झारखंड की आवाज

Blog -

ईरान ने क्षेत्र में अमेरिकी-इजराइली ठिकानों को बताया ‘वैध लक्ष्य’, 24 प्रांतों में हमलों से 201 मौतें

1004333072

तेहरान/न्यूयॉर्क // ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई की हमले में मौत, देश के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी ने की पुष्टि- सीएनएन की रिपोर्ट

“वैध सैन्य लक्ष्य” घोषित

अमेरिका और इजराइल के साथ बढ़ते सैन्य टकराव के बीच ईरान ने कड़ा रुख अपनाते हुए क्षेत्र में मौजूद सभी अमेरिकी और इजराइली ठिकानों को “वैध सैन्य लक्ष्य” घोषित कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरसन और यूएन सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा कि तेहरान तब तक आत्मरक्षा के अपने अधिकार का प्रयोग करता रहेगा, जब तक कथित “आक्रामकता” पूरी तरह और बिना शर्त बंद नहीं हो जाती।

1004333072
ईरान इजरायल युद्ध

उन्होंने अमेरिका और इजरायल पर संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 2(4) का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और हवाई हमलों को “सशस्त्र आक्रमण” बताया। पत्र में कहा गया कि ईरान शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों का जवाब देने के लिए अपनी सभी आवश्यक रक्षात्मक क्षमताओं का उपयोग करेगा। रक्षा मंत्रालय की चेतावनी ईरान के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि वह अपनी सैन्य कार्रवाइयों को जारी रखने के लिए पूर्ण हथियार और उपकरण समर्थन देता रहेगा, “जब तक दुश्मन की पराजय नहीं हो जाती।” मंत्रालय ने अमेरिका और इजरायल के हमलों को ऐसी कार्रवाई बताया जो अंततः उनके “विफलता और दंड” का कारण बनेगी, और “कड़ा व पछतावे योग्य जवाब” देने की चेतावनी दी।

ईरान की दुश्मनी अमेरिकी जनता से नहीं है, बल्कि उन नीतियों से है

इस बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के एक वरिष्ठ कमांडर ने दावा किया कि अब तक केवल “पुराने या सीमित” मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया है और अगली प्रतिक्रिया में अधिक शक्तिशाली तथा अप्रत्याशित हथियार तैनात किए जा सकते हैं।‘हम अपने बच्चों के कातिलों को सजा देंगे’अराघची ने सोशल मीडिया पर अमेरिका के हमले पर सवाल उठाते हुए कहा कि ईरान इस कार्रवाई के कारणों को नहीं समझता और संभव है कि अमेरिकी प्रशासन इसमें “खींचा गया हो। ” उन्होंने चेतावनी दी, “ईरान उन लोगों को सजा देगा जो हमारे बच्चों को मारते हैं।” हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान की दुश्मनी अमेरिकी जनता से नहीं है, बल्कि उन नीतियों से है जिन्हें लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी नागरिकों को “गुमराह” किया जा रहा है।

24 प्रांत प्रभावित, 201 मौतें

ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के प्रवक्ता ने मेहर समाचार एजेंसी को बताया कि अमेरिका और इजरायल के हमलों से देश के 24 प्रांत प्रभावित हुए हैं। अब तक कम से कम 201 लोगों की मौत और 747 के घायल होने की पुष्टि की गई है।रेड क्रेसेंट की 220 से अधिक टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं। प्रभावित इलाकों में मलबा हटाने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का काम जारी है। मध्य पूर्व में तेजी से बिगड़ते हालात के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार संयम और कूटनीतिक समाधान की अपील कर रहा है, लेकिन दोनों पक्षों के बयानों से संकेत मिलते हैं कि टकराव अभी थमता नजर नहीं आ रहा। (ही.स.)

न्यायाधीश और अधिवक्ताओं के सामंजस्य से ही न्यायिक प्रक्रियाओं का निपटारा : सीजेएम

5a28567b3b00f0766dea2b8f988f6543 865187547

रामगढ़ // जिला अधिवक्ता संघ परिसर में शनिवार को व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीश और अधिवक्ताओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली खेली गई।इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीजेएम मनोज राम और विशिष्ट अतिथि एसीजेएम संदीप कुमार बर्तम, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी हर्षित तिवारी और न्यायिक दंडाधिकारी आयशा सिंह सरदार उपस्थित थी।

मुख्य अतिथि सीजेएम मनोज राम ने इस अवसर पर कहा कि अधिवक्ता और न्यायाधीश दोनों एक ही गाड़ी के दो पहिए हैं। दोनों के सामंजस्य से ही न्यायिक प्रक्रियाओं का निपटारा होता है।

