झारखंड की आवाज

प्रेम प्रसंग में पीट पीट कर की हत्या बैटरी चोरी का मामला बनाने का प्रयास पिता पुत्र गिरफ्तार -

प्रेम प्रसंग में पीट पीट कर की हत्या बैटरी चोरी का मामला बनाने का प्रयास पिता पुत्र गिरफ्तार

पलामू // पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा गांव के तेलियाही टोले में मुरमा के पवन कुमार की हत्या प्रेम प्रसंग में पीट पीट कर हुई थी। मामले को बैटरी चोरी साबित करने का प्रयास किया गया। हालांकि पुलिस अनुसंधान में प्रेम प्रसंग में हत्या सामने आया। इस सिलसिले में दो आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया। सोमवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने इसकी पुष्टि की।

पवन कुमार अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए गया था।

एसपी के अनुसार पवन कुमार अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए कोकरसा गांव के तेलियाही टोले में गया था। घर के लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में गुमराह करने के लिए घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी के प्रयास की सूचना फैला दी। आसपास के लोगों ने भी मौके पर जुट कर पवन की पिटाई की। गंभीर रूप से जख्मी पवन की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।अनुसंधान के क्रम में सामने आया कि पवन कुमार पारस मेहता के घर किसी लड़की से मिलने गया था।

जानकारी होने पर पवन को घर के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर हाथ पैर बांधकर पिटाई की गई और चोरी का आरोप लगाया गया। पूछताछ के क्रम में पारस ने स्वीकार किया कि 21 फरवरी की रात में पवन कुमार चोरी छिपे उसके घर आया था और इसी क्रम में उसे पकड़कर पिटायी की गई और घटना को चोरी साबित करने की कोशिश की गयी।

गिरफ्तार आरोपितों में पारस महतो उर्फ पारस मेहता (37) और उसके पिता वीरेंद्र मेहता (60) शामिल है। घटना में प्रयोग लाठी एवं तीन मोबाइल बरामद किया गया है। उल्लेखनीय है कि मृतक पवन घर का इकलौता बेटा था। वह ड्राइवर का काम करता था।

Leave a Reply