देवघर // साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 सितंबर 2026 को पथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर कथित तौर पर साइबर ठगी में संलिप्त 10 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि पथरड्डा ओपी क्षेत्र में कुछ लोग अलग-अलग कंपनियों और सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों को फोन कर ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदिग्धों को पकड़ा। उनके पास से मिले मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है।
अलग-अलग तरीकों से करते थे ठगी
- पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को कैशबैक या सहायता का झांसा देते थे।
- इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान आदि के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने की कोशिश की जाती थी।
- Airtel Payment Bank का अधिकारी बताकर ग्राहकों को झांसे में लेते थे। Airtel Thanks App के माध्यम से कार्ड बंद होने या उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर भी ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
15 मोबाइल और 18 सिम बरामद
- छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के संबंध में अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- महेश राणा, गौतम राणा, पाण्डव महतो, शुभम यादव, उत्तम राणा, लालूमोहन राणा, कैलाश दास, कुन्दन कुमार दास, मनुवर अंसारी और छलबली कुमार शामिल हैं।
सभी देवघर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।चार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में उत्तम राणा के खिलाफ देवघर साइबर थाना कांड संख्या 38/21, कैलाश दास के खिलाफ कांड संख्या 102/24, कुन्दन कुमार दास के खिलाफ कांड संख्या 85/20 और मनुवर अंसारी के खिलाफ कांड संख्या 81/20 में मामला दर्ज है।पुलिस ने बताया कि मामले में बरामद डिजिटल उपकरणों की तकनीकी जांच जारी है। जांच के आधार पर साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और संभावित नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
