाव इस बार दलीय सीमाओं से आगे निकलकर ‘परिवार की राजनीतिक विरासत’ बनाम ‘पार्टी अनुशासन’ की बहस का केंद्र बन गया है। एक ओर भाजपा आंतरिक अनुशासन और आधिकारिक समर्थन की लाइन पर कायम रहने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस और अन्य दल इसे अपनी-अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रहे हैं।राजनीति के जानकारों का मानना है कि यह मतदान सिर्फ मेयर का फैसला नहीं करेगा, बल्कि यह भी संकेत देगा कि स्थानीय राजनीति में मतदाता पार्टी की आधिकारिक रणनीति को तरजीह देते हैं या प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों की पकड़ को।

यह चुनाव आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले शहरी राजनीतिक समीकरणों की दिशा भी तय कर सकता है।