वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो से दबोचा
हजारीबाग // के गिद्दी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक स्कॉर्पियो, एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर कनकी मोड़ पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में कनकी मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार अपराधी भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित सिंह उर्फ कुणाल और भोला उर्फ ओम प्रकाश पाल के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लूट, रंगदारी, फिरौती वसूली और फायरिंग जैसी आपराधिक घटनाओं में सक्रिय रहा है।
बीएनएस और आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गिद्दी थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मोहित सिंह का नाम पहले से भी कई आपराधिक मामलों में दर्ज है।
देवघर // जिले में उत्पादित आम्रपाली आम अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बना चुका है। पहली बार जिले से 1 टन (1000 किलोग्राम) आम्रपाली आम की खेप दुबई भेजी गई है, जहां यह प्रसिद्ध लुलु रिटेल स्टोर के काउंटरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध है।
महिला किसानों की मेहनत को मिली वैश्विक पहचान
महिला स्वयं सहायता समूहों की बड़ी उपलब्धियह ऐतिहासिक उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि निर्यात किए गए आम मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी (FPO) से जुड़ी महिला किसानों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित किए गए हैं।
आम भेजते हुए देवघर उपायुक्त , उप विकास आयुक्त एवं अन्य अधिकारी और किसानका फाइल फोटो
निर्यात की प्रक्रिया में APEDA का सहयोग भी मिला। अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को ध्यान में रखते हुए आमों की विशेष पैकेजिंग की गई, ताकि उनकी ताजगी और स्वाद सुरक्षित रहे।
देवघर के किसानों के लिए खुला वैश्विक बाजार
यह पहली बार है जब देवघर जिले के किसानों का कोई कृषि उत्पाद सीधे वैश्विक बाजार तक पहुंचा है। इससे स्थानीय किसानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ-साथ उनके लिए नए व्यापारिक अवसर भी खुलेंगे।उपायुक्त बोले— किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदमउपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि यह उपलब्धि किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि इस सफलता के बाद जिले के अन्य कृषि उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी।
देवघर // भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन जिला अध्यक्ष सचिन रवानी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी रहे। सम्मेलन की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों पर बोले बाबूलाल मरांडी
अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, राष्ट्रवादी विचारों और देश के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद परिवार से थे और कोलकाता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बने, लेकिन उन्होंने देश सेवा को सर्वोपरि मानते हुए सार्वजनिक जीवन का रास्ता चुना।
उद्योग नीति और जनसंघ की स्थापना का किया उल्लेख
मरांडी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में देश की पहली औद्योगिक नीति लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में चित्तरंजन रेल कारखाना और सिंदरी उर्वरक संयंत्र जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू हुईं। उन्होंने बताया कि 1950 में लियाकत समझौते के विरोध में डॉ. मुखर्जी ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की।
कश्मीर मुद्दे और अनुच्छेद 370 का किया जिक्र
बाबूलाल मरांडी ने डॉ. मुखर्जी के प्रसिद्ध नारे “एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उल्लेख करते हुए कहा कि कश्मीर के मुद्दे पर उनका बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनके संकल्पों को पूरा करने का कार्य किया गया है।
SIR और राज्य सरकार पर भी साधा निशाना
सम्मेलन में बाबूलाल मरांडी ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) विषय पर भी विस्तार से अपनी बात रखी तथा झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों की आलोचना की।
रणधीर सिंह ने विकास कार्यों में अनियमितता का लगाया आरोप
पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल और कश्मीर के भारत का अभिन्न अंग बने रहने में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बड़ा योगदान है। उन्होंने देवघर में चल रहे विकास कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए बालू और गिट्टी के अवैध दोहन का मुद्दा भी उठाया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, रीता चौरसिया, संजीव जजवाड़े, विशाखा सिंह, सुनीता सिंह, अभयानंद झा, नवल राय, अधीर चंद्र भैया, पप्पू यादव, पंकज सिंह भदोरिया, विजया सिंह, मुकेश पाठक, संतोष मुर्मू, मनोज मिश्रा, जयकांत मंडल, अलका सोनी, सचिन सुल्तानिया, संतोष उपाध्याय, दिनेश सोनी, महेश राय, संजय यादव, विपिन देव, धनंजय तिवारी, अमनदीप गोलू सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देवघर // पत्रकार चमन कुमार के आवास पर हुई आयकर विभाग की छापेमारी के विरोध में मोहनपुर प्रखंड के महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष हेमंत चौधरी और कांग्रेस नेता गौतम तुरी के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकालकर सांसद निशिकांत दुबे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी भी की।
