उपायुक्त ने मारगोमुण्डा के पंदनियाँ गाँव का किया औचक निरीक्षण; पंचायत सचिवालय बंद मिलने पर पंचायत सचिव को शो-कॉज
पीवीटीजी (PVTG) परिवारों को मिलने वाली राशन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत से हुए अवगत
पेयजल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने का प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया निर्देश…..
देवघर// उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह द्वारा बुधवार के दिन मारगोमुण्डा प्रखंड के अंतर्गत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह पीवीटीजी गाँव पंदनियाँ का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का व्यापक जायजा लिया।
पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें
इसके अलावा निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने स्थानीय पीवीटीजी परिवारों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों को मिलने वाले राशन, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े इन परिवारों को सरकार की हर योजना का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
पेयजल संकट पर सख्त निर्देश….
गाँव में पानी की समस्या को देखते हुए उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था और भी सुदृढ़ किये जायेंगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकारी कार्यों में शिथिलता बरतने वाले कर्मियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पंदनियाँ पंचायत सचिवालय बंद पाए जाने पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी और रोष प्रकट किया। कार्य के प्रति इस घोर लापरवाही को देखते हुए उन्होंने संबंधित पंचायत सचिव के खिलाफ तत्काल स्पष्टीकरण (शो-कॉज) जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में शिथिलता बरतने वाले कर्मियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
