उच्चस्तरीय बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, समय पर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश
देवघर // झारखंड के निदेशक समिति सह निदेशक भूमि संरक्षण विकास कुमार ने बुधवार को देवघर दौरे के दौरान कृषि एवं भूमि संरक्षण विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। संयुक्त कृषि भवन, चांदपुर में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने अधिकारियों एवं प्रसार कर्मियों को सभी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में आत्मा (ATMA) द्वारा संचालित प्रशिक्षण, किसान परिभ्रमण, प्रत्यक्षण, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM) तथा भूमि संरक्षण योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। निदेशक ने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।देवीपुर में तालाब जीर्णोद्धार और प्राकृतिक खेती का किया निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद निदेशक विकास कुमार ने देवीपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर भूमि संरक्षण विभाग द्वारा कराए गए तालाब जीर्णोद्धार एवं डीप बोरिंग कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और किसानों से बातचीत कर कार्यों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक खेती (नेचुरल फार्मिंग) के तहत किए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया और किसानों द्वारा अपनाई जा रही इस पहल की सराहना की।
100 प्रतिशत अनुदान पर बांटे गए अरहर के बीजमधुपुर प्रखंड की पत्थलजोड़ पंचायत के चेचाली गांव में आयोजित किसान गोष्ठी में निदेशक ने किसानों को संबोधित किया। इस अवसर पर किसानों के बीच 100 प्रतिशत अनुदान पर अरहर के बीज वितरित किए गए।

उन्होंने किसानों को दलहनी फसलों के वैज्ञानिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि अरहर जैसी फसलें प्राकृतिक रूप से मिट्टी में नाइट्रोजन स्थिरीकरण करती हैं, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ती है और अगली फसल को भी लाभ मिलता है। इससे यूरिया की आवश्यकता भी कम हो जाती है।
किसानों का बढ़ाया उत्साह, खुद खेत में उतरकर की धान रोपनी
किसानों का मनोबल बढ़ाने के लिए निदेशक विकास कुमार स्वयं खेत में उतरे और किसानों के साथ पारंपरिक तरीके से धान की रोपनी की। अधिकारियों को खेत में काम करते देख किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे किसानों के प्रति सकारात्मक संदेश बताया।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. बिना कुमारी टुडू, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी यशराज, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) अरविंद कुमार राय, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक शशांक शेखर सहित कृषि विभाग के अधिकारी, प्रसार कर्मी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
