देवघर // जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, टोटो, चार बैटरियां और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है।बीते 29 जून 2026 को बालिया चौकी निवासी रामबालक राय ने कुण्डा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जून को ग्राम योगीडीह स्थित डीएवी स्कूल के पास डढ़वा नदी के समीप सुनसान स्थान पर बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनका टोटो, मोबाइल फोन तथा नकदी लूट ली।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमीत कुमार मंडल, पिता केदार मंडल तथा लिलाम्बर मंडल, पिता अजय कुमार मंडल, दोनों निवासी गौरीपुर, थाना कुण्डा, जिला देवघर के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं, दोनों की निशानदेही पर लूटा गया टोटो और उसकी चार ईस्टमेन बैटरियां भी बरामद कर ली गईं।

बरामद सामान
- एक टोटो
- चार ईस्टमेन बैटरियां
- एक लूटा गया मोबाइल फोन
- एक अपाचे मोटरसाइकिल
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक शिवयतन मुर्मु, हवलदार रामबालक राय, आरक्षी राजेश कुमार यादव, तकनीकी शाखा के रियाजुल हक एवं कृष्णा पूर्ति सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
देवघर पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
