साहिबगंज। रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से 24 सितंबर को लापता हुए चार वर्षीय बच्चे को रविवार, 27 सितंबर की सुबह साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपाड़ा से सकुशल बरामद कर लिया गया। मामले में पुलिस ने कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रांची पुलिस ने धनबाद, जामताड़ा और साहिबगंज पुलिस के सहयोग से की।
रेलवे स्टेशन के बाहर से अचानक गायब हुआ था बच्चा
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ निवासी दिलमेत राजवाड़े आंध्र प्रदेश के सलेम में काम करने के बाद अपने बच्चों के साथ छत्तीसगढ़ लौट रही थीं। 24 सितंबर को वह अपने चार वर्षीय बेटे विवान कुमार और छह वर्षीय बेटी प्रिंसी कुमारी के साथ रांची पहुंची थीं।
रांची रेलवे स्टेशन के बाहर वह अंबिकापुर जाने वाली बस के संबंध में ऑटो चालकों से जानकारी ले रही थीं। इसी दौरान उनका चार वर्षीय बेटा विवान अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चला तो परिजनों ने चुटिया थाना में शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
शिकायत मिलने के बाद रांची पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने धनबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर जांच का दायरा साहिबगंज के तीनपहाड़ तक पहुंचा।
बाबूपाड़ा में पुलिस ने बच्चे को बरामद किया
चुटिया थाना इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के नेतृत्व में रांची पुलिस की टीम तीनपहाड़ पहुंची। स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से बाबूपाड़ा में कार्रवाई की गई, जहां से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, धनबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीनपहाड़ क्षेत्र से चार अन्य लोगों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है।
बच्चे को रांची कैसे लाया गया, जांच जारी
बच्चे के रांची से तीनपहाड़ पहुंचने की पूरी कड़ी को पुलिस खंगाल रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चे को किस तरह रांची से साहिबगंज लाया गया और इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।
पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