लोक अभियोजक को शॉल ओढाकर विदाई दी गई।

उन्‍होंने कहा कि होली ऐसा त्यौहार है जहां हम सभी आपस में छोटे-बड़े का भेदभाव बुलाकर बहुत ही उत्साहपूर्वक होली का त्योहार रंग गुलाल के साथ मनाते हैं। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि पिछले कई वर्षों से जिला अधिवक्ता संघ द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाता रहा है। वहीं मौके पर जिला अधिवक्ता संग्रह की ओर से सेवानिवृत हुए लोक अभियोजक परमानंद यादव को शॉल ओढाकर विदाई दी गई।

इंदौर के बुजुर्ग दंपत्ति डिजिटल अरेस्ट के हुए शिकार, जालसाजों ने 1.15 करोड़ रुपये ठगे

इंदौर // मध्य प्रदेश इंदौर शहर के एक बुजुर्ग दंपत्ति डिजिटल अरेस्ट के शिकार हो गए। साइबर ठगों ने गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनसे 1 करोड़ 15 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने शनिवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला आतंकवाद से जुड़ा होने का डर दिखाया

हीरानगर थाना पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 80 वर्षीय विजय सक्सेना और उनकी पत्नी सुमन सक्सेना (77वर्ष ), निवासी बजरंग नगर इंदौर के मोबाइल पर 15 नवंबर 2025 को वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पुणे एटीएस मुख्यालय का अधिकारी ‘चंद्रभान सिंह’ बताया। उसने दावा किया कि सुमन के नाम से जम्मू में एचडीएफसी बैंक खाते में 70 लाख रुपये की संदिग्ध ट्रांजैक्शन हुआ है और मामला आतंकवाद से जुड़ा है।

सहयोग नहीं किया तो गिरफ्तारी होगी

जालसाजों ने लगातार वीडियो कॉल कर महिला और उनके पति को कथित पूछताछ के नाम पर घंटों बैठे रहने को मजबूर किया। उन्हें धमकी दी गई कि सहयोग नहीं किया तो गिरफ्तारी होगी, संपत्ति जब्त होगी और बच्चों को नुकसान पहुंचाया जाएगा। डर के माहौल में आरोपियों ने व्हाट्सऐप पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेज मंगवा लिए। इसके बाद दो अलग-अलग बैंक खातों के नंबर देकर कहा कि जांच पूरी होने तक रकम “सुरक्षित ट्रांजैक्शन” के रूप में ट्रांसफर करनी होगी।

मानसिक दबाव के चलते पति की तबीयत बिगड़ गई

इसके बाद 20 नवंबर 2025 को महिला ने अपने खाते से 49.70 लाख रुपये और उनके पति ने 65.30 लाख रुपये एनईएफटी के माध्यम से बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने यह भी हिदायत दी कि बैंक में पूछताछ होने पर बताना कि रकम बेटियों के लिए भेजी जा रही है। रकम ट्रांसफर के बाद लगातार फोन कॉल्स और मानसिक दबाव के चलते पति की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

मामले की शिकायत साइबर क्राइम ब्रांच में की

घटना के कुछ दिन बाद महिला ने पूरी जानकारी अपने दामाद को दी। इसके बाद मामले की शिकायत साइबर क्राइम ब्रांच में की गई। जांच के बाद हीरानगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 318(4), 319(2) और 308 के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़ित महिला सुमन सक्सेना ने बताया कि उन्हें चंद्रभान नामक बदमाश ने पहले 8402823868 नंबर से कॉल किया। इसके बाद प्रदीप लाल नामक बदमाश ने 8511309468 नंबर से वीडियो कॉल किया।

आतंकवादियों की मदद करने का दिखाया डर

15 नवंबर को किए कॉल में चंद्रभान ने सुमन को फोन पर बताया कि पुलवामा, पहलगाम में छोटे बच्चों के रेप व मर्डर हुए हैं। इसमें आतंकवादी अफजल खान पकड़ा गया है, उसने आपका नाम लिया है। जम्मू के एचडीएफसी बैंक में आपका अकाउंट है और कमीशन के रूप में आपको 70 लाख रुपए दिये हैं। इसके चलते आप पर मनी लांड्रिंग का केस बनेगा। आप आतंकवादियों की मदद कर रहे हैं और आपको गिरफ्तार किया जाएगा।

1004332826

सुमन ने बताया कि हम कभी जम्मू गए ही नहीं और वहां हमारा किसी भी बैंक में अकाउंट नहीं है। यह सुनने के बाद आरोपी ने फोन काट दिया और 18 नवंबर को फिर से कॉल किया। उसने कहा कि आपका केस मैं प्रदीप लाल को सौंप रहा हूं। इसके बाद दूसरे नंबर से 19 नवंबर को प्रदीप लाल नामक बदमाश ने फोन लगाया। उसने मुझे और मेरे पति को सामने बैठाया और व्हॉट्सएप पर वीडियो कॉल किया।

