दुमका उपायुक्त में दिया मृत मजदूर के पार्थिव शरीर को लेह लद्दाख से जल्द मंगाने का आश्वासन
पुलिस अधीक्षक का मृतक की पत्नी एवं ग्रामीणों को शिकारीपाड़ा थाना में आवेदन देने का निर्देश
रविवार को शिकारीपाड़ा थाना ने आवेदन लेने से कर दिया था इंकार : कहा था कि लेह लद्दाख में जाकर दो आवेदन
दुमका // जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के अमडा डोभा गांव की रहने वाली कोमली मुर्मू लेह लद्दाख में मारे गए मजदूर पति की लाश को मंगवाने के साथ मेठ पर कार्रवाई के लिए रविवार को शिकारीपाड़ा थाना में आवेदन देने गई, जहां उसे घटना वाले क्षेत्र में जाकर आवेदन देने को कहा गया।
मोटरसाइकिल दिलाने का लालच देकर ले गया था
मृतक की पत्नी कोमली मुर्मू के अनुसार उसके पति परमेश्वर लोहार उम्र 32 वर्ष ग्राम आमडा डोभा पोस्ट छातुपाड़ा थाना शिकारीपाड़ा जिला दुमका को 5 माह पूर्व सुखलाल देहरी पिता जग्गू डेहरी ग्राम बाबू पाड़ा पोस्ट पगड़ाहा द्वारा मेट काशिफ अंसारी पिता यूनुस मियां ग्राम हथिया पात्थर पोस्ट गोड़माला थाना टोंगरा जिला दुमका के साथ काम करने एवं मोटरसाइकिल दिलाने का लालच देकर 54 आरसीसी ग्रिप नामक जगह पर कार्य करने के लिए ले गया।
जरूरत से ज्यादा दारू पिलाने के कारण हुई मृत्यु पर कानूनी कार्रवाई की मांग
जबकि उसका आधार कार्ड भी नहीं था। सुखलाल ने बोला कि मेठ काशिफ अंसारी आधार कार्ड बनाता है, परमेश्वर का भी आधार कार्ड बना देगा और उसे अपने साथ ले गया। सूचना मिली कि 6.5.2026 को परमेश्वर की मृत्यु हो गई है, जिसकी फोटो भी दिखाया। परमेश्वर की पत्नी ने शिकारीपाड़ा थाना में आवेदन देकर कहा कि आपसे प्रार्थना है कि मेरे पति के मृत शरीर को अंतिम दर्शन के लिए घर लाने की व्यवस्था की जाएं एवं कासिफ अंसारी व सुखलाल डेहरी के द्वारा फर्जी आधार कार्ड बनाने, जरूरत से ज्यादा दारू पिलाने के कारण हुई मृत्यु पर कानूनी कार्रवाई करने की कृपा की जाए।
डीसी ने दिया आश्वासन
जब शिकारीपाड़ा थाना ने आवेदन लेने से इनकार कर दिया तो मृतक की पत्नी को साथ लेकर मिली मुर्मू ग्राम प्रधान ठाकुर मुर्मू एवं काफी संख्या में ग्रामीणों को लेकर जिला मुख्यालय दुमका पहुंची और पुलिस अधीक्षक एवं उपायुक्त दुमका से पार्थिव शरीर को मंगाने तथा उक्त दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई। जिस पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा जल्द से जल्द पार्थिव शरीर मंगाने का आश्वासन दिया गया तथा पुलिस अधीक्षक दुमका द्वारा निर्देश दिया गया कि वह शिकारीपाड़ा थाना में जाकर लिखित आवेदन जमा करें। दुमका से लौटने के पश्चात मृतक की पत्नी सहित ग्रामीणों ने शिकारीपाड़ा थाना में लिखित आवेदन जमा किया।
