झारखंड की आवाज

- Page 5 of 99 -

विधानसभा में उठा जेपीएससी का मामला : गरीब छात्रों के आवेदनों पर सरकार करें विचार

विधानसभा बजट सत्र : विधायक जनार्दन पासवान का सवाल, पैक्स पर पहले एफआईआर, फिर क्लिनचिट

रांची // झारखड विधानसभा का बजट सत्र के प्रश्नकाल में गुरुवार को चतरा के विधायक जनार्दन पासवान ने सवाल उठाया कि प्रतापपुर प्रखंड के चार धान खरीद केंद्रों (पैक्स) के खिलाफ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने पहले प्राथमिकी दर्ज कराई, लेकिन बाद में उन्हें क्लीनचिट दे दी गई।

इस पर मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि गड़बड़ी की सूचना मिलने पर चतरा डीसी ने जांच कराई। जांच में धान न मिलने की पुष्टि हुई, जिसके बाद कार्रवाई की गई।इसके बाद दोबारा डीएसओ ने जांच की, जिसमें पाया गया कि पैक्स में धान मौजूद नहीं था, क्योंकि इसे मिल में जमा कर दिया गया था। मंत्री ने कहा कि जांच में विभागीय लापरवाही पाई गई। इसके बाद प्राथमिकी वापस लेने का निर्देश दिया गया।

विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि पुलिस जांच में भी चारों पैक्स निर्दोष साबित हुए हैं। उन्होंने चारों पैक्स को धान खरीद की अनुमति देने की मांग की। इस पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि चारों को धान खरीद की अनुमति दे दी जाएगी।

जेपीएससी अधिकतम उम्र सीमा मामले में सभी को मिलेगा लाभ पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र सीमा का मामला उठाया। सक्षम छात्र उच्च न्यायालय गए। उन्हें लाभ मिला। इसलिए सरकार गरीब छात्रों के आवेदनों पर विचार करें। उनके भविष्य को सुरक्षित करें।

इस पर संसदीय कार्यमंत्री राधा कृष्ण किशोर ने बताया कि उच्च न्यायालय से कुछ छात्रों को लाभ मिला है। बाकी छात्रों को भी उम्र सीमा में छूट देने के लिए सरकार प्रयासरत है। सभी छात्रों को लाभ देने की कोशिश की जायेगी।

नगर निगम चुनाव : वोटिंग के दिन सिविल कोर्ट में रहेगी छुट्टी

देवघर // देवघर जिला एवं सत्र न्यायालय के द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि माननीय कोर्ट के लेटर नंबर 60/R&S तारीख 18.02.2026 में दिए गए निर्देश और आने वाले म्युनिसिपल (आम) चुनाव, 2026 को देखते हुए, देवघर और मधुपुर सब-डिवीजन के नगर निगम चुनाव में वोटिंग के दिन यानी 23 फरवरी, 2026 (सोमवार) को सिविल कोर्ट, देवघर और सब-डिवीजनल सिविल कोर्ट, मधुपुर में छुट्टी घोषित की जाती है।

एम्स देवघर के प्रोफेसर को मिला एफआईएसीपी फेलोशिप सम्मान

देवघर // एम्स देवघर के मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष (HOD) प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार को चिकित्सा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए एफआईएसीपी (Fellow of Indian College of Physicians) फेलोशिप सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें पटना में आयोजित एपीआई (Association of Physicians of India) के 2026 सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया।एफआईएसीपी फेलोशिप चिकित्सा क्षेत्र के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक है, जो उन चिकित्सकों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने चिकित्सा सेवा, शिक्षण, अनुसंधान तथा रोगियों की देखभाल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। यह सम्मान चिकित्सक की उत्कृष्टता, समर्पण एवं चिकित्सा क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक है।

प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अपने संस्थान, सहकर्मियों तथा विद्यार्थियों के सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में चिकित्सा शिक्षा एवं रोगी सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।इस अवसर पर एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक (Executive Director) ने प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार आगे भी चिकित्सा, शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देते रहेंगे।

झामुमो महासिचव सुप्रियो के खिलाफ भाजपा ने चुनाव आयोग से की शिकायत

रांची // भाजपा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासिचव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन काे लेकर पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से शिकायत की है।