अभी जांच की जा रही है।

एमएम हमें धमकाया कि आपके बच्चों की हत्या कर दी जाएगी। और आपको भी गिरफ्तार करके पुणे लाया जाएगा। इसके बाद उन्होंने बैंक और निजी जानकारी मांगी। डरकर हमने बैंक पास बुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड की कॉपी उन्हें शेयर कर दी। इसके बाद उन्होंने हमें बैंक जाकर एफडी से पैसे निकालने को कहा। हमने पैसे निकालकर बदमाशों के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिये। इस हादसे के बाद पति बीमार हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। जब वे ठीक होकर घर आए तो हमने दामाद मनीष गौड़ को पूरा घटनाक्रम बताया। डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडौतिया ने बताया कि एक सीनियर सिटीजन को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी का मामला सामने आया है। अभी जांच की जा रही है।

इजराइल-ईरान जंग के बीच दुबई में फंसे मध्य प्रदेश के 100 से ज्यादा लोग पूर्व विधायक भी शामिल

इंदौर // इजराइल-ईरान के बीच शनिवार से शुरू हुए सैन्य संघर्ष के चलते कई अंतररराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसकी वजह से मध्य प्रदेश के 100 से ज्यादा लोग दुबई में फंस गए हैं। इनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत बिजनेसमैन और बिल्डर भी शामिल हैं।

दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ है

जानकारी के अनुसार, शनिवार को इजराइल और अमेरिका की ईरान पर स्ट्राइक के बीच दुबई की मशहूर और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ है। इसके बाद दुबई के सभी एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं और यहां से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अनिश्चितकाल के लिए निरस्त कर दिया गया है। इसका असर मध्य प्रदेश के यात्रियों पर भी पड़ा है। दुबई के शारजाह से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें रद्द होने के कारण मध्य प्रदेश के 100 से ज्यादा यात्री दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर फंस गए हैं।

पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, सहारा ग्रुप के मनीष सहारा फंसे

जानकारी के अनुसार दुबई में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए इंदौर से कई लोग गए थे। इनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, सहारा ग्रुप के मनीष सहारा, अग्रवाल समूह के संजय अग्रवाल, सी-21 मॉल के मालिक पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी सहित कई लोग शामिल हैं।

फ्लाइट को लेकर रविवार को स्थिति स्पष्ट होगी।

पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने दुबई से भेजे एक एक संदेश में कहा है कि हम सब सुरक्षित हैं। हमारे रहने की जगह पर हालात नॉर्मल हैं। सिक्योरिटी की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। फ्लाइट कैंसिल हो गई हैं, लेकिन हमारी वापसी शारजाह से होनी है। फ्लाइट को लेकर रविवार को स्थिति स्पष्ट होगी।

1004332686

रिया छाबड़ा ने बताया कि लगातार फोन आ रहे हैं और हमें भी चिंता हो रही है। रिया के भाई पिंटू छाबड़ा भी दुबई में ही हैं। रिया ने कहा कि वे एक शादी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वहां पर गए थे लेकिन अभी वहां फंस गए हैं।

कई यात्री छुट्टियां मनाने या पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होने गए थे

हमें उम्मीद है कि वे जल्द ही इंदौर आ जाएंगे। रिया ने कहा कि वहां पर सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं लेकिन चिंता होना लाजमी है।बताया जा रहा है कि दुबई में फंसे यात्रियों में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों के लोग शामिल हैं। इनमें बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं और बच्चे भी हैं। कई यात्री छुट्टियां मनाने या पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होने गए थे, लेकिन अब वापसी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर एयरलाइन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।खाने-पीने की भी दिक्कत हो रही है।

पुनीत यादव के 186 रनों की विस्फोटक पारी से जीता बांका

1004332366



भागलपुर // बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में सैंडिस कंपाउंड में खेले जा रहे सीनियर मेंस मुकाबले में शनिवार बांका मेंस सीनियर और मुंगेर मेंस सीनियर के बीच मैच खेला गया।

बांका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया


बांका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बांका की टीम 46.4 ओवर में 352 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

1004332366

टीम की ओर से पुनीत यादव ने 110 गेंदों पर 186 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 22 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। विनीत चौधरी ने 53 रन बनाए। मुंगेर की ओर से गुलशन सरवजीत यादव, अमित दुर्गेश कुमार और प्रशांत कमल कुमार ने 3-3 विकेट हासिल किए। हालांकि, बांका के बल्लेबाजों ने लगातार रन गति बनाए रखी और बड़ा स्कोर खड़ा किया।

हिमांशु सुदामा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके।

352 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंगेर की टीम 32.5 ओवर में 142 रन पर सिमट गई। बांका की ओर से हिमांशु सुदामा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। आदित्य कुमार और एमडी राशिद रजा ने 2-2 विकेट लेकर मुंगेर की पारी को संभलने नहीं दिया। राघवेंद्र प्रताप सिंह ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए दबाव बनाए रखा। इस प्रकार बांका मेंस सीनियर ने 210 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

मैन ऑफ द मैच पुनीत यादव रहे

आज के मैन ऑफ द मैच पुनीत यादव रहे, जिन्होंने अपनी विस्फोटक पारी से मैच को एकतरफा बना दिया। मैच में अंपायर की भूमिका में वेद प्रकाश एवं अमरिंदर पांडे रहे। स्कोरर के रूप में अंकित अमित राज एवं शिवम कुमार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं ऑब्ज़र्वर के रूप में एनसीए लेवल-2, बीसीसीआई के कोच संजय कुमार उपस्थित थे।

पुलिस ने तीन बांग्लादेशी नागरिकों को किया गिरफ्तार

1004300507 1

नई दिल्ली // उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने अवैध प्रवास के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आदर्श नगर क्षेत्र से तीन अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से प्रतिबंधित आईएमओ एप्लिकेशन से युक्त तीन स्मार्ट फोन और दस बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान दस्तावेज बरामद किए गए हैं। सभी को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश कर निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

खुफिया जानकारी पर हुई छापेमारी

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने शनिवार को बताया कि 25 फरवरी की सुबह विदेशी प्रकोष्ठ की टीम ने आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास छापेमारी की। खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ संदिग्ध महिलाएं वहां आकर अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त हैं और अवैध रूप से भारत में रह रही हैं। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए स्टिंग ऑपरेशन चलाया। संकेत मिलते ही महिला पुलिसकर्मियों ने तीनों को हिरासत में ले लिया।

दस्तावेजों के सत्यापन और डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल में चौंकाने वाला खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने खुद को भारतीय नागरिक बताया, लेकिन जवाबों में विरोधाभास और संदिग्ध व्यवहार के चलते विस्तृत जांच की गई। दस्तावेजों के सत्यापन और डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल में सामने आया कि तीनों बांग्लादेश के निवासी हैं और बिना वैध कागजात के भारत में रह रहे थे।

गिरफ्तार आरोपितों की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोजिना उर्फ चमेली (32), निवासी जिला शरीयतपुर, ढाका; लैला खानम (20), निवासी जिला नाराइल, खुलना; और मरूफा खातून (27), निवासी जिला नाराइल, खुलना, बांग्लादेश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के मोबाइल फोन से दस बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्रों की तस्वीरें भी मिली हैं। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है और संबंधित कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

चौदह साल की लड़कियों के लिए देशव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन प्रोग्राम की शुरुआत

1004331238

नई दिल्ली // प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अजमेर से 14 साल की लड़कियों के लिए देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस अभियान की शुरुआत होते ही सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में भी एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत की गई। यह अभियान भारत में सर्वाइकल कैंसर से लड़ने और नारीशक्ति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

एचपीवी का एक खुराक वाला टीका निःशुल्क उपलब्ध होगा।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हमारी बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह पहल निवारक स्वास्थ्य देखभाल और ऐसे भविष्य के प्रति प्रधानमंत्री की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जहां कोई भी परिवार टीके से रोके जा सकने वाले रोग के कारण अपने किसी प्रियजन को न खोए।

1004331238

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अभियान के तहत, सभी पात्र 14 वर्षीय लड़कियों को अब सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से एचपीवी का एक खुराक वाला टीका निःशुल्क उपलब्ध होगा।

कहां होगा टीकाकरण

एचपीवी टीकाकरण देश के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध होगा जिसमें

  • आयुष्मान आरोग्य मंदिर,
  • सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र,
  • जिला अस्पताल,
  • सरकारी मेडिकल कॉलेज शामिल है।

कौन होगा पात्र

यह अभियान मुख्य रूप से 14 साल की लड़कियों के लिए है। स्कूल और स्थानीय स्वास्थ्य विभाग पात्र बच्चियों की सूची तैयार करेंगे। जो बच्चियां स्कूल में नहीं हैं, वे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं। टीकाकरण के लिए अभिभावक की सहमति आवश्यक होगी। टीका लगाने के बाद बच्चियों को 15-30 मिनट तक स्वास्थ्य केन्द्रों पर ही रखा जाएगा।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 2022 को सिफारिश की थी

उल्लेखनीय है कि देश में हर साल हजारों महिलाएं सर्वाइकल कैंसर से प्रभावित होती हैं। इस बीमारी का मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) है, जो अक्सर बिना लक्षण के शरीर में प्रवेश कर जाता है। अब इस वायरस से बचाव संभव हो गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 2022 को सिफारिश की थी कि एचपीवी वैक्सीन का सबसे ज्यादा लाभ छोटी उम्र में लगाए जाने पर मिलता है।

14 साल की उम्र में शरीर की इम्यूनिटी मजबूत प्रतिक्रिया देती है, जिससे लंबे समय तक सुरक्षा मिलती है। कई मामलों में एक खुराक भी पर्याप्त सुरक्षा दे सकती है, जो दो खुराक जितनी प्रभावी पाई गई है।

नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से की मुलाकात

1004329646

रांची // झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में चक्रधरपुर नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सन्नी उरांव ने शिष्टाचार मुलाकात की।इस दौरान मुख्यमंत्री ने सन्नी उरांव को उनके निर्वाचन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की। मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

पूर्वी सिंहभूम। जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष बनी नौशीन खान

IMG 20260228 135525

पूर्वी सिंहभूम // जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव इस बार स्थानीय मुद्दों से अधिक राजनीतिक रणनीति और वोटों के ध्रुवीकरण का अखाड़ा बन गया। झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान की पत्नी नौशीन खान ने 11,563 मत प्राप्त कर भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह को 720 वोटों से पराजित किया। रिंकू सिंह को 10,843 वोट मिले, जबकि तीसरे मोर्चे की प्रत्याशी डॉली मल्लिक को 895 मत हासिल हुए।

राजनीतिक जानकारों ने कहा…..

चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया कि मुकाबला सीधा नहीं था, बल्कि परदे के पीछे सियासी गणित पूरी तरह सक्रिय था। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अंतिम समय में डॉली मल्लिक को समर्थन देकर चुनावी समीकरण को त्रिकोणीय बना दिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम भाजपा समर्थित वोट बैंक में सेंध लगाने की सोची-समझी रणनीति थी। आंकड़ों पर नजर डालें तो रिंकू सिंह और डॉली मल्लिक के वोट जोड़ने पर कुल 11,738 मत होते, जो विजेता से 175 अधिक हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि विपक्षी मतों का विभाजन निर्णायक रहा।

चुनाव में धार्मिक और सामुदायिक ध्रुवीकरण भी साफ दिखाई दिया। मुस्लिम बहुल इलाकों में नौशीन खान को मजबूत समर्थन मिला, जिससे उनका आधार स्थिर रहा। वहीं दूसरी ओर गैर-मुस्लिम वोट एकजुट नहीं हो सके। भाजपा समर्थित प्रत्याशी को अपेक्षित कंसोलिडेशन नहीं मिला, जिसका सीधा असर नतीजों पर पड़ा।

सिख समुदाय की भूमिका भी इस चुनाव में अहम रही। सिख समाज के प्रभावशाली नेता सरदार शैलेंद्र सिंह की पत्नी बलबीर कौर ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन भाजपा नेताओं के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने रिंकू सिंह के समर्थन में चुनाव मैदान छोड़ दिया। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर यह रणनीति पूरी तरह सफल नहीं रही। बलबीर कौर को 548 वोट मिले, जो दर्शाता है कि उनका समर्थन पूरी तरह ट्रांसफर नहीं हुआ। यदि डॉली मल्लिक और बलबीर कौर के मत रिंकू सिंह के खाते में जुड़ते, तो उनका आंकड़ा 12,286 तक पहुंच सकता था—जो विजेता से 723 वोट अधिक होता।

रांची में रोशनी देवघर में रवि आदित्यपुर में सरदार धनबाद में किसके सिर सजेगा ताज

1004328289
1004328360

रांची // झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित उम्मीदवार रोशनी खलखो मेयर बन गई हैं। उन्होंने शुक्रवार को कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को 14,363 वोटों से हराया। रोशनी को 1,57,669 वोट मिले, जबकि रमा को 1,43,306 वोट मिले। पांच राउंड में हुई मतगणना का परिणाम रात 12 बजे घोषित किया गया। रोशनी ने पहले राउंड से ही बढ़त हासिल की और यह अंत तक बनी रही। मेयर पद के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला रोशनी-रमा के बीच रहा। अन्य नौ प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। रोशनी खलखो ने जीत के बाद कहा कि यह जनता की जीत है। पिछले तीन साल से चुनाव नहीं होने से लोग निराश थे और अफसरशाही हावी थी। उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं था। इसलिए यह जीत आम लोगों की जीत है। अब जनता को ऐसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। जनता की समस्याओं का सीधा समाधान कैसे हो, यह हमारा पहला काम होगा। इसके लिए पूरा रोडमैप तैयार है। जल्द यह साकार होता दिखेगा।

हजारीबाग नगर निगम के नए मेयर अरविंद कुमार राणा चुने गए हैं

IMG 20260227 214825

हजारीबाग नगर निगम के नए मेयर अरविंद कुमार राणा चुने गए हैं। अरविंद राणा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और पत्रकार भी रहे हैं।

