पुलिस एसोसिएशन का बोर्ड लगी बोलेरो से युवक को ले जाने का आरोप, अमगाछी गांव में ग्रामीणों के जुटने पर मचा हड़कंप
देवघर // एक मॉल के पास से युवक को कथित तौर पर अगवा कर फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस एसोसिएशन का बोर्ड लगी बोलेरो गाड़ी में सवार लोगों ने युवकों को रिखिया थाना ले जाने की बात कहकर गाड़ी में बैठाया और घंटों तक इधर-उधर घुमाने के बाद रिखिया थाना क्षेत्र के अमगाछी गांव स्थित एक तालाब के पास झाड़ी में ले गए।

वहां युवकों से मारपीट कर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराने तथा उनके परिजनों से फोन पर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है।
महिलाओं की तत्परता से युवक को मिली मदद
युवक अन्य साथी के साथ मॉल से खरीदारी कर बाहर निकले थे। इसी दौरान पुलिस एसोसिएशन का बोर्ड लगी बोलेरो वहां पहुंची। गाड़ी में सवार लोगों ने युवकों को रिखिया थाना चलने की बात कही। इसके बाद सभी को कथित तौर पर जबरन गाड़ी में बैठा लिया गया। आरोप है कि उन्हें कई घंटे तक गाड़ी में घुमाने के बाद अमगाछी गांव के तालाब के पास झाड़ियों में ले जाया गया।

इसी दौरान तालाब में स्नान कर रही कुछ महिलाओं ने शोरगुल सुना। बाहर निकलकर देखने पर उन्होंने एक युवक के साथ मारपीट होते देखी। महिलाओं ने तत्परता दिखाते हुए विरोध किया और युवक को बचाने के लिए आगे आईं। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे। ग्रामीणों के जुटने पर बोलेरो सवार अन्य लोग भागने में सफल रहे, जबकि गाड़ी के चालक को महिलाओं और स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, पकड़े गए युवक से मारपीट
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। हालांकि, इसी दौरान कथित पीड़ित के परिजनों ने पुलिस वाहन से युवक को उतारकर उसके साथ मारपीट कर दी। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर मोहनपुर की पीसीआर वैन भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर माहौल शांत कराया। इसके बाद पकड़े गए युवक और बोलेरो गाड़ी को रिखिया थाना ले जाया गया।
बोलेरो पर लगा था साहिबगंज सशस्त्र पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष का बोर्ड
बताया जा रहा है कि बोलेरो गाड़ी पर साहिबगंज सशस्त्र पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष का बोर्ड लगा हुआ था। हालांकि, बोर्ड की प्रामाणिकता और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना में फिरौती मांगने, ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराने और युवकों को जबरन ले जाने के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक मामले में थाने में लिखित आवेदन दिए जाने की सूचना नहीं थी।