मशाल जुलूस निकालकर किया विरोध प्रदर्शन
महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने “सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग बंद करो”, “निशिकांत दुबे मुर्दाबाद” और “नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए पत्रकार चमन कुमार पर हुई आयकर कार्रवाई का विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विरोधी आवाजों को दबाने के लिए किया जा रहा है।
पत्रकारों की आवाज दबाने का आरोप
कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष हेमंत चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ पत्रकारिता है और पत्रकार कठिन परिस्थितियों में खबरें जुटाते हैं। उनका आरोप था कि चमन कुमार द्वारा नमो एंबुलेंस में आग लगने की खबर प्रकाशित किए जाने के कुछ दिनों बाद ही आयकर विभाग की कार्रवाई हुई। उन्होंने इसे पत्रकार की आवाज कमजोर करने की कोशिश बताया।
निशिकांत दुबे और एंबुलेंस योजना की जांच की मांग
कांग्रेस नेता गौतम तुरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने सांसद निशिकांत दुबे पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए। साथ ही सांसद की संपत्ति और संबंधित संस्था की भी जांच कराने की मांग की।
राजद नेता ने भी उठाई जांच की मांग
राजद के वरिष्ठ नेता भूतनाथ यादव ने कहा कि पत्रकारों की आवाज दबाने की कोशिश लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने सांसद निशिकांत दुबे की संपत्ति और एंबुलेंस संचालन से जुड़े फाउंडेशन की जांच कराने की मांग दोहराई।
देवघर// पुलिस ने दो अभियुक्त को किया गिरफ्तार इन्होंने 18.जून.2026 को देवीपुर थाना क्षेत्र में लूट के दौरान एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने की घटना सहित जसीडीह एवं पथरड्डा थाना क्षेत्रों में लूट, अपहरण एवं मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में भी अपनी भूमिका स्वीकार की है। इन मामलों में संबंधित थानों में पूर्व से कांड दर्ज हैं।
दिनांक 05 जूलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक, देवघर के प्राप्त सूचनानुसार मोहनपुर रेलवे थाना क्षेत्र के समीप कुछ व्यक्ति राहगिरों से छिनतई करने का प्रयास किया जा रहा था। विशेष दल द्वारा सूचना सत्यापन तथा छापामारी की कार्रवाई के तहत दो अपराधियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त 1. राजीव कुमार दास (25 वर्ष) 2.संजीव कुमार दास (20 वर्ष), दोनों पिता कामदेव दास, ग्राम–आमगाछी, थाना–रिखिया, जिला–देवघर के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, ₹1,800 नकद एवं एक चोरी की ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने देवघर एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में चोरी, छिनतई, लूट, डकैती तथा हत्या जैसी कई गंभीर वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
देवघर नगर निगम की नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने सोमवार को शहर की स्वच्छता व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं—सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (SWM) प्लांट, लेगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और सेप्टेज ट्रीटमेंट प्लांट—का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को काम में तेजी लाने और तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
लेगेसी वेस्ट के धीमे निष्पादन पर जताई नाराजगी
नगर आयुक्त ने सबसे पहले लेगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण किया। यहां पुराने कचरे के निष्पादन की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने मशीनों और मानव संसाधनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
SWM प्लांट में संचालन व्यवस्था सुधारने का निर्देश
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (SWM) प्लांट का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण और निस्तारण की पूरी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि प्लांट का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए और स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।
सेप्टेज ट्रीटमेंट प्लांट में भी सुधार के निर्देश
सेप्टेज ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित एजेंसी को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लांट का संचालन पूरी क्षमता और निर्धारित मानकों के अनुसार होना चाहिए।
15 दिनों बाद होगी दोबारा समीक्षा
नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि तीनों परियोजनाओं की 15 दिनों बाद पुनः समीक्षा और निरीक्षण किया जाएगा। यदि निर्धारित अवधि में अपेक्षित प्रगति नहीं मिली तो संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ और सुंदर देवघर हमारी प्राथमिकता
नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर देवघर के निर्माण के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, लेगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक निष्पादन और सेप्टेज प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी नई दिशा मिलेगी।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान गौरव कुमार, सहायक नगर आयुक्त रंजीत सिंह, नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास, सेनेटरी सह फूड इंस्पेक्टर सुनील कुमार मेहता सहित संबंधित अभियंता, तकनीकी पदाधिकारी एवं संवेदक के प्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ नियमित निगरानी करते हुए तय लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भुरकुंडा के रिवरसाइड केंद्रीय विद्यालय के पास पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद घायल हुआ शिवा
रामगढ़ // पुलिस ने सोमवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात प्रिंस खान गैंग के सक्रिय शूटर शिवराज राम उर्फ शिवा को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई भुरकुंडा ओपी क्षेत्र स्थित रिवरसाइड केंद्रीय विद्यालय के समीप की गई। पुलिस के अनुसार शिवा किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवराज राम उर्फ शिवा अपने साथियों के साथ क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान शिवा ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
अपराधी की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें शिवा के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने 2 पिस्टल, 59 जिंदा गोलियां और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद हथियारों और मोबाइल की जांच की जा रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
शिवराज का सहयोगी भी गिरफ्तार
इसी कार्रवाई के दौरान कुज्जू थाना क्षेत्र से शिवराज राम के एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 2 पिस्टल और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
रामगढ़ पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में भी लगातार छापेमारी कर रही है।
देवघर// शनिवार को देवघर के एक पत्रकार के दो ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम द्वारा छापेमारी की गई। एक टीम ने मोहनपुर प्रखंड के बलथर स्थित आवास पर, जबकि दूसरी टीम ने बैजनाथपुर स्थित आवास पर जांच की।
इनकम टैक्स विभाग को अपने income पर ध्यान देना चाहिए
हम आयकर विभाग को इसलिए उसे अपने INCOME पर ध्यान देने कह रहे हैं क्योंकि एक तो बड़े बड़े उद्योगपति है उसके यहां छापेमारी ना करके एक छोटे से पत्रकार के यहां छापेमारी करते हैं इतनी महत्वपूर्ण एजेंसी जिसमें आईआरएस अधिकारी रहते उसकी सैलरी भी काफी अधिक है और वैसे अधिकारी दिन दिनभर छापेमारी करते हैं और कुछ बरामदगी नहीं होती है तो उसे अपने INCOME पर ध्यान देना ही चाहिए साथ ही आयकर विभाग ने जो पंचनामा बना कर पार्टी को सौंपा है ।
उसे जब आप ध्यान से देखेंगे तो आपको उसके मोहर में दिखेगा एक टीम जो धनबाद से आई थी उसने बलथर में छापेमारी की और वहां पर भी पंचनामा बनाया जिसमें मोहर लगाया है बगल में साइन भी किया है उसके मोहर में लिखा है Authorised Officer Income Tax Department Dhanbad साथ ही हिंदी में भी लिखा है अधिकृत आयकर अधिकारी धनबाद वही पटना की जो टीम थी उसने भी एक पंचनामा बनाया जिसमें उसने जो मोहर लगाया है जरा ध्यान से देखे उसके द्वारा जो मोहर लगाया गया है मोहर में क्या लिखा है Authorised Officer Incoem Tax Department Patna
पंचनामे की मोहर में दिखी स्पेलिंग की गलती
छापेमारी के बाद पत्रकार को सौंपे गए पंचनामों में से एक पर लगी मोहर में अंग्रेजी शब्द “Income” की जगह “Incoem” लिखा हुआ दिखाई देता है। इसी स्पेलिंग त्रुटि को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठ रहे हैं।दूसरी ओर, धनबाद टीम की मोहर पर “Authorised Officer Income Tax Department Dhanbad” सही लिखा हुआ है।
क्या स्पेलिंग की गलती से कार्रवाई पर सवाल उठता है ?
केवल मोहर में स्पेलिंग की त्रुटि होना अपने-आप में यह साबित नहीं करता कि कार्रवाई किसी फर्जी अधिकारी ने की। हालांकि, इतनी महत्वपूर्ण सरकारी कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज़ में ऐसी गलती होना स्वाभाविक रूप से सवाल जरूर खड़े करता है। इस संबंध में आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
क्यों उठ रहे हैं सवाल
Bkd News Jharkhand ने इस विषय में सवाल इसलिए उठाया क्योंकि जब छापेमारी की खबरें सामने आई तो खबरें ये आई कि मुखिया के यहां छापेमारी हो रही है लेकिन बाद में बातें सामने आई कि मुखिया का कही कोई जिक्र नहीं है पत्रकार का नाम है तो मन में सवाल उठने लगा कि पत्रकार के पास इतने पैसे हो गए कि टैक्स चोरी करने लगे फिर उसके पंचनामा देखने पर ये गलती दिखी सवाल इसलिए भी उठता है क्योंकि आयकर विभाग की टीम किसी को कुछ बताती नहीं है और कई बार खबरें सामने आई है कि फर्जी पुलिस ने छापेमारी की फर्जी अधिकारी बनकर भीआईपी सुविधा का लाभ उठाया।
पत्रकार ने क्या कहा ?
