चट्टी बरियातू कोल परियोजना विस्तार को लेकर बड़ी कार्रवाई
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूर्व कृषि मंत्री का आवास ध्वस्त
मुआवजा भुगतान का दावा, कोर्ट जाने की चेतावनी
कांग्रेस के पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने सोशल मीडिया पर डाला लाइव वीडियो
हजारीबाग// जिले के केरेडारी में एनटीपीसी की चट्टी बरियातू कोल माइंस परियोजना के विस्तार को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को जोरदाग स्थित पूर्व कृषि मंत्री के आवास को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। आवास टूटने के बाद घटनास्थल पर मौजूद पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामला अभी कोर्ट में लंबित है, इसके बावजूद घर तोड़ दिया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की बात कही। वहीं एनटीपीसी चट्टी बरियातू कोल माइंस के वरीय अधिकारी नील माधव स्वाइन ने बताया कि संबंधित आवास सहित पूरे ढांचे का मुआवजा पहले ही सरकारी कोष में जमा करा दिया गया था और सभी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही यह कार्रवाई की गई है।प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और आगे कानूनी लड़ाई की संभावना भी जताई जा रही है।
