रांची // झारखंड में नगर निकाय चुनाव के तहत सोमवार सुबह सात बजे से राज्यभर में मतदान जारी है। राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। राज्य चुनाव आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने जानकारी दी कि सुबह 7:00 बजे से दोपहर एक बजे तक लगभग 37.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो रहा है और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके। मतदान प्रक्रिया शाम 5:00 बजे तक जारी रहेगी। राज्य चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
पटना // राजधानी पटना की सिविल अदालत में सोमवार को हुई सुनवाई में बिहार होमगार्ड एवं अग्निशमन सेवा के महानिरीक्षक (आईजी) एम. सुनील कुमार नायक को राहत मिली है। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-9 (एसीजेएम-9) की अदालत ने आंध्र प्रदेश पुलिस की ओर से दायर ट्रांजिट रिमांड की अर्जी को खारिज कर दिया।
अधिकारी को राज्य से बाहर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती
अदालत ने स्पष्ट कहा कि विधिसम्मत प्रक्रिया और पर्याप्त दस्तावेजों के अभाव में किसी भी अधिकारी को राज्य से बाहर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। सुनवाई के दौरान अदालत ने आंध्र प्रदेश पुलिस की तैयारी पर कड़ी नाराजगी जताई और सीधे ट्रांजिट रिमांड देने से इनकार कर दिया।
सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मी बिना वर्दी अदालत में उपस्थित हुए थे। इस पर अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को बैठा लिया। इनमें आंध्र प्रदेश पुलिस के तीन कर्मियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
2021 के कथित हिरासत प्रकरण से जुड़ा मामला
दरअसल, आईजी सुनील कुमार नायक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या के प्रयास), जो वर्तमान में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के समकक्ष प्रावधान से संबंधित है, के तहत मामला दर्ज है। यह प्रकरण वर्ष 2021 में आंध्र प्रदेश के नरसापुरम में पूर्व सांसद रघुराम कृष्ण राजू से जुड़े कथित हिरासत मामले से संबंधित है। इसी मामले में आंध्र प्रदेश पुलिस ने पटना में कार्रवाई की थी।
सुबह आवास पर पहुंची थी आंध्र प्रदेश पुलिस की टीम
इससे पहले सोमवार सुबह आंध्र प्रदेश पुलिस की एक टीम शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित आईजी नायक के सरकारी आवास पर पहुंची। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में आवास के भीतर जांच और पूछताछ की गई। बाद में उन्हें गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई। इस दौरान आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में होमगार्ड के जवान भी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि नियमों की अनदेखी कर कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल अदालत के फैसले से आईजी नायक को राहत मिली है। हालांकि मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है और आगे की कार्रवाई उच्च न्यायालय अथवा संबंधित न्यायिक मंच के निर्णय पर निर्भर करेगी।
रांची // रांची नगर निकाय चुनाव के दौरान सोमवार को वार्ड संख्या 18 के एक मतदान केंद्र पर उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब कांग्रेस नेता राजेश गुप्ता उर्फ छोटू और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पार्षद प्रत्याशी सोमवीत माजी के बीच तीखी बहस हो गई।
सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने तत्काल दोनों नेताओं को मतदान केंद्र से बाहर कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई गई।इस घटना में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच भी कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की सतर्कता से हालात नियंत्रण में रहे।वार्ड 24 में भी हुआ हंगामा।
इसी बीच वार्ड नंबर 24 स्थित जामिया हुसैनिया मतदान केंद्र पर भी दो पक्षों के समर्थकों के बीच अचानक कहासुनी के बाद झड़प हो गई। वहां तैनात सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और सभी को मतदान केंद्र परिसर से बाहर निकाला।प्रशासन की ओर से बताया गया कि दोनों घटनाओं के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्वक मतदान जारी है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, जिससे कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
काठमांडू // पोखरा से काठमांडू आ रही बस के धादिंग में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। काठमांडू में उपचार के दौरान एक यात्री की मौत हो गई है। इस दुर्घटना में घायल 22 यात्रियों को आगे के उपचार के लिए काठमांडू लाया गया है।
जिला पुलिस कार्याल के प्रवक्ता एवं डीएसपी पवन कुमार भट्टराई के अनुसार घायलों में से 12 का उपचार नेशनल ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जबकि 10 का इलाज नेशनल हॉस्पिटल कलंकी में किया जा रहा है। काठमांडू लाए गए 23 मरीजों में से एक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है।कलंकी के नेशनल हॉस्पिटल में नौ पुरुष और एक महिला का इलाज चल रहा है। ट्रॉमा सेंटर में सात पुरुष और पांच महिलाओं का उपचार किया जा रहा है।
सोमवार तड़के धादिंग के बेनिघाट रोरांग क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में 18 लोगों की मृत्यु हो गई थी और 26 अन्य घायल हुए थे। इनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
देवघर // नगर निगम चुनाव को लेकर वोटर उत्साह जारी है। सुबह 11 बजे तक देवघरनगर निगम (वर्ग क) -19.16 %
मधुपुर नगर परिषद (वर्ग ख) -24.10 % मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी
रामगढ़ नगर परिषद को लेकर मतदाताओं में उत्साह बरकरार है।
रामगढ़ नगर परिषद को लेकर मतदाताओं में उत्साह बरकरार है। सुबह 7:00 बजे से शुरू हुआ मतदान धीरे-धीरे अब तेजी पकड़ने लगा है। पहले 2 घंटे में 10.39 फ़ीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। लेकिन 3 घंटे बीतने के बाद 25 फ़ीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। रामगढ़ जिला प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज, एसपी अजय कुमार, एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी, डीडीसी आशीष अग्रवाल सहित जिले के तमाम अधिकारी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। मत पत्र से हो रहे इस चुनाव में मतदाताओं को ईवीएम से थोड़ी ज्यादा दिक्कतें महसूस हो रही है। अध्यक्ष और वार्ड पार्षद के अलग-अलग मतपत्र में वोट डालने में उन्हें समय लग रहा है। इसके बावजूद मतदान केंद्रों पर लगातार मतदाताओं की भीड़ लगी हुई है।
रांची // जिला के खेलगांव थाना क्षेत्र के आनंद विहार स्थित केपी स्कूल के पास 19 फरवरी को मिले युवक के हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में जोन्सन मिंज, बिउला टोप्पो, दीपक अग्रवाल, प्रिंस कुमार और प्रेम लकड़ा शामिल है। इनके पास से एक देशी कट्टा, घटना में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर बाइक, एक स्कूटी, खून लगा हुआ जैकेट, खून लगा हुआ मिट्टी और मोबाइल फ़ोन बरामद किया गया है।सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि करीब 15-16 साल पुराने प्रेम संबंध को लेकर हत्या की साजिश रची गई थी। साजिश के तहत चार लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई गई थी। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसपी ने बताया कि 19 फरवरी को सुबह आनंद विहार के केपी स्कूल के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पहचान कांटाटोली रजा कॉलोनी निवासी आशिफ अंसारी के रूप में हुई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच शुरू की। अनुसंधान में सामने आया कि मृतक आशिफ अंसारी का आनंद विहार निवासी बिउला टोप्पो के साथ पिछले 15-16 वर्षों से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते से बिउला के पति जोन्सन मिंज नाराज और परेशान रहता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जोन्सन मिंज ने अपने मित्र दीपक अग्रवाल के साथ मिलकर आशिफ की हत्या की साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस के समक्ष यह खुलासा किया है।
इस्लामाबाद // पाकिस्तान के गृह राज्यमंत्री तलाल चौधरी ने दावा किया कि पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर पर हवाई हमले में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि इस हमले में करीब 70 आतंकवादी मारे गए। सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान के अंदर तीन इलाकों में सात आतंकवादी शिविरों और ठिकानों को निशाना बनाया।दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मंत्री तलाल चौधरी ने कहा कि इस बात के पक्के सबूत हैं कि मारे गए ज्यादातर आतंकवादी पाकिस्तान के नागरिक हैं। यह लोग तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और दाएश-खोरासान जैसे बैन संगठनों से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान लंबे समय से आतंकवादियों को पनाह दे रहा है। पाकिस्तान अपने नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के लिए सभी कदम उठा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद ने दशकों से लाखों अफगान शरणार्थियों को पनाह दी है और अपनी सुरक्षा और आर्थिक चुनौतियों का सामना करने के बावजूद अफगानिस्तान को आर्थिक मदद दी है। चौधरी ने अफगानिस्तान की अंतरिम सरकार पर 2020 के दोहा समझौते के तहत अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।चौधरी ने कहा, ”अफगानिस्तान की अंतरिम सरकार अपने वादे पर खरी नहीं उतरी है और आतंकवाद को नहीं रोका है।” मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने काबुल के साथ सुरक्षा चिंताओं को दूर करने के लिए कई स्तर की बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि यूनाइटेड नेशंस ने अफगानिस्तान में दो दर्जन से अधिक आतंकी संगठनों के सक्रिय होने की सूचना दी है। उल्लेखनीय है पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच यह ताजा तनाव खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में हुए हमलों के बाद इस्लामाबाद और काबुल के बीच बढ़े तनाव के बीच हुआ है। हि.स.
देवघर // 50 बेड का मल्टी-स्पेशियलिटी श्री श्याम हॉस्पिटल का उद्घाटन झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने फीता काटकर किया। हॉस्पिटल के उद्घाटन के बाद मंत्री ने कहा कि 50 बेड का मल्टी-स्पेशियलिटी श्री श्याम हॉस्पिटल लोगों को समर्पित किया गया है। यह हॉस्पिटल देवघर और आस-पास के इलाकों के मरीजों को बेहतर, आसान और क्वालिटी वाला इलाज करेगा।
मैं साफ-साफ घोषणा करता हूं कि जो कोई भी राज्य के किसी भी जिले में हॉस्पिटल खोलना चाहता है, उसे सरकार की तरफ से पूरी मदद मिलेगी। ऐसे हॉस्पिटल को आयुष्मान स्कीम से जोड़ा जाएगा ताकि गरीबों और जरूरतमंदों को मुफ्त और कैशलेस इलाज मिल सके। मैं झारखंड के लोगों को बेहतर हेल्थकेयर की गारंटी का भरोसा दिलाता हूं। बहुत कम समय में, हेल्थ सेक्टर में लोगों का भरोसा काफी बढ़ा है। हमारा कमिटमेंट पूरे राज्य में हेल्थकेयर सर्विस में बड़ा बदलाव और एक सच्ची क्रांति लाना है।देवघर जिले में मरीजों के लिए बेहतर इलाज की सुविधाएं अब पक्का की जाएंगी। यह सिर्फ एक हॉस्पिटल का उद्घाटन नहीं है, बल्कि हेल्थकेयर क्रांति की ओर एक मजबूत कदम है।
देवघर // अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी आज देवघर पहुंचे के बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा अर्चना किए । पूजा अर्चना के बाद गोड्डा से भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे के आवास पर गए । सांसद के आवास पर पहुंचने को लेकर पुर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पु यादव ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा 👇👇👇
देवघर में आज अडानी मंदिर आए थे, फिर वह उद्योगपतियों के एक एजेंट MP के यहां गए! उद्योगपतियों की दलाली और नेहरू गांधी के ख़िलाफ़ दुष्प्रचार फैलाना उस सांसद का मुख्य धंधा है, इस भेंट से साफ़ है गांधी जी,नेहरू जी, राहुल जी, इंदिरा जी आदि के विरुद्ध दुष्प्रचार का निवेशक अडानी है !
