देवघर // मोहनपुर थाना क्षेत्र के चैपामोड़ स्थित जैप-5 के समीप 26 अप्रैल 2026 को इंडियन पंच अखबार के पत्रकार मंटू यादव के साथ मारपीट व जान से मारने की घटना को लेकर स्थानीय पत्रकारों ने देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर को ज्ञापन सौंपा है। पत्रकारों ने मुख्य आरोपी सुभाष मंडल समेत अन्य आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी, उन्हें जेल भेजने और मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेंब्रम की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
26 अप्रैल को पत्रकार के साथ हुई थी मारपीट
ज्ञापन में पत्रकारों ने बताया कि 26 अप्रैल को मुख्य अभियुक्त सुभाष मंडल (35 वर्ष), पिता स्व. चंद्रकांत मंडल, ग्राम बाराकोला, थाना मोहनपुर और प्रमोद हेंब्रम (35 वर्ष), पिता गोविंद हेंब्रम, ग्राम मलडबरा, थाना चितरा के साथ पांच अज्ञात लोगों ने पत्रकार मंटू यादव को जंगल-झाड़ी वाले इलाके में ले जाकर पहले गाली-गलौज कर टॉर्चर किया, वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी और फिर जान से मारने की कोशिश की। पीड़ित पत्रकार किसी तरह भागकर जान बचाने में सफल हुए।
भूमाफिया से जुड़ा हुआ मामला
पत्रकारों ने आरोप लगाया कि इस गैंग द्वारा मोहनपुर स्टेशन (बाराकोला) के रेलवे रैक कारोबार और आसपास की जमीन खरीदने वालों से रंगदारी वसूली का धंधा चलाया जा रहा है। मंटू यादव ने सुभाष मंडल की कार्यशैली को लेकर पहले भी अपने अखबार में खबरें प्रकाशित की थीं, जिसके बाद से वे सुभाष के निशाने पर थे और लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही थी।
पत्रकारों ने किया मांग , आरोपितों को गिरफ्तार कर जल्द जेल भेजें प्रशासन
द प्रेस क्लब ऑफ देवघर के सचिव राजेश किशोर ने कहा कि मोहनपुर के पत्रकार मंटू यादव खबर को प्रकाशित कर रहे थे। खबर छपने के बाद हमला किया गया, प्रहार किया गया । लगातार देखा जा रहा है पत्रकार जब-जब भी न्याय संगत बात करते हैं, न्याय संगत खबर छपते हैं तो उनको कहीं ना कहीं क्षति पहुंचा जा रहा है।

इसको लेकर मोहनपुर थाना में एफआईआर कर दिया गया है। अभियुक्त अभी भी घूम रहा है, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इस संदर्भ में हम लोग सारे लोग पहुंचे हुए हैं। एसपी सर से मुलाकात किए हुए हैं हम लोग ज्ञापन भी दिए हुए हैं और अपराधी का पिछला अपराधी बैकग्राउंड भी संकलन कर दिए हैं। आश्वासन दिया गया है की कार्रवाई भी होगा जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। थाना प्रभारी के भूमिका की भी जांच का आश्वासन दिया गया है।
पीड़ित पत्रकार के समर्थन में आए पत्रकारों ने किया कहा ….
वहीं प्रेस क्लब के पूर्व जिला अध्यक्ष जेम्स नवाब ने कहा कि पत्रकार के ऊपर लगातार हमला हो रहा है और इसी तरह का मामला मोहनपुर थाना क्षेत्र में हुई है। जहां पत्रकार को धमकी दिया गया है कि समाचार तुम क्यों लिखा। थाना में एफआईआर भी हुआ अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ है। एसपी से हम मांग किए हैं कि आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी हो और कार्रवाई हो।
मौके पर पत्रकार गोपाल शर्मा, प्रमेश वर्मा, चमन कुमार, महेश कुमार, बबलू साह, शेखर सुमन, सत्यम पांडे, मंटू यादव, रंजन कुमार, केशव कुमार व अन्य मौजूद थे।