छापेमारी के बाद पत्रकार चमन कुमार (Chaman Kumar) ने बयान जारी करते हुए दावा किया कि उनके यहां लगभग सात घंटे तक जांच चली और उन्होंने जांच टीम को पूरा सहयोग दिया। उनका कहना है कि जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
वीडियो देखने के लिए यहाँ क्लिक करें 👇👇👇
पत्रकार ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उन्होंने एक एम्बुलेंस की बदहाली से जुड़ी खबर प्रकाशित की थी और उसी के लगभग 72 घंटे बाद उनके यहां छापेमारी हुई। उन्होंने इसे संयोग मानने से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच और प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा की मांग की है।
आधिकारिक पक्ष का इंतजार
अब तक आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई, पंचनामे की मोहर में हुई स्पेलिंग त्रुटि या पत्रकार के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सार्वजनिक नहीं की गई है। विभाग का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
देवघर // मोहनपुर मोहनपुर प्रखंड के जंगल मोड़ में आयोजित JMPL-2 (जंगल मोड़ प्रीमियर लीग सीजन-2) का भव्य समापन रंगारंग माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबला ब्लैक पैंथर और घुठिया वारियर्स के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए घुठिया वारियर्स ने निर्धारित 16 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए।
सूरज कुमार ने 31 गेंदों में जड़े 62 रन
टीम की ओर से शिबू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 52 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लैक पैंथर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 15 ओवर में मात्र 3 विकेट खोकर 135 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत के नायक सूरज कुमार रहे, जिन्होंने 31 गेंदों में 62 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि झामुमो जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा थे। विशिष्ट अतिथियों में मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार मंडल, महापौर प्रतिनिधि सचिन राउत, उपमहापौर प्रतिनिधि भोला सिंह, समाजसेवी प्रमोद यादव एवं बबलु दास, लखीराम सोरेन और पतीलाल मुर्मू मौजूद रहे।आयोजन समिति के अध्यक्ष श्रीकांत प्रसाद यादव के नेतृत्व में पूरे टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया।
विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर अभिनाश, गणेश, प्रकाश, रमेश, गौतम, मणिकांत और चंदन सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन, दर्शकों के उत्साह और बेहतरीन आयोजन ने JMPL-2 को क्षेत्र का एक यादगार क्रिकेट महोत्सव बना दिया।
देवघर// साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही देवघर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के पावे पहाड़ के समीप छापेमारी कर तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान अंसारी, हासमी राजा और कबीर अंसारी के रूप में हुई है।पुलिस जांच में सामने आया है कि ये आरोपी खुद को Flipkart, Amazon, Google Pay, PhonePe और Airtel Payment Bank का फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे।
PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक करते थे।
कैशबैक, KYC अपडेट, तकनीकी सहायता और अकाउंट वेरिफिकेशन का झांसा देकर लोगों से उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करते और फिर उनके खातों से रकम उड़ा देते थे।यही नहीं, आरोपी PM किसान योजना, बिजली बिल भुगतान और RTO चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का पूरा एक्सेस अपने कब्जे में ले लेते थे। इसके बाद चुपचाप बैंक खातों से लेन-देन कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और 4 सिम कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इन मोबाइलों से साइबर ठगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।देवघर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक, APK फाइल या खुद को कस्टमर केयर बताने वाले व्यक्ति पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर दें।एक छोटी सी लापरवाही आपकी जीवनभर की कमाई छीन सकती है, इसलिए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
देवघर // जिले के सोनारायठाड़ी प्रखंड अंतर्गत जरका चंदना गांव में शनिवार को उस समय भावुक माहौल बन गया, जब लगभग वर्ष 1953 से संचालित हो रहे एक विद्यालय को कोर्ट के आदेश के बाद बंद कर दिया गया। वर्षों से शिक्षा का केंद्र रहे इस स्कूल में अब सन्नाटा पसरा है।बताया जा रहा है कि विद्यालय में करीब 250 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे। स्कूल बंद होने के बाद इन बच्चों की शिक्षा पर संकट गहरा गया है। अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि अचानक स्कूल बंद होने से बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि अब ये बच्चे आगे कहां पढ़ेंगे और उनकी पढ़ाई कैसे जारी रहेगी।विद्यालय बंद होने की खबर फैलते ही गांव में चिंता और नाराजगी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों के हित को सर्वोपरि रखते हुए जल्द से जल्द कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो
कोर्ट के आदेश से बंद हुआ स्कूल, बच्चों की पढ़ाई पर बड़ा सवाल
फिलहाल कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए विद्यालय को बंद कर दिया गया है। हालांकि आदेश किन कारणों से जारी हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है क्या 70 वर्षों की शैक्षणिक विरासत यहीं थम जाएगी, या फिर 250 बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए कोई ठोस समाधान निकलेगा? इस पूरे मामले पर सभी की निगाहें प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के अगले कदम पर टिकी हैं।
देवघर // उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) की नियुक्ति प्रक्रिया को सहमति दे दी गई है। साथ ही आवेदन की प्रक्रिया जुलाई माह के मध्य से शुरू कर दी जाएगी और राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के पश्चात नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया हैं
इसके अलावा उपायुक्त ने भर्ती से जुड़े विभिन्न चरणों के लिए अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया है। साथ ही आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के अलावा प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी और भौतिक सत्यापन के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया हैं। इसके अतिरिक्त शारीरिक एवं लिखित परीक्षा को निष्पक्ष वातावरण में आयोजित कराने से जुड़े विभिन्न तैयारियों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
गोड्डा // शनिवार को देवघर के पत्रकार चमन कुमार के घर में इनकम टैक्स विभाग की और से की गई छापेमारी को लेकर कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी का गला घोटने का जो घिनौना खेल खेला किया जा रहा है, उसकी जितनी भी निंदा की जाए वो कम है।
गोड्डा सांसद के इसारे पर हो रही है कार्यवाही
प्रदीप यादव ने आगे कहा कि गोड्डा सांसद के इशारे पर जिस तरह से सच उजागर करने वाले देवघर के एक निर्भीक स्थानीय पत्रकार चमन कुमार को निशाना बनाया गया है, उसने साफ़ कर दिया है कि सत्ता के अहंकार में चूर लोग अब अपनी कमियां सुनने की क्षमता पूरी तरह खो चुके हैं। पूरा मामला जनता के सामने है। पत्रकार चमन कुमार ने अपने समाचार पत्र की रिपोर्ट के जरिए सांसद की बहुप्रचारित ‘नमो सेवा एम्बुलेंस’ योजना की जमीनी हकीकत उजागर की थी। इस ‘खटारा’ योजना की पोल खोलना उस पत्रकार का धर्म था, क्योंकि यह जनता के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा मामला था।
सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके सच की आवाज को दबाने का प्रयास
आगे कहा कि एंबुलेंस सेवा की सच सामने आते ही सांसद महोदय का तानाशाही रवैया खुलकर सामने आ गया। अपनी नाकामियों को सुधारने के बजाय, प्रतिशोध की भावना से ग्रसित होकर महज कुछ ही दिनों के भीतर पत्रकार चमन कुमार के घर पर केंद्रीय जांच एजेंसी (IT) की रेड डलवा दी गई, यह सीधे तौर पर सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके सच की आवाज को दबाने और पूरे क्षेत्र के मीडिया जगत में डर का माहौल पैदा करने की एक कायराना कोशिश है।
भ्रष्टाचार करने वाले महफूज हैं और भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले पत्रकार पर शिकंजा