पार्टी नेता सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि झामुमो ने चुनाव में अपने राजनीतिक सिंबल (चुनाव चिन्ह) तीर धनुष का प्रयोग किया है जो खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन है। इससे झामुमो और सरकार की मंशा स्पष्ट हो चुका है।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल सुधीर श्रीवास्तव और अशोक बड़ाइक ने आयोग को बताया कि झामुमो अब खुलकर नगर निकाय चुनाव में सामने आ चुकी है। उन्‍होंने कहा कि जब झामुमो को खुलकर अपना चुनाव चिन्ह का प्रयोग करना ही था तो सरकार दलीय स्तर पर चुनाव कराती।प्रतिनिधिमंडल ने सुप्रियो भट्टाचार्य की ओर से किया गया प्रेस कॉन्फ्रेंस की वीडियो पेन ड्राइव में करके आयोग को सौंपा गया है।

कुख्यात अपराधी राहुल सिंह गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार, हथियार बरामद

रांची // पुलिस ने कुख्यात अपराधी राहुल सिंह गिरोह के पांच अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में अमन कुमार ठाकुर, करण कुमार उरांव, विशाल मुंडा, सेंटू सिंह और रामानंद कुमार शामिल है।

आरोपितों के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा गोली, एक मोटरसाइकिल, छह मोबाइल और एक हेलमेट और कपड़ा बरामद हुआ है।सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि चार फरवरी को टोयोटा शोरूम के समीप विकास अस्पताल के पास अज्ञात अपराधियों के जरिये हवाई फायरिंग की गई थी। इस संबंध में 5 फरवरी को सदर (मेसरा) थाना में कांड सं 49/2026, धारा-109 (1) बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।

इसी क्रम में गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपित कोकर चौक स्थित सुंदर विहार में देखा गया है। जिसके बाद एक छापेमारी दल का गठन किया गया और विधिवत छापेमारी की गई।छापेमारी के दौरान रांची के ओरमांझी थाना अंतर्गत पाचा इलाके के 20 वर्षीय अमन कुमार ठाकुर उर्फ छोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. इस दौरान घटना में प्रयुक्त हथियार, गोली, मोटरसाइकिल, पहने हुए कपड़े और चप्पल अपने घर में छिपा कर रखने की बात सामने आई। जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पाचा स्थित घर में छापेमारी कर घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।इसके अलावा अभियुक्त अमन कुमार ठाकुर की निशानदेही पर अन्य चार अभियुक्त करण कुमार उरांव, विशाल मुंडा, सेंटू सिंह और रामानंद कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस की जांच में बात सामने आई है कि गोलीबारी की वारदात को राहुल सिंह के आदेश पर अंजाम दिया गया था। राहुल सिंह के द्वारा कार शोरूम के मालिक से रंगदारी की डिमांड की गई थी। लेकिन रंगदारी देने से इनकार करने पर शोरूम पर गोली चलाने की जिम्मेदारी अपराधियों को दी गई थी। हालांकि अपराधियों ने गलती से कार शोरूम के बगल में स्थित अस्पताल के गेट पर फायरिंग कर दी थी।

शिवरात्रि मेला से लौटते समय आदिवासी नाबालिग से दुष्कर्म, जांच में जुटी पुलिस

दुमका // जिले के जरमुंडी थाना में एक आदिवासी नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित नाबालिग ने अपने साथ हुई हैवानियत को लेकर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार नाबालिग बीते सोमवार को शिवरात्रि के मौके पर बासुकीनाथ अपने चाची संग मेला देखने गई थी। लेकिन घर वापसी के क्रम में चाची के परिचित युवक विजय मुर्मू ने उक्त नाबालिग को बाराटांड के पास एक सुनसान पहाड़ी पर ले जाकर दुष्कर्म किया।

वहीं घटना के दूसरे दिन मंगलवार को दुष्कर्म की शिकार नाबालिग ने थाना में शिकायत दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराकर आरोपित युवक को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी में जुट गई है। इधर, पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि वह अपने चाची के साथ विजय मुर्मू के बाइक पर सवार होकर बासुकीनाथ मेला घूमने गई थी। जहां मेला में घूमने फिरने के बाद बाइक से वापस लौट लगी। वापसी में सोगरा मोड़ पर चाची नाश्ता लेने के लिए रुक गई और ई-रिक्शा से आने की बात कह कर नाबालिग को बाइक से घर के लिए रवाना कर दिया।

मामले को लेकर थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल ने बताया कि दुष्कर्म की शिकार नाबालिग के पिता ने आरोपित को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है। पुलिस आरोपित को जल्‍द से जल्‍द गिरफ्तार कर लेगी।

Dumka News। प्रेमी के शादी से इंकार पर विवाहिता ने फंदे से लटक कर की खुदकुशी

दुमका // मायके में विवाहिता राखी कुमारी ने फंदे से लटकर खुदकुशी कर ली है। घटना जामा प्रखंड के दुम्मा नावाडीह गांव में घटी। मिली जानकारी के अनुसारखुदकुशी का वजह प्रेमी सोहन यादव का शादी करने से मुकर जाना बताया जा रहा है। घटना के बाद बुधवार को जामा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलों झानों मेडिकल कॉलेज भेजा दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Crime News। मां-बच्चे को जिंदा जलाने के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम // पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदासाई कलाईया गांव में अंधविश्वास की भयावह घटना सामने आई है। बुधवार सुबह करीब 6:10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि डायन होने के आरोप में एक परिवार के पति-पत्नी और बच्चे को आग के हवाले कर दिया गया, जिसमें पत्नी और बच्चे की जलकर मौत हो गई।

सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर राफेल मुर्मू के नेतृत्व में टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

मामले में पीड़ित कोल्हान सिंकू (40 ) के फर्दबयान के आधार पर कुमारडुंगी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में रसिका उर्फ चेचे बिरुवा, सुना बिरुवा, डेलका सिंकू, जेना बिरुवा, सुकुमारी बिरुवा सहित अन्य दो-तीन महिलाओं को आरोपित बनाया गया है।

पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर रसिका उर्फ चेचे बिरुवा (29 ), जेना बिरुवा (19), सोना बिरुवा (36) तथा डेलका सिंकू (20 ) को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपित ग्राम कलाईया, टोला कुदासाई, थाना कुमारडुंगी के निवासी हैं। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के छात्रों का जेईई मेन में शानदार प्रदर्शन

रांची // झारखंड सरकार की ओर से संचालित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के विद्यार्थियों ने वर्ष 2026 की जेईई मेन परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि विभिन्न जिलों के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट एनटीए स्कोर प्राप्त किया।

परिणामों के मुताबिक जामताड़ा के साहिल सिन्हा ने 97.65 प्रतिशत एनटीए स्कोर के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। धनबाद के अंकित कुमार (97.61 प्रतिशत), हजारीबाग के निखिल कुमार (95.37 प्रतिशत), देवघर के वैभव सिंह (93.56 प्रतिशत), गिरिडीह के अनीश शर्मा (93 प्रतिशत) और बोकारो के अंब्रिश राजशेखर (91.79 प्रतिशत) सहित कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किया। वहीं गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम और कोडरमा के अनेक छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक स्कोर प्राप्त किया है।

राज्य सरकार ने इस सफलता का श्रेय आधुनिक शिक्षण पद्धति, अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और जेईई-नीट जैसी परीक्षाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था को दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्कूली शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह और परियोजना निदेशक शशि रंजन ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है।

राज्यपाल का अभिभाषण झूठा, सरकार तर्कहीन और तथ्यहीन बातें कर रही है : बाबूलाल

रांची // बजट सत्र के दौरान सदन में दिए गए राज्यपाल के अभिभाषण को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है।

मरांडी ने बुधवार को कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण झूठा है और सरकार तर्कहीन और तथ्यहीन बातें कर रही है। मरांडी ने कहा कि सत्र के दौरान भाजपा इंडी गठबंधन की सरकार के इस झूठ को सदन के भीतर बेनकाब करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्तीय कुप्रबंधन, घपले-घोटाले के कारण झारखंड आर्थिक संकट से गुजर रहा है। केंद्र सरकार पर असहयोग का आरोप लगाना संकीर्ण मानसिकता और निम्नस्तरीय राजनीतिव उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि यूपीए शासनकाल के 10 वर्षों में झारखंड को 56 हजार करोड़ रुपये मिले, जबकि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक सहायता दी है।मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र से मिले फंड का दुरुपयोग कर रही है और उपयोगिता प्रमाण पत्र तक जमा नहीं किए जा रहे। उन्होंने कहा कि सरकारी खजाने से 10 हजार करोड़ रुपये गायब हैं, जिसकी जांच नहीं हो पा रही है।

उन्होंने राज्‍य में रोजगार, कानून-व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उन्होंने गंभीर सवाल उठाए। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों पर सदन में मजबूती से आवाज उठाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी। ही.स.

फिल्म ‘यादवजी की लव स्टोरी’ के निर्माता, निर्देशक समेत चार के खिलाफ केस दर्ज

संभल // जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना धनारी में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म के निर्माता, निर्देशक समेत चार लाेगाें के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें यादव समुदाय के लोगों ने फिल्म पर अपनी भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए इसे रिलीज होने से रोकने की मांग भी की है।

जिले के गांव भकरौली निवासी अरविंद कुमार ने थाना धनारी में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ नामक फिल्म के निर्माता, निर्देशक, हीरो और हीरोइन सहित चार लोगों के खिलाफ तहरीर पर बुधवार काे एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में फिल्म निर्माता संदीप तौमर, निर्देशक अंकित भड़ाना, अभिनेत्री प्रगति तिवारी और अभिनेता विशाल मोहन काे नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता ने दो दर्जन से अधिक लोगों के साथ थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी थी।

शिकायत में कहा गया है कि 27 फरवरी को रिलीज होने वाली इस फिल्म में दिखाए गए दृश्यों से यादव समुदाय की भावनाएं आहत हो रही हैं, जिससे समाज में भारी आक्रोश है। आरोप है कि फिल्म में यादव समाज की लड़की और अन्य धर्म के लड़के की प्रेम कहानी को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे यादव समाज की संस्कृति और इतिहास को विकृत करने का प्रयास किया गया है।

इस संबंध में थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अरविंद कुमार ने ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म को लेकर शिकायत दी गई थी। अधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अरविंद यादव ने संभल के सभी सिनेमा घर मालिकों से अपील की है कि वे इस फिल्म को प्रदर्शित न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा किया गया तो उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने दोहराया कि यादव समाज इस फिल्म में गलत तरीके से दिखाई गई चीजों को लेकर आक्रोशित है।

Court News। सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट का फैसला पलटा

नई दिल्ली // उच्चतम न्यायालय ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के उस आदेश को पलट दिया है, जिसमें किसी महिला के पायजामे की डोरी खोलना दुष्कर्म का प्रयास नहीं, बल्कि दुष्कर्म की तैयारी माना गया था। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने इस विवादास्पद फैसले को रद्द करते हुए कहा कि किसी महिला के पायजामे की डोरी खोलना दुष्कर्म का प्रयास है।

उच्चतम न्यायालय ने न्यायिक प्रक्रियाओं में संवेदनशीलता लाने के लिए समिति को एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी जारी किए। कोर्ट ने जुडिशियल एकेडमी के निदेशक जस्टिस अनिरुद्ध बोस से विशेषज्ञों की एक कमेटी बनाने का अनुरोध किया। ये कमेटी यौन अपराधों और अन्य संवेदनशील मामलों में जजों और न्यायिक प्रक्रियाओं में संवेदनशीलता कैसे लाई जाए इस पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय का ये विवादास्पद फैसला 17 मार्च 2025 का है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने कासगंज के ट्रायल कोर्ट के आदेश को पलटते हए कहा था कि किसी पीड़िता का प्राईवेट पार्ट छूना और उसकी सलवार का नाड़ा तोड़ना दुष्कर्म या दुष्कर्म की कोशिश नहीं माना जाएगा बल्कि ये एक गंभीर यौन उत्पीड़न माना जाएगा। कासगंज के ट्रायल कोर्ट के आदेश पर दो आरोपितों को शुरु में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और पॉक्सो एक्ट की दारा 18 के तहत मुकदमा चलाने का आदेश दिया था।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के जस्टिस मनोहर नारायण मिश्रा की बेंच ने ट्रायल कोर्ट के आदेश को पलटते हुए आरोपितों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 354बी और पॉक्सो एक्ट की धारा 9 और 10 के तहत मुकदमा चलाने का निर्देश दिया था। उच्च न्यायालय के इस फैसले की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी। हि.स.

