झारखंड की आवाज

- Page 50 of 159 -

शराब के नशे में युवक ने बुजुर्ग की टांगी से मारकर की हत्या, आरोपित फरार

IMG 20260305 121839

पलामू // रंगों और उमंग के पर्व होली के दिन पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हीरा सिकनी गांव में खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव में जहां एक ओर लोग अबीर-गुलाल में सराबोर थे, वहीं दूसरी ओर 70 वर्षीय बुजुर्ग विश्वनाथ रजवार की टांगी से मारकर हत्या कर दी गई।

गुस्से और शराब के नशे में धुत होकर इस वारदात को दिया अंजाम

मृतक की पहचान हीरा सिकनी निवासी विश्वनाथ रजवार (70) के रूप में हुई है। आरोप है कि गांव के ही उनके गोतिया कपिल रजवार (25 ) ने गुस्से और शराब के नशे में धुत होकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया।तू-तू मैं-मैं से शुरू हुआ विवाद, खून-खराबे में बदलाप्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। होली के दिन पहले से ही माहौल में शराब का असर था।

हुसैनाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची

इसी दौरान बात इतनी बढ़ गई कि कपिल रजवार ने टांगी उठा ली और विश्वनाथ रजवार पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटीघटना की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। होली का उत्सव पलभर में सन्नाटे में बदल गया। सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।

प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और शराब के नशे को घटना का कारण बताया जा रहा है। इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सिगरेट नहीं देने पर फूंक दी दुकान, करीब 10 लाख की संपत्ति जलकर हुई राख

1031f46ae2fb2bb8ee6545390bea99f4 1845866997

पलामू // जिला मुख्यालय मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव के निराला टोला में सिगरेट नहीं देने पर एक किराना जेनरल स्टोर फूंक दी गई। दुकान के आइटम सहित शादी के लिए खरीद कर रखे गए सामान जलकर राख हो गए।

देर रात चार लड़के सिगरेट लेने के लिए दुकान में पहुंचे थे।

घटना बुधवार देर रात की है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाया। इस संबंध में पुलिस को आवेदन देकर दुकान में आग लगा देने का आरोप लगाया गया है। जानकारी के अनुसार आग राजेश कुमार गुप्ता की दुकान सह मकान में लगी। राजेश ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात चार लड़के सिगरेट लेने के लिए दुकान में पहुंचे थे। शटर जोर-जोर से पीट रहे थे। बाहर निकले तो बगल के टोले के रितिक सिंह छोटू सिंह एवं अन्य ने सिगरेट मांगते हुए गाली गलौज की और मारपीट करने के लिए कॉलर पकड़ लिया। बताया गया कि सिगरेट खत्म हो गया है।

11 मार्च को भाई की शादी होने वाली है।

चारों युवक गुस्से में वहां से निकले और जाने के क्रम में धमकी दी की देख लेंगे। इसके कुछ देर बाद दुकान में आग लग गई। तत्काल इसकी सूचना सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और सभी की मदद से आग पर काबू पाया। राजेश ने बताया कि 11 मार्च को उसके भाई छोटू कुमार गुप्ता की शादी होने वाली है। डेढ़ लाख के सामान खरीद कर रखे थे। 80 हजार नगद भी रखे हुए थे। आग से सारे जल गए। इसके अलावा दुकान में रखें सामान सहित

करीब 10 लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हुई है। उसकी कमर टूट गई है। राजेश ने चारों युवकों पर आग लगा देने का आरोप लगाया है।

प्रशासन से कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है ताकि ऐसी घटना किसी के साथ ना हो सके।


फिन एलेन ने टी20 विश्व कप में लगाया सबसे तेज शतक

1004358726 1

नई दिल्ली // न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलेन ने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महज 33 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। यह टी20 विश्व कप के इतिहास का सबसे तेज शतक है।

एलेन ने नाबाद 100 रन की पारी खेलते हुए न्यूजीलैंड को 170 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में ही हासिल करा दिया। अपनी तूफानी पारी में उन्होंने 10 चौके और आठ छक्के लगाए। इससे पहले टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक बनाया था।

फिन एलेन का 33 गेंदों का शतक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक भी है। उन्होंने नामीबिया के जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के रिकॉर्ड की बराबरी की। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम है, जिन्होंने 27 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक

  • 1. फिन एलेन (न्यूजीलैंड) – 33 गेंद बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2026
  • 2. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 47 गेंद बनाम इंग्लैंड, 2016
  • 3. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 50 गेंद बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2007
  • 4. ब्रेंडन मैकुलम (न्यूजीलैंड) – 51 गेंद बनाम बांग्लादेश, 2012
  • 5. राइली रोसो (दक्षिण अफ्रीका) – 52 गेंद बनाम बांग्लादेश, 2022

आज भाजपा में शामिल होंगे कांग्रेस के तीन विधायक

IMG 20260305 094410

गुवाहाटी // असम की राजनीति में आज एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। कांग्रेस के तीन विधायक आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने वाले हैं। भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में रहा के विधायक शशिकांत दास, मंगलदै के विधायक बसंत दास तथा उत्तर करीमगंज के विधायक कमलाक्ष दे पुरकायस्थ के नाम शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार ये तीनों विधायक आज औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस कदम से असम की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है और कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार किया जा रहा है। (हि. स.)

90 सीटों के लिए भाजपा ने उम्मीदवार पैनल किया तैयार, 10–12 मार्च तक घोषणा

IMG 20260305 093927

गुवाहाटी // आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लगभग 90 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के पैनल को लगभग अंतिम रूप दे दिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि पार्टी की पहली उम्मीदवारों की सूची 10 से 12 मार्च के बीच जारी किए जाने की संभावना है।

उन्होंने यह भी कहा कि शेष सीटों को लेकर सहयोगी दलों असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के साथ जल्द ही चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह जानकारी बुधवार देर रात भाजपा के प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।

युद्ध के बीच दुबई में फंसे झारखंड के नवदंपति, युद्ध तनाव ने बदला हनीमून का सपना

IMG 20260305 072527

रांची // शादी के पावन बंधन में बंधने के बाद जीवन की नई शुरुआत के सपनों के साथ छुट्टियां मनाने दुबई गए रांची निवासी अतुल उरांव पत्नी के साथ दुबई में फंस गये हैं। रांची निवासी अतुल उरांव, अधिकारी, स्टील ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (सेल) में अधिकारी हैं। वह पत्नी डॉ कंचन बाड़ा के साथ हनीमून पर दुबई गये थे।

सरकार से की मार्मिक अपील

इसी दौरान मिडिल ईस्ट के खाड़ी क्षेत्र में युद्ध के बीच दुबई में फंस गये हैं। तनाव के बीच दोनों भय और अनिश्चितता के साये में हैं। कहां तो उनके जीवन की नई सुबह खुशियों, उत्सव और प्रेम के रंगों से सजी होनी थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय संघर्ष की काली छाया ने उन सपनों को सहमा दिया है। युद्ध तनाव ने बदला हनीमून का सपना 22 फरवरी 2026 को रांची में आदिवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। परिजनों और शुभचिंतकों की आशीर्वाद भरी विदाई के बाद नवदंपति 27 फरवरी को दुबई के लिए रवाना हुए थे।

दुबई में एहतियातन कई उड़ानें रद्द कर दी गईं।

04 मार्च को उनकी वापसी निर्धारित थी। लेकिन इसी बीच अमेरिका-इज़राइल-ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने खाड़ी क्षेत्र की स्थिति को अत्यंत संवेदनशील बना दिया। दुबई में एहतियातन कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का निलंबन होने से हजारों पर्यटक फंस गए हैं। होटल परिसरों के बाहर सन्नाटा पसरा है।सार्वजनिक स्थलों पर आवाजाही सीमित कर दी गई है।

हम सुरक्षित हैं, परंतु अनिश्चितता बहुत भारी है।

अतुल उरांव ने भावुक स्वर में बताया कि हम जीवन की नई शुरुआत का जश्न मनाने आए थे। सोचा था यह यात्रा हमारी यादों में हमेशा के लिए बस जाएगी। लेकिन दुबई पहुंचते ही हालात बदल गए। अचानक फ्लाइट्स रद्द होने की खबर आई। डॉ. कंचन बाड़ा, जो स्वयं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी एक संवेदनशील प्रोफेशनल हैं, ने कहा कि यहां का वातावरण सामान्य नहीं है। सड़कें खाली हैं। हर खबर चिंता बढ़ा देती है। हम सुरक्षित हैं, परंतु अनिश्चितता बहुत भारी है। हम बस अपने घर, अपने लोगों के बीच लौटना चाहते हैं।

