देवघर // साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 16 सितंबर 2026 को मधुपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि मधुपुर थाना क्षेत्र में कुछ लोग अलग-अलग कंपनियों और सरकारी योजनाओं के नाम पर आम लोगों को फोन कर ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चार आरोपियों को पकड़ा।
इन तरीकों से करते थे साइबर ठगी
- पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इनमें Flipkart, Amazon Pay, Google Pay, PhonePe और Paytm के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक या सहायता के नाम पर ठगी करने का तरीका शामिल था।
- इसके अलावा आरोपियों द्वारा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल तक पहुंच हासिल करने और उसके बाद साइबर ठगी करने की बात सामने आई है।
- पुलिस के मुताबिक, एक अन्य तरीके में आरोपी खुद को Airtel Payment Bank का अधिकारी बताकर ग्राहकों को विश्वास में लेते थे। Airtel Thanks App के माध्यम से कार्ड बंद होने की बात कहकर उसे दोबारा चालू कराने या सहायता उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।
चारों आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है
- —1. अनिश दास, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता बिनोद दास, निवासी बियाही गड़हा, थाना मधुपुर।
- 2. सुमेश महरा, उम्र करीब 38 वर्ष, पिता फुचा महरा, निवासी खरना, थाना सारठ।
- 3. राहुल दास, उम्र करीब 26 वर्ष, पिता बुलबुल दास, निवासी रोहिणी आजान टोला, थाना जसीडीह।
- 4. दिनेश दास, उम्र करीब 22 वर्ष, पिता कार्तिक दास, निवासी गुनियासोल, थाना मधुपुर।सभी आरोपी देवघर जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
छह मोबाइल और चार सिम बरामद
- छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन और 4 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल और सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।पुलिस ने बताया कि तकनीकी जांच के दौरान जब्त मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज पाए जाने की जानकारी सामने आई है।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुमेश महरा पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 102/24 में भी आरोपित रहा है।
फिलहाल पुलिस बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर रही है। जांच के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