IMG 20260228 091637आदित्यपुर नगर निगम में भाजपा समर्थित संजय सरदार जीते।

IMG 20260228 091817देवघर नगर निगम चुनाव में झामुमो समर्थित मेयर उम्मीदवार रवि रावत ने चुनाव जीता । भाजपा के प्रत्याशी रीता चौरसिया हारी । रवि राउत की मां भी बनी वार्ड पार्षद।

1004328222नगर निगम गिरिडीह के महापौर पद के लिए जेएमएम समर्थित प्रमिला मेहरा ने सर्वाधिक 38091 मत हासिल किया।

IMG 20260228 094021
पहली बार हुए मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भाजपा समर्थित संध्या सिंह को हराया।

धनबाद में वोटों की गिनती जारी है….

धनबाद में संजीव सिंह आगे चल रहे हैं।

  • मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित अरुणा शंकर ने कड़ी टक्कर में कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी को 3122 वोटों से हराया।

चास में भोलू पासवान आगे चल रहे हैं। वहीं, नगर पंचायत में भाजपा समर्थित 8 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। बिना समर्थन वाले प्रत्याशियों ने नगर निगम के साथ-साथ नगर परिषद में भी अच्छा प्रदर्शन किया है।

23 फरवरी को झारखंड के 48 नगर निकाय में चुनाव हुआ था।

बुंडू नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में जीतेंद्र उरांव ने शानदार जीत दर्ज की है। आधिकारिक परिणामों के अनुसार, उन्हें कुल 4007 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेश उरांव को 3198 मत मिले। इस प्रकार जीतेंद्र उरांव ने 809 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

नगर परिषद के विजयी प्रत्याशी

  • पाकुड़ से शबरी पाल,
  • गोड्डा से सुशील रमानी,
  • गुमला से शकुंतला उरांव,
  • लोहरदगा अनिल उरांव,
  • मिहिजाम से जय श्री देवी,
  • जुगसलाई से नौशीन खान,
  • चाईबासा से नितिन प्रकाश,
  • गढ़वा से आशीष सोनी,
  • बिश्रामपुर गीता देवी,
  • चक्रधरपुर शनि उरांव,
  • चतरा अताउर रहमान,
  • रामगढ़ कुसुम लता देवी,
  • फुसरो निर्मला देवी,
  • साहिबगंज रामनाथ पासवान,
  • चिरकुंडा सुनीता देवी,
  • झुमरी तिलैया रमेश हर्षधर,
  • कपाली परवेज आलम शामिल हैं।

नगर पंचायत से विजय प्रत्याशी

  • बुंडू जितेंद्र उरांव,
  • डोमचांच उमेश वर्मा,
  • चाकुलिया सोमवारी सोरेन,
  • जामताड़ा आशा गुप्ता,
  • महागामा प्रबोध सोरेन,
  • लातेहार महेश सिंह,
  • बासुकीनाथ बीना देवी,
  • खूंटी रानी टूटी,
  • छतरपुर अरविंद गुप्ता,
  • बंशीधर नगर साधना देवी ,
  • मझिआंव सुमित्रा देवी,
  • हरिहरगंज शीला चौधरी,
  • हुसैनाबाद अजय भारती,
  • धनवार विनय संथालिया,
  • बड़की सरैया शोभा देवी,
  • राजमहल केतुबद्दीन शेख,
  • बरहरवा अर्पिता दास,
  • कोडरमा साजिद हुसैन और
  • सरायकेला मनोज चौधरी चुनाव जीते

ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल करके फर्जी शराब घोटाला बनाया गया : केजरीवाल

IMG 20260228 090903

नई दिल्ली // दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से आबकारी नीति मामले में बरी होने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार साल से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई का गलत इस्तेमाल करके एक फर्जी शराब घोटाला बनाया गया। आज कोर्ट को यह फैसला करना था कि इस मामले में मुकदमा चलाया जाए या नहीं। कोर्ट ने अपने फैसले में कह दिया है कि यह इतना फर्जी है कि इसमें मुकदमा तक नहीं चलाया जा सकता है।

मैं कोई नेता नहीं हूं, जो मुझ पर फर्क न पड़े….

केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा, ‘मैं कोई नेता नहीं हूं, जो मुझ पर फर्क न पड़े बल्कि मुझे जब कोई बेईमान कहता है, मेरे परिवार को ताने मारे जाते हैं तो मुझे फर्क पड़ता है। मैंने तय किया था कि जब तक मुझे पूरे देश के सामने ईमानदार साबित नहीं किया जाता, तब तक मैं चुप रहूंगा। आज मेरे दिल से बहुत बड़ा बोझ उतर गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल को नहीं हरा सकते थे, इसलिए केजरीवाल की ईमानदारी पर चोट करने के लिए षड्यंत्र रचा गया। आज कोर्ट के फैसले से साबित हो गया कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आप कट्टर ईमानदार है। अब उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।

इस षड्यंत्र का खामियाजा दिल्ली के 3 करोड़ लोग भुगत रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि हमारे परिवार ने बहुत कुछ भुगता है लेकिन हमारे लिए परिवार नहीं, दिल्ली के लोग जरूरी हैं। इस षड्यंत्र का खामियाजा दिल्ली के 3 करोड़ लोग भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस फर्जी घोटाले को सही साबित करने के लिए सभी जांच एजेंसियों ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया लेकिन एक पैसे का भी भ्रष्टाचार साबित नहीं कर पाई। आज कोर्ट में साबित हो गया कि यह पूरा षड्यंत्र आआपा और उसके नेताओं को बदनाम करने के लिए रचा गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान पुलिस काे लगाई फटकार, कहा- क्या आप जेम्स बॉन्ड हैं

नई दिल्ली // उच्चतम न्यायालय ने राजस्थान से जुड़े एक मामले में राज्य की पुलिस को कड़ी फटकार लगाई है। जस्टिस विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली पीठ ने राजस्थान पुलिस से पूछा कि क्या आप जेम्स बांड हैं। पहले गोली मारो, बाद में सवाल पूछो, की तरह काम करेंगे।कोर्ट ने जबरन वसूली और धोखाधड़ी संबंधी एफआईआर को निरस्त करते हुए ये टिप्पणी की।

निगेटिव मीडिया कवरेज की धमकी से संबंधित मामला

कोर्ट ने राजस्थान पुलिस से पूछा कि क्या आप किसी के बयान भर से एफआईआर दर्ज कर लेंगे। दरअसल, याचिकाकर्ता आशीष दवे राजस्थान के एक न्यूज चैनल के पूर्व रीजनल हेड हैं। आशीष दवे के खिलाफ संबंधित न्यूज चैनल ने सितंबर 2025 में जयपुर के अशोक नगर थाने में शिकायत की थी कि वेंडर्स और बाहरी पार्टियों से पैसे मांगने के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया। शिकायत में कहा गया कि आशीष दवे ने ऐसा न करने पर निगेटिव मीडिया कवरेज की धमकी दी। शिकायत में आशीष दवे पर जबरन वसूली, धोखाधड़ी और कंपनी की साख और पैसे का नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया था।

सीएए पर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री के खिलाफ एफआईआर की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने वकील को फटकारा

IMG 20260228 082201

नई दिल्ली // उच्चतम न्यायालय ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए याचिकाकर्ता वकील को कड़ी फटकार लगाई। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने वकील से पूछा कि आपको किसने लाइसेंस दिया है। हालांकि उच्चतम न्यायालय ने राजस्थान उच्च न्यायालय की ओर से वकील पर 50 हजार के जुर्माने के आदेश को स्थगित करने का आदेश दिया। संबंधित वकील ने इसके पहले उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। उच्च न्यायालय ने याचिका खारिज करते हुए वकील पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश दिया था। उच्च न्यायालय ने कहा था कि ये तुच्छ याचिका है और ये न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग है।

मुख्य न्यायाधीश ने वकील द्वारा बैंड नहीं पहनने पर ऐतराज जताते हुए कहा कि बैंड वैंड पहने नहीं है…

सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि इन पर उच्च न्यायालय ने कोई जुर्माना नहीं लगाया। मुख्य न्यायाधीश ने वकील द्वारा बैंड नहीं पहनने पर ऐतराज जताते हुए कहा कि बैंड वैंड पहने नहीं है, लगा कोई दंगल में उतरने आये हैं। जब उच्चतम न्यायालय को पता चला कि राजस्थान उच्च न्यायालय ने जुर्माना लगाया है तब वकील से पूछा कि आप कब से प्रैक्टिस कर रहे हैं। वकील ने कहा कि 1995 से। तब मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि आपको किसने लाइसेंस देने की गलती की। आप इस तरह की याचिका मत दायर कीजिए। अगर आप इस तरह की याचिका दायर करेंगे तो लोग कैसे विश्वास करेंगे।सुनवाई के दौरान जब याचिकाकर्ता ने विचारधारा से जुड़ी आपत्तियां उठाईं तो मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि किसी की राजनीति या सोच से असहमति होना उसे अपराध नहीं बना देता।

