झारखंड की आवाज

केनरा बैंक में 15 लाख की डकैती कर हथियारबंद अपराधी हुए फरार -

केनरा बैंक में 15 लाख की डकैती कर हथियारबंद अपराधी हुए फरार

पूर्वी सिंहभूम // जिले के बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के साकरा स्थित केनरा बैंक की शाखा में पांच नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 15 लाख रुपये लूट लिए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

चेहरे पर मास्क लगा लिया और पिस्तौल निकालकर बैंक कर्मियों पर तान दी

मिली जानकारी के अनुसार दोपहर में बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था और कर्मचारी लंच की तैयारी में थे। इसी दौरान पांच युवक ग्राहक बनकर बैंक परिसर में दाखिल हुए। अंदर पहुंचते ही उन्होंने अपने चेहरे पर मास्क लगा लिया और पिस्तौल निकालकर बैंक कर्मियों पर तान दी। अचानक हुई इस घटना से बैंक में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई।अपराधियों ने बैंक कर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए सभी को एक कोने में बंधक बना लिया।

मोबाइल फोन, पर्स और सोने की चेन भी छीन ली।

इसके बाद उन्होंने कैश काउंटर और तिजोरी में रखी रकम समेट ली। बताया जा रहा है कि अपराधी करीब 15 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इस दौरान उन्होंने बैंक कर्मचारियों के निजी सामान भी नहीं छोड़े और उनके मोबाइल फोन, पर्स और सोने की चेन भी छीन ली।

बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची

डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बाइक पर सवार होकर स्थानीय ग्रामीण रास्तों के जरिए पश्चिम बंगाल की दिशा में फरार हो गए। पुलिस से बचने और लोकेशन ट्रेस होने के डर से उन्होंने लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक परिसर के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है

साथ ही बैंक कर्मियों और आसपास के लोगों से अपराधियों के हुलिए एवं इस्तेमाल की गई बाइक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।बहरागोड़ा क्षेत्र की सीमा पश्चिम बंगाल और ओडिशा से सटी होने के कारण पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है और सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इधर, बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा ने प्रेस को बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply