देवघर // नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने शहर की मौजूदा सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए एमएसडब्लूएम (MSWM) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और कार्यप्रणाली में तुरंत सुधार लाने का निर्देश दिया।
किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि शहर के मुख्य चौक-चौराहों के साथ-साथ अब प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए वार्ड-वाइज रूट चार्ट और कार्ययोजना को मजबूत करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने नगर आयुक्त और एमएसडब्लूएम के निदेशक को आपसी समन्वय स्थापित कर काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसकी नियमित क्रॉस-वेरिफिकेशन की जाए और जिम्मेदारी भी तय की जाए।
उपायुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड में समय पर कचरा उठाव हो रहा है या नहीं, इसकी नियमित क्रॉस-वेरिफिकेशन की जाए और जिम्मेदारी भी तय की जाए। उन्होंने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, एमएसडब्लूएम के अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, सिटी मैनेजर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