शादी की खुशियों से भरा घर अब प्रार्थनाओं और प्रतीक्षा में डूबा है।

रांची में बेचैन परिवाररांची स्थित दोनों परिवारों में गहरी चिंता का माहौल है। परिजन लगातार संपर्क में रहने का प्रयास कर रहे हैं, पर हर समाचार के साथ भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।शादी की खुशियों से भरा घर अब प्रार्थनाओं और प्रतीक्षा में डूबा है। माता-पिता की आंखें टीवी समाचारों पर टिकी हैं। रिश्तेदार और मित्र सरकार से हस्तक्षेप की गुहार लगा रहे हैं। राज्य सरकार से मानवीय हस्तक्षेप की मांग नवदंपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।

झारखंड सरकार तत्काल केंद्र सरकार से समन्वय स्थापित करे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया गया है कि इस मामले में जल्द वापसी की व्यवस्था की जाए और केंद्र सरकार तथा यूएई स्थित भारतीय दूतावास से समन्वय स्थापित करें। झारखंड सरकार तत्काल केंद्र सरकार से समन्वय स्थापित करे। यूएई में फंसे झारखंडियों की सूची तैयार की जाए। विशेष उड़ानों अथवा सुरक्षित कॉरिडोर के माध्यम से शीघ्र वापसी सुनिश्चित किया जाए।

Ranchi News। होली के बीच टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग

IMG 20260304 204645

रांची // राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक टेंट हाउस के गोदाम में आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। होली के जश्न के बीच लगी इस आग ने आसपास के लोगों में दहशत पैदा कर दी। हालांकि स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ी घटना टल गई।

आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोदाम में शादी और अन्य समारोहों में इस्तेमाल होने वाले टेंट, कुर्सियां, स्टेज मटेरियल और सजावट के सामान रखे हुए थे। दोपहर में अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पानी तथा अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास करने लगे।

काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रांची के लालपुर थाना की पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लेकिन गोदाम तक जाने वाली गली काफी संकरी होने के कारण दमकल वाहन सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके। दमकल कर्मियों को उपकरण लेकर पैदल ही अंदर जाना पड़ा, जिससे आग बुझाने में एक घंटे से अधिक समय लग गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को नुकसान नहीं पहुंचा। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अधजली महिला का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

IMG 20260216 131653

पूर्वी सिंहभूम // जिला के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव के सुनसान इलाके में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने खेत में एक अज्ञात महिला का अधजला शव देखा। सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है।

महिला की हत्या कहीं और की गई और बाद में पहचान छिपाने के लिए शव को फेंका गया

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का शव बुरी तरह जला हुआ था। उसके शरीर का ऊपरी हिस्सा, चेहरा, कमर के नीचे गंभीर रूप से झुलसे हुए पाए गए। शव पर गुलाबी रंग का पजामा था, जो आधा जला हुआ मिला। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और बाद में पहचान छिपाने तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से झारखंड और ओडिशा सीमा से सटे रामपुर के सुनसान इलाके में शव को लाकर ज्वलनशील पदार्थ से आग के हवाले कर दिया गया।

पाेस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। घटनास्थल से कुछ जले हुए कपड़ों के टुकड़े और राख के अवशेष भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की उम्र कितनी थी, हालांकि अनुमानतः उसकी आयु 20 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पाेस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि महिला की मौत जलने से हुई या पहले हत्या कर शव को जलाया गया।

गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है…

इस मामले में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध हत्या, साक्ष्य छुपाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के थानों से भी हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है, ताकि शव की पहचान की जा सके। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई इस महिला को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो तो अविलंब कोवाली थाना से संपर्क करें।

सोन नदी किनारे बालू में दबा मिला अज्ञात महिला का शव

IMG 20260216 131653

पलामू // जिला के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवरी ओपी क्षेत्र के ग्राम देवरीकला स्थित सोन नदी तट से बुधवार को लगभग 30 वर्षीय एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव बालू में दबा हुआ था, जिसे स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने कब्जे में लिया।

मृतका की नहीं हो सकी पहचान

घटना की सूचना मिलते ही देवरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। देवरी ओपी प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि सोन नदी क्षेत्र से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। शव हल्का बालू से ढंका हुआ था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है और आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है, ताकि पहचान सुनिश्चित की जा सके।घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पहचान के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Palamu News। इलैक्ट्राॅनिक उपकरणाें के गोदाम में लगी आग, लाखों का नुकसान

IMG 20260304 201559

पलामू // नगर के रांची रोड रेड़मा में एक इलैक्ट्राॅनिक्स उपकरणाें के शोरूम के पीछे बने गोदाम में मंगलवार की रात अचानक आग लगने से लाखों रुपये के फ्रीज, एसी, कूलर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। फायर फाइटर और पुलिस ने नौ दमकल पानी से चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।गोदाम के मालिक सुजीत बंसल ने बुधवार सुबह बताया कि वे शाम सात बजे गोदाम बंद करके गए थे। रात आठ बजे गोदाम से धुआं निकलने की जानकारी मिली।

चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया

तत्काल मौके पर पहुंच, लेकिन तब तक आग विकराल हाे गई थी। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। उन्हाेंने आग की सूचना पुलिस और दमकल विभाग काे दी। घटना की जानकारी मिलने पर शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, टीओपी टू प्रभारी राकेश कुमार सिंह सहित पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के उपाय में जुट गए। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक गोदाम में रखा सामान पूरी तरह जल गया।

उन्हाेंने बताया किहैवेल्स कंपनी की एजेंसी है और लायड सहित अन्य कंपनियों के इलेक्ट्रॉनिक आइटम बेचे जाते हैं। विकराल आग पर काबू पाने के लिए रेहला बीसीसीएल से दमकल की गाड़ियां मंगानी पड़ी।

रांची समेत 14 जिलों में 07 से 09 मार्च तक हल्की बारिश के आसार

IMG 20260304 201121

रांची // झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के 14 जिलों में 07 से 09 मार्च के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि संभावित बारिश के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों में हल्की वर्षा के आसार हैं।

  • रांची, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं।

बारिश के प्रभाव से दिन के तापमान में कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बुधवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम साफ रहा और मध्यम गति की हवाएं चलीं। हवा चलने के कारण धूप की तपिश अपेक्षाकृत कम महसूस की गई।

बुधवार को कहां कैसा रहा मौसम

बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 35.2 और न्यूनतम 14.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.5 और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और अधिक न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।मौसम विभाग ने नागरिकों को मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है।

डी.जे की शोर में थम गई फाग गीतों की गूंज व गांव की चौपाल

IMG 20260304 200357

बिहारशरीफ // फाल्गुन मास के आगमन के साथ ही नालंदा जिले के विभिन्न गांवों में होली का उल्लास देखते ही बनता था। संध्या ढलते ही गांव की चौपाल पर ग्रामीणों की टोली जुटती और आधी रात तक पारंपरिक फाग गीतों की मधुर स्वर-लहरियां वातावरण में गूंजती रहती थीं।

“राम खेले होली, लखन खेले होली” और “गोरिया करी के श्रृंगार, पिसे ले चलली हरदिया”

“राम खेले होली, लखन खेले होली” और “गोरिया करी के श्रृंगार, पिसे ले चलली हरदिया” जैसे गीत ढोल-मंजीरे की थाप पर गाए जाते, जिनमें लोक संस्कृति, आस्था और प्रेम का सुंदर संगम झलकता था।होली की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू हो जाती थीं। बच्चे घर-घर जाकर होलिका दहन के लिए लकड़ियां इकट्ठा करते, जो सामूहिक सहयोग और सहभागिता का प्रतीक था। होलिका दहन के दिन पूरे गांव की उपस्थिति में विधि-विधान से अग्नि प्रज्ज्वलित की जाती और फाग गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठता।

1004355887

अगली सुबह लोग होलिका की राख को शुभ मानकर एक-दूसरे पर लगाते। इसके बाद रंग, गुलाल, हंसी-ठिठोली और आपसी मेल-मिलाप का दौर चलता। शाम को साफ वस्त्र पहनकर लोग एक-दूसरे के घर जाते और गले मिलकर शुभकामनाएं देते।

आज बदलते समय में डीजे और अश्लील गीतों के बढ़ते चलन से यह परंपरागत होली धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही है, जिससे सामाजिक एकता और लोक-संस्कृति भी प्रभावित हो रही है।

पटना पुलिस ने 24 घंटे में 83 अपराधियों को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब-गांजा बरामद

IMG 20260304 195608

पटना // पटना पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बीते 24 घंटों में व्यापक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान हत्या, लूट, शराब तस्करी समेत विभिन्न गंभीर मामलों में संलिप्त कुल 83 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान अभी जारी रहेगा

अभियान के क्रम में पुलिस ने बड़े पैमाने पर अवैध सामग्री बरामद की। जब्त सामान में 2169.95 लीटर अवैध शराब, 1660.86 ग्राम गांजा, 02 अग्नेयास्त्र, 02 मोबाइल फोन, 10 वाहन और 8460 रुपये नकद शामिल हैं। बरामद सभी सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। पटना पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शहर में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बिहार के सीतामढ़ी में दम घुटने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत

IMG 20260304 194837

पटना // बिहार के सीतामढ़ी जिले में होली का उत्सव उस समय मातम में बदल गया, जब सेप्टिक टैंक में गिरे एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना बोखरा प्रखंड के कुरहर गांव की है, जहां मंगलवार देर शाम करीब 7 बजे यह हादसा हुआ।

एक-एक कर कई लोग टैंक के अंदर उतरते गए

बोखरा थाना क्षेत्र के कुरहर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में एक व्यक्ति शौचालय के सेप्टिक टैंक में गिर गया। उसे बचाने के लिए एक-एक कर कई लोग टैंक के अंदर उतरते गए। टैंक के भीतर जहरीली गैस भरी होने और पर्याप्त हवा का संचार नहीं होने के कारण सात लोग गंभीर रूप से अचेत हो गए। ग्रामीणों की तत्परता से सभी को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की हालत अत्यंत नाजुक देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, सीतामढ़ी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।

चार की हुई मौत सभी एक ही पंचायत के

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान राजीव सहनी (40 वर्ष), पिता – लालू सहनी, रविन्द्र सहनी (30 वर्ष), पिता – लालू सहनी, विनय सहनी (26 वर्ष), पिता –रामबाबू और कृष्ण कुमार (12 वर्ष), पिता – राजीव सहनी के रूप में हुई है। सभी मृतक कुरहर पंचायत के वार्ड संख्या 12 के निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

टैंक के अंदर अवैध रूप से शराब बनाने की खबर

सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बताया कि सेप्टिक टैंक की गहराई अधिक थी और अंदर जहरीली गैस भरी थी। एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी अंदर उतर गए, जिससे दम घुटने की घटना हुई। स्थानीय स्तर पर कुछ लोग दबी जुबान से यह भी चर्चा कर रहे हैं कि टैंक के अंदर अवैध रूप से शराब बनाने का कार्य किया जाता था, जिससे जहरीली गैस का रिसाव हुआ। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बिना सुरक्षा उपायों के सेप्टिक टैंक या बंद स्थानों में उतरना कितना खतरनाक हो सकता है ।

अस्पताल गेट के बाहर नौ दुकानों में लगी आग, लाखों का नुकसान

IMG 20260304 132354

पूर्वी सिंहभूम // टाटा मेन अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर स्थित फुटपाथ दुकानदारों की नौ दुकानों में मंगलवार की देर रात अज्ञात व्यक्ति की ओर से आग लगा देने की घटना सामने आई है। घटना बिष्टुपुर थाना क्षेत्र की है। आगजनी में चाय, फल और नाश्ते के ठेले तथा गुमटियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं।बुधवार सुबह जब दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो वहां का दृश्य देख कर उनके होश उड़ गए। पूरी दुकानें जल चुकी थीं और आसपास राख के ढेर बिखरे पड़े थे।

नौ दुकानें पूरी तरह जलकर हुई राख

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी दुकानदार मंगलवार रात करीब 10 बजे के बाद अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। देर रात अचानक आग लगने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना की पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक नौ दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। आग इतनी तेज थी कि ठेलों पर रखे गैस सिलेंडर, बर्तन, फल, चाय बनाने के उपकरण और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।

सुनियोजित तरीके से की गई आगजनी हो सकती है

पीड़ित दुकानदारों के अनुसार नौ दुकानदारों को लगभग तीन से चार लाख रुपये तक का नुक्सान का अनुमान है। कई दुकानदारों ने हाल ही में उधार लेकर सामान खरीदा था। उनका कहना है कि यह उनकी आजीविका का एकमात्र साधन था और अचानक हुए इस नुकसान से वे आर्थिक रूप से टूट गए हैं। कुछ दुकानदारों ने आशंका जताई है कि यह सुनियोजित तरीके से की गई आगजनी हो सकती है, क्योंकि एक साथ कई दुकानों में आग लगी। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

1004353754

बुधवार सुबह घटनास्थल पर मार्मिक दृश्य देखने को मिला। दुकानदार राख के ढेर में अपने बचे-खुचे सामान को तलाशते नजर आए। कई लोग रोते-बिलखते दिखे। आसपास के स्थानीय लोगों ने भी पीड़ितों को ढांढस बंधाया। अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया, क्योंकि ये दुकानें अस्पताल परिसर के बाहर जरूरतमंदों के लिए सस्ती चाय-नाश्ते की सुविधा उपलब्ध कराती थीं।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में आगजनी की आशंका जताई गई है। अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।