झारखंड की आवाज

- Page 51 of 159 -

नेपाल : मतदान से ठीक एक दिन पहले 2 उम्मीदवार गिरफ्तार

IMG 20260304 121134

काठमांडू // मतदान से ठीक एक दिन पहले आचार संहिता का उल्लंघन और नियम विपरीत कार्य करने के उद्देश्य से दो उम्मीदवारों को गिरफ्तार किया गया है।जनता समाजवादी पार्टी (जसपा) नेपाल के सिराहा–3 के उम्मीदवार अशेश्वर यादव और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा) के पर्सा–2 के उम्मीदवार मनोज चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जसपा नेपाल के उम्मीदवार को नकदी सहित गिरफ्तार किया गया

मौन अवधि के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में उन्हें हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, जसपा नेपाल के उम्मीदवार यादव को नकदी सहित गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नेपाल–भारत सीमा क्षेत्र माडर से सिराहा सदरमुकाम की ओर आ रही प्र. 2–02–001 च 087 नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी को बुधवार करीब 10:30 बजे शिवचोक में संयुक्त चेकिंग के दौरान रोका गया।जांच के दौरान वाहन से 40 लाख 87 हजार रुपये नकद बरामद होने के बाद उम्मीदवार यादव सहित पांच लोगों को नियंत्रण में लिया गया, यह जानकारी जिला पुलिस कार्यालय सिरहा ने दी।

उम्मीदवार सहित चार लोगों को हिरासत में लिया गया

वहीं, नेकपा के पर्सा–2 के उम्मीदवार चौधरी को आज सुबह ही नियमित सुरक्षा जांच के दौरान बडनिहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के प्रवक्ता डीएसपी हरि बहादुर बस्नेत के अनुसार, चौधरी सवार वाहन को रोककर उम्मीदवार सहित चार लोगों को हिरासत में लिया गया। डीएसपी बस्नेत ने बताया कि वाहन से कुछ संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद हुई हैं।

तेज रफ्तार वाहन चलाने के मामले में एमएस धोनी पर लगा जुर्माना

IMG 20260304 120656

रांची // भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनके खेल का प्रदर्शन नहीं, बल्कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है। रांची की ट्रैफिक पुलिस ने स्पीड ड्राईविंग करने की वजह से उनका चलान काटा है। उन्हें 1000 रुपये का चलान काटा गया है।

1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला राजधानी रांची के कांके का बताया जा रहा है। वह अपनी लग्जरी कार से कांके इलाके से गुजर रहे थे, तभी ट्रैफिक पुलिस के कैमरे में उनकी गाड़ी ओवरस्पीडिंग करते हुए रिकॉर्ड हो गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने के कारण ट्रैफिक विभाग ने नियमों के तहत उनका चालान जारी किया। जानकारी के मुताबिक, उन पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

जेन जी प्रदर्शन में एक अरब से अधिक के बराबर की क्षति पहुंचाई मामला दर्ज

IMG 20260304 120243

काठमांडू // मतदान से ठीक एक दिन पहले सरकारी वकील कार्यालय काठमांