पटना/पूर्णिया: पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पर उनके सरकारी आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कथित तौर पर चाकू लेकर पहुंचे एक व्यक्ति द्वारा हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि सांसद राजेश रंजन (पप्पू यादव) ने सोशल मीडिया पर भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा हार के डर से हिंसा का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि सांसद की प्रेस कॉन्फ्रेंस में चाकू लेकर हमलावर का पहुंचना बेहद गंभीर मामला है और यह सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक को दर्शाता है। उन्होंने मामले की जांच कराने तथा लोकसभा अध्यक्ष से संज्ञान लेने की मांग की।
वहीं पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि “संत, सनातन पर आघात करने वाले और राम मंदिर लूटने वाले कालनेमियों ने उन पर हमला कराया।” उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सरकारी आवास पर प्रेस से बातचीत के दौरान भाजपा-आरएसएस संरक्षित व्यक्ति ने हमला कराया। उन्होंने कहा कि वे “हनुमान जी की राह पर चलेंगे और कालनेमियों को खदेड़ेंगे।”
फिलहाल घटना को लेकर संबंधित सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। हमले के पीछे की परिस्थितियों और आरोपों की जांच की जा रही है। राजनीतिक दलों की ओर से इस घटना पर लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