दिल्ली में 800 से ज्यादा लोगों के गायब मामले में कोर्ट ने केंद्र और दिल्ली पुलिस को भेजा नोटिस

नई दिल्ली // दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस साल के पहले 15 दिनों में आठ सौ से ज्यादा लोगों के गायब होने पर कार्रवाई की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र, दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को नोटिस जारी किया है। मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय की अध्यक्षता वाली बेंच ने चार हफ्ते में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने कहा कि राईट टू बी फाउंड (मिलने का अधिकार) संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीने के अधिकार का अहम हिस्सा है। याचिका में कहा गया है कि गुमशुदा व्यक्तियों को ढूंढने के लिए बाध्यकारी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जा रहा है। गुमशुदा व्यक्तियों को खोजने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर तो जारी किए गए हैं लेकिन वे कड़ाई से लागू नहीं किए जाते हैं। यही वजह है कि दिल्ली में बड़े पैमाने पर लोग गायब हो रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।एक खबर के मुताबिक एक जनवरी से 15 जनवरी के बीच 807 लोग दिल्ली से गायब हो गए हैं। इस खबर पर दिल्ली में व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। छह फरवरी को दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में एक्स पर एक पोस्ट किया और कहा कि गायब होने में बढ़ोतरी की खबरों को पैसे लेकर प्रमोट किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने लोगों में भय पैदा करने वालों पर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। हालांकि इस मामले पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर दो हफ्ते में विस्तृत जवाब तलब किया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने कहा कि अगर ये सही है तो ये काफी गंभीर मामला है।

नगर निगम चुनाव। झामुमो को छोड़कर सभी दल आचार संहिता का कर रहे उल्लंघन

रांची // रांची नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने बुधवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता कर अन्य राजनीतिक दलों पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले में भारत निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो को छोड़कर कई राजनीतिक दल, विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस, अपने प्रचार वाहनों और पोस्टरों में चुनाव चिह्न के साथ बड़े नेताओं की तस्वीरों का उपयोग कर रहे हैं, जो चुनाव नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मेयर प्रत्याशियों की ओर से लगाए गए बैनर और पोस्टरों में आपत्तिजनक और सांप्रदायिक टिप्पणियां भी की गई हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चिंताजनक है।उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा दलीय चेतना के साथ चुनाव लड़ने में विश्वास रखता है, न कि चुनाव चिह्नों और प्रतीकों के दुरुपयोग के माध्यम से। उन्होंने कहा कि शहर में जल्द ही नई नगर सरकार बनने वाली है और इस दौरान चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने रांची के मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि नगर निकायों के विकास के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और नगर विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अनुरूप यदि नगर निगम में सकारात्मक जनादेश मिलता है, तो शहर के विकास को और गति मिलेगी और समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

उन्होंने मतदाताओं से अपने मतदान अधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक वोट लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जब चुनाव नियमों के उल्लंघन के आरोप सामने आ रहे हैं, तब झामुमो ने जनता को जागरूक करने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह प्रेस वार्ता आयोजित की है।

नेपाल में निर्वाचन आयोग ने चुनाव पूर्व सर्वेक्षण और भविष्यवाणी पर लगाई रोक

काठमांडू // नेपाल के निर्वाचन आयोग ने सभी मीडिया हाउस और सर्वे एजेंसियों के चुनाव-पूर्व सर्वेक्षणों और चुनावी परिणाम की भविष्यवाणी के प्रकाशन पर रोक लगाने का निर्देश दिया है।

निर्वाचन आयोग के कार्यवाहक प्रमुख निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने आज सुबह बयान जारी कर कहा कि आयोग के तरफ से सभी मीडिया और सर्वे एजेंसियों को किसी भी प्रकार के चुनावी सर्वेक्षण और चुनाव परिणाम की भविष्यवाणी के प्रकाशन और प्रसारण पर पूर्ण रूप से रोक लगाने का निर्देश जारी किया है।

आयोग ने कहा कि मतदान से पहले जीत–हार के अनुमान और जनमत सर्वेक्षण के नतीजे प्रकाशित करने जैसी गतिविधियां चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। भंडारी ने व्यक्तियों और मीडिया संस्थानों से यह भी अपील की कि वे सोशल मीडिया पर एआई और अन्य डिजिटल उपकरणों से तैयार भ्रामक सामग्री का निर्माण या प्रसार न करें। चुनाव की निष्पक्षता की रक्षा और मतदाताओं के गुप्त मतदान के अधिकार को साझा संवैधानिक दायित्व बताते हुए भंडारी ने पांच मार्च को निर्धारित चुनाव के सफल आयोजन के लिए सभी से सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।