मान लीजिए, अगर संसद कोई अवैध कानून पारित करती है तो क्या वह अपराध है।

अगर आप और दबाव डालेंगे तो हमें जुर्माना बढ़ाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मान लीजिए, अगर संसद कोई अवैध कानून पारित करती है तो क्या वह अपराध है। आप अपना बयान वापस लें। कोर्ट की सख्त टिप्पणी पर याचिकाकर्ता ने याचिका वापस ले लिया।याचिकाकर्ता ने कोर्ट को भरोसा दिया कि वह अलवर के एसएचओ को भेजी गई 2020 की शिकायत के संबंध में किसी भी कोर्ट में या किसी अन्य रुप में कोई शिकायत या आवेदन दायर नहीं करेगा।

रामगढ नगर परिषद अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित कुसुमलता ने मारी बाजी

IMG 20260227 234752

रामगढ़ // रामगढ़ नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार कुसुमलता कुमारी ने बाजी मारते हुए जीत हासिल की है। उन्हें कुल 17605 वोट मिले हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा समर्थित उम्मीदवार प्रिया कुमारी को 6492 मतों से पराजित किया है। प्रिया कुमारी को कुल 11,113 मत मिले हैं। कुसुमलता कुमारी को जीत की बधाई देने के लिए रामगढ़ विधायक ममता देवी और बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद पहुंचींं।

भाजपा के साथ-साथ आजसू और जेएलकेएम जैसे कद्दावर नेताओं को किनारा कर दिया।

मतगणना की शुरुआत से ही कुसुमलता ने अपनी बढ़त बनाए रखी थी। जब अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों की मतगणना की स्थिति साफ होने लगी, तो कुसुमलता देवी पहले स्थान पर थीं। वह भाजपा समर्थित उम्मीदवार प्रिया देवी से 652 मतों से आगे थींं। इसके बाद लगातार उनकी बढ़त बढ़ती गई और दूसरे राउंड में 1107 वोट से आगे हो गई। इसके बाद लगातार संख्या बदलता रहा और कुसुम लता 1252 वोट से आगे बढ़ती गईं। दूसरे राउंड की मतगणना शुरू हुई तो कुसुमलता देवी को सभी बूथों पर जमकर वोट मिले। उन्होंने लंबी छलांग लगाई। इसके बाद उन्होंने प्रिया कुमारी को 3594 वोटों से पछाड़ दिया।कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार कुसुमलता देवी ने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

1004326180

हर राउंड की गणना के बाद वह 1000 वोट से आगे बढ़त बनाती चली गईं। अंततः उन्होंने 6492 मतों से प्रिया कुमारी को पराजित कर दिया। उनकी इस जीत ने भाजपा के साथ-साथ आजसू और जेएलकेएम जैसे कद्दावर नेताओं को किनारा कर दिया। आजसू समर्थित उम्मीदवार रेणु देवी को मात्र 9401 वोट मिले हैं। इसके अलावा जेएलकेएम समर्थित उम्मीदवार अनिता कुमारी को 8232 वोट से ही संतोष करना पड़ा। झारखंड मुक्ति मोर्चा इस चुनाव में दो गुटों में बंटी और उन्हें करारी हार का समाना करना पडा।

रमेश हर्षधर बने झुमरीतिलैया के अध्यक्ष, वार्ड पार्षद के परिणाम घोषित

IMG 20260227 234203

कोडरमा // झुमरीतिलैया नगर के अध्यक्ष के रूप में रमेश हर्षधर चुन लिए गए हैं। उन्होंने राजेन्द्र जायसवाल को 729 मतों से हराया। रमेश हर्षधर को 6972 और दूसरे स्थान पर रहे राजेन्द्र जयसवाल को 6243 मत मिले।

झुमरीतिलैया नगर परिषद के विभिन्न वार्ड के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।

  • वार्ड 1 से रेणु देवी,
  • वार्ड 2 से संजय यादव,
  • वार्ड 3 से सोनू चंद्रवंशी,
  • वार्ड 4 से नीलम पासवान,
  • वार्ड 5 से महेश यादव,
  • वार्ड 6 से नूरी परवीन,
  • वार्ड 7 से घनश्याम तुरी,
  • वार्ड 8 से सीमा कुमारी,
  • वार्ड 9 से नीरज कुमार,
  • वार्ड 10 से पिंकी जैन,
  • वार्ड 11 से मनप्रीत कौर,
  • वार्ड 12 से चंदा शर्मा,
  • वार्ड 13 से उदय सिंह,
  • वार्ड 14 से राजेश लोहनी,
  • वार्ड 15 से विशाल सिंह,
  • वार्ड 16 से साफ़िया परवीन,
  • वार्ड 17 से शमीम आलम,
  • वार्ड 18 से मधुलिका सिंह,
  • वार्ड 19 से पार्वती देवी,
  • वार्ड 21 से मनोहर राम,
  • वार्ड संख्या 22 से सरिता देवी,
  • वार्ड नं 23 सरिता देवी,
  • वार्ड नं 24 से ज्योति शुक्ला,
  • वार्ड 26 से मनीष चौधरी विजयी घोषित किए गए।