निशिकांत दुबे का पलटवार
सांसद निशिकांत दुबे ने पप्पु यादव को जवाब देते हुए लिखा अभी संसद सत्र के दौरान मुझसे यही सज्जन लोकसभा के अंदर मुझसे मिलने आए थे, एक ही इनकी विनती थी कि मुझे भाजपा में शामिल करवा दीजिए । अंगूर खट्टे हैं, कुछ तो दिन ईमान होना चाहिए ? आपके चुनाव क्षेत्र में हमारे परिवार की कितनी जमींदारी है,यह भी लोगों को बताइए, कांग्रेस पार्टी से मेरा भाई पूर्णिया से विधायक रहे, यह भी बताइए । राजनीति की मर्यादा रखिए ।
खूंटी // जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पांडूपुडिंग में डूबने से अजय कुमार वर्मा नामक 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह लालपुर के लोहरा कोचा की आनंद विहार कॉलोनी का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार वह अपने 18:20 दोस्तों के साथ रविवार को मिनी बस से पिकनिक मनाने पांडूपुडिंग जलप्रपात आया था।
नहाने के दौरान उसके सिर पर चोट लग गई और वह बेहोश हो गया। उसे तुरंत रेफरल अस्पताल तोरपा लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया।
पूर्वी सिंहभूम // राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। राष्ट्रपति के दौरे को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन, पुलिस और नगर निकायों के बीच लगातार समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
राष्ट्रपति के काफिले के आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा न हो…
राष्ट्रपति के संभावित मार्ग को ध्यान में रखते हुए रविवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने साकची स्टेट माइल से लेकर बारीडीह स्थित मणिपाल परिसर तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। बारीडीह क्षेत्र में सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी ढांचे, ठेले, खोमचे और अवैध निर्माण को हटाया गया।
बुलडोजर की सहायता से की गई इस कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों का स्पष्ट निर्देश था कि राष्ट्रपति के काफिले के आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए।
कुछ मार्गों पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध भी लागू किए जा सकते हैं।
प्रशासन द्वारा पूर्व में नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। अभियान के दौरान कई दुकानदारों और ठेला संचालकों ने स्वेच्छा से अपना सामान समेट लिया और प्रशासन को सहयोग दिया।अधिकारियों के अनुसार, पूरे निर्धारित मार्ग पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सड़क की मरम्मत, गड्ढों की भराई, डिवाइडर की पुताई और फुटपाथों की सफाई का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। राष्ट्रपति के काफिले के समय यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जा रही है। आवश्यकतानुसार कुछ मार्गों पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध भी लागू किए जा सकते हैं।
बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हैं। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई है।बारीडीह स्थित मणिपाल परिसर में राष्ट्रपति का मुख्य कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम स्थल पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है। प्रवेश के लिए विशेष पास प्रणाली लागू की जा सकती है तथा आम लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।जिला प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी संबंधित विभाग-नगर निगम, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग और विद्युत विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि उद्देश्य केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि शहर की व्यवस्था और स्वच्छता को भी बेहतर बनाना है, ताकि राष्ट्रपति का दौरा गरिमामय और सफल हो। प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है, जिससे कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
भुवनेश्वर // उड़ीसा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पांच पुलिसकर्मी की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा झारसुगुड़ा सदर पुलिस स्टेशन के सामने हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस वाहन ड्यूटी पर था, तभी वह विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पांचों पुलिसकर्मी की मौके पर ही अपनी जान गंवा बैठे।
मृतकों की पहचान एपीआर कर्मी कशीराम भोई और देबदत्ता स, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजुर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होम गार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रुप में हुई है । इनकी अचानक मृत्यु से उनके परिवार, सहयोगी और स्थानीय समुदाय गहरे शोक में हैं।
तीन अन्य पुलिसकर्मीघायल :- दो एपीआर और एक सार्जेंट गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें तुरंत बचाकर झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी चिकित्सा जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी स्थिति गंभीर है और उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है।