कायदे से और न्याय की नजर से देखा जाए तो आयकर विभाग की यह छापामारी उस घटिया एम्बुलेंस के प्रोवाइडर और वेंडर के ठिकानों पर होनी चाहिए थी, जिसने जनता की जान को जोखिम में डालकर ऐसी खटारा गाड़ियां सप्लाई की। जांच इस बात की होनी चाहिए थी कि सात दिन में जलने वाली गाड़ियों को बिना उचित जांच के सड़क पर कैसे उतार दिया गया? लेकिन यहाँ तो उलटी गंगा बह रही है, भ्रष्टाचार करने वाले महफूज हैं और भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले पत्रकार पर शिकंजा कसा जा रहा है।
सरकारी एजेंसियों का खौफ दिखाकर आप सच को नहीं दबा सकते।
प्रदीप यादव ने कहा कि मैं सांसद महोदय से पूछना चाहता हूँ कि आखिर कब तक आपकी यह तानाशाही और डर की राजनीति चलेगी? जनता ने आपको क्षेत्र के विकास और उनकी सेवा के लिए चुना है, न कि सच दिखाने वाले चौथे स्तंभ पर सरकारी तंत्र से हमला करवाने के लिए। हम इस दमनकारी और तानाशाही रवैये के खिलाफ पत्रकार चमन कुमार और उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। गोड्डा और पूरे झारखंड की जनता इस बदले की राजनीति को देख रही है और वक्त आने पर इसका करारा जवाब देगी। सरकारी एजेंसियों का खौफ दिखाकर आप सच को नहीं दबा सकते।
राँची// AI, डिजिटल गवर्नेंस और IT आधारित विकास का विजन देश के सामने रखा जाएगाझारखंड सरकार 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 में राज्य का डिजिटल रोडमैप पेश करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उद्घाटन सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल गवर्नेंस, आईटी और उभरती तकनीकों के माध्यम से झारखंड को निवेश और डिजिटल नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की रणनीति प्रस्तुत करेंगे।
पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर पेश होगा रांची IT पार्क का निवेश प्रस्ताव
कार्यक्रम में पहली बार रांची आईटी पार्क को निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। करीब 100.97 एकड़ सरकारी भूमि पर विकसित होने वाले इस आईटी पार्क में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए आईटी नीति-2023 के तहत 50% पूंजीगत निवेश प्रतिपूर्ति, 100% स्टांप शुल्क छूट और 100% बिजली शुल्क छूट जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।
ड्राफ्ट AI पॉलिसी-2026 पर लिए जाएंगे सुझाव
सरकार वर्ष 2026-31 के लिए तैयार की जा रही ड्राफ्ट AI पॉलिसी-2026 पर उद्योग जगत और विशेषज्ञों से सुझाव भी लेगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में स्टेट AI मिशन बनाने का प्रस्ताव रखा जाएगा तथा JAP-IT को नोडल एजेंसी बनाकर झारखंड AI क्लाउड विकसित करने की योजना है।
सुशासन, कृषि, स्वास्थ्य और खनन होंगे AI के प्रमुख फोकस क्षेत्र
राज्य सरकार के अनुसार AI का उपयोग सुशासन, कृषि, स्वास्थ्य और खनिज संसाधन प्रबंधन में प्राथमिकता से किया जाएगा। विभागीय आंकड़ों का एकीकरण कर AI आधारित निर्णय प्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
राँची// 27 जून से हॉस्टल छोड़ने के बाद नहीं मिला संपर्क, पिता ने दर्ज कराई शिकायतराजधानी रांची के एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाली 27 वर्षीय शिक्षिका के लापता होने का मामला सामने आया है। शिक्षिका के पिता ने लोअर बाजार थाना में आवेदन देकर बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी 27 जून से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है और किसी के बहकावे या दबाव में हो सकती है।
पिता का आरोप- धमकी या बहकावे में गई बेटी, लव जिहाद की भी जताई आशंका
पिता के अनुसार, बेटी से बातचीत के दौरान वह डरी-सहमी लगती थी और अलग-अलग स्थानों की जानकारी देती थी। हॉस्टल से जानकारी मिली कि वह 27 जून को ही कमरा छोड़ चुकी थी। पिता ने जमशेदपुर निवासी एक युवक पर संदेह जताते हुए कहा कि धमकी या बहकावे में उनकी बेटी को ले जाया गया है। उन्होंने मामले में लव जिहाद की आशंका भी व्यक्त की है।
पुलिस जांच में नया मोड़, शिक्षिका बोली- अपनी मर्जी से की शादी
लोअर बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम जमशेदपुर पहुंची, जहां शिक्षिका मिली। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी इच्छा से घर छोड़कर आई है और अपनी मर्जी से शादी कर चुकी है।
शिक्षिका का दावा- माता-पिता से है खतरा, लौटने से किया इनकार
शिक्षिका ने पुलिस के समक्ष कहा कि उसे अपने ही माता-पिता से जान का खतरा है और उस पर तेजाब फेंकने की धमकी दी गई है। इसी कारण उसने फिलहाल घर लौटने से इनकार कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।