देवघर। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा देवघर जिले में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। छठ महापर्व के अवसर पर रविवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने डड़वा नदी छठ घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को विधिवत अर्घ्य अर्पित किया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर एवं अनुमंडल पदाधिकारी (देवघर) रवि कुमार भी मौजूद रहे। घाट पर पहुंचने पर स्थानीय छठ पूजा समिति के सदस्यों ने उपायुक्त एवं अन्य वरीय अधिकारियों का स्वागत किया।

अर्घ्य अर्पित करने के बाद उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि भगवान सूर्य देव अपनी असीम ऊर्जा से सभी के जीवन को प्रकाशवान, सुखमय और ऊर्जावान बनाएं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन मुस्तैद
छठ महापर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले के सभी चिन्हित छठ घाटों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अधिकारी लगातार घाटों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
छठ पूजा समितियों से समन्वय बनाए रखने की अपील
उपायुक्त ने महापर्व के सफल आयोजन में प्रतिनियुक्त वरीय अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, सुरक्षा बलों एवं एनडीआरएफ की टीम के कार्यों की सराहना की।

साथ ही सभी छठ पूजा समितियों से जिला प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की।
प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ महापर्व के दौरान किसी भी श्रद्धालु या छठव्रती को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो।
