साहिबगंज// जिले में संचालित SIR-2026 (विशेष गहन पुनरीक्षण) के सफल क्रियान्वयन को लेकर आज भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के सचिव श्री संजीव कुमार प्रसाद का साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड में आगमन हुआ। इस अवसर पर वन प्रमंडल के अतिथि भवन में SIR-2026 से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भारत निर्वाचन आयोग के सचिव का स्वागत किया।
समीक्षा के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के सचिव श्री संजीव कुमार प्रसाद ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि बरहेट (अ०ज०जा०) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदिवासी एवं पहाड़िया समुदाय के पात्र मतदाताओं का नाम किसी भी परिस्थिति में मतदाता सूची से विलोपित नहीं हो। साथ ही, मतदाता सूची में किसी भी अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति का नाम शामिल न हो।
उन्होंने SIR-2026 के तहत प्राप्त दावा एवं आपत्ति से संबंधित दस्तावेजों तथा अभिलेखों का जायजा लिया । इस दौरान दस्तावेजों एवं अभिलेखों का सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, दावा एवं आपत्ति से संबंधित मामलों की सुनवाई की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित सुनवाई कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
भारत निर्वाचन आयोग के सचिव ने बरहेट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पात्र मतदाताओं से संबंधित सुनवाई की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण करें तथा प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें।
SIR-2026 के तहत दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि 05 अगस्त 2026 से 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। इस अवधि में प्राप्त सभी दावा एवं आपत्ति आवेदनों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर निर्वाची पदाधिकारी, बरहेट -सह- अपर समाहर्ता विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू, सहित सभी संबंधित सहायक निर्वाची पदाधिकारी, BLO एवं निर्वाचन कर्मी उपस्थित थे।