नोएडा के विभिन्न जगहों पर रहने वाले चार लोगों ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बलात्कार की घटना से आहत होकर उठाया कदम
थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में रहने वाली एक युवती ने रविवार को अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान ने बताया कि सेक्टर 63 के बहलोलपुर गांव में रहने वाली एक युवती ने रविवार को पंखे से फंदा लगा लिया।
उसके परिजनों ने उसे फंदे से उतार कर एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं मृतका के परिजनों का कहना है कि एक युवक ने उसके साथ बलात्कार किया था, जिससे आहत होकर उसने आत्महत्या किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मानसिक तनाव के चलते उठाया कदम
थाना फेस- वन के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया कि हरजीत सिंह हरौला गांव में रहते थे। वह मूल रूप से जनपद पीलीभीत के रहने वाले थे। उनकी उम्र 31 वर्ष है। बीती रात को उन्होंने अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अंबेडकर कॉलोनी दादरी में रहने वाली सुखदेवी पत्नी रोशन लाल उम्र 65 वर्ष ने बीती रात को मानसिक तनाव के चलते अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्होंने बताया कि अत्यंत गंभीर हालत में उन्हे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या
थाना बीटा- दो के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि वीरेश यादव पुत्र ताराचंद मूलनिवासी जनपद अलीगढ़ उम्र 32 वर्ष ने मानसिक तनाव के चलते एक पेड़ की डाल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले कैलाश उम्र 30 वर्ष ने मानसिक तनाव के चलते सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर लिया। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रांची // रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हटिया रेलवे स्टेशन से एक युवक को 14 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आरपीएफ हटिया की टीम द्वारा की गई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर समीर कर्माकर ने बताया कि टीम ने हटिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर एक संदिग्ध युवक को ट्रॉली बैग और काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान संदीप कुमार उर्फ चित्रंजन कुमार (18) के रूप में हुई। वह बिहार के कैमूर जिले का निवासी है।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से कुल सात पैकेटों में 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार रेलवे सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहा है। विशेष निगरानी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
देवघर // अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने शनिवार को झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर से बाहर निकलने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि वे बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने आए हैं और देश की तरक्की के लिए प्रार्थना की है।
विशेष विमान से पहुंचे देवघर
इससे पहले देवघर एयरपोर्ट पर विशेष विमान से पहुंचने के बाद गौतम अदाणी सीधे बाबा धाम पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से जलाभिषेक किया, गर्भगृह में पूजा-अर्चना की और कुछ देर ध्यान भी लगाया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के लिए यह पल खास रहा, क्योंकि देश के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर समूह के चेयरमैन आस्था में लीन नजर आए।
लोगों का किया अभिवादन
मंदिर से बाहर निकलते समय गौतम अदाणी ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। उनकी एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह साफ दिखाई दिया। जैसे-जैसे उनके दौरे की तस्वीरें और वीडियो सामने आए, पूर्वी भारत में औद्योगिक गतिविधियों को लेकर अटकलें भी तेज हो गईं। देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दरबार में माथा टेकने की यह यात्रा केवल आस्था तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे पूर्वी भारत में निवेश और औद्योगिक विस्तार के संभावित नए अध्याय की शुरुआत के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।
सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम
उनकी यह यात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई और अपेक्षाकृत लो-प्रोफाइल रही, लेकिन इसके राजनीतिक और आर्थिक मायनों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। जिस तरह उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत बाबा धाम से की, उसे पूर्वी भारत में संभावित विस्तार और निवेश के प्रतीकात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक बड़े औद्योगिक निवेश से अपेक्षाकृत दूर रहे बिहार और झारखंड अब देश के नए ग्रोथ सेंटर के रूप में उभर रहे हैं। ऊर्जा, खनन, रसद एवं अवसंरचना जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं को देखते हुए अदाणी समूह की सक्रियता को इसी संदर्भ में जोड़ा जा रहा है।