देवघर// नगर थाना क्षेत्र कल्याणपुर सत्संग – इलाके में जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पूर्व विधायक नारायण दास की पत्नी रीता भारती ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में जिक्र किया है कि तीन फरवरी की शाम – करीब पांच बजे सर्वेश यादव, सोमेश यादव, पप्पू यादव समेत आठ लोग अचानक उनके घर के पास पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।
एससी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोप है कि सभी ने जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें अपमानित किया और घर छोड़कर भाग जाने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की। हल्ला होने पर उनके पति नारायण दास मौके पर पहुंचे, जहां सोमेश यादव ने लाठी से उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। बचाव के दौरान भी दोबारा प्रहार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये। अन्य आरोपियों ने भी जातिसूचक गालियां देते हुए दोनों को अपमानित किया।
जमीन विवाद का है मामला
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना की जड़ में जमीन विवाद है। आरोप है कि दबंगई दिखाते हुए आरोपियों ने उनके घर के सामने सड़क पर अतिक्रमण कर लिया है। विरोध करने पर ही इस घटना को अंजाम दिया गया। पीड़ित ने सभी आरोपियों को दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए अपने और पति की जान को खतरा बताया है। उन्होंने पुलिस से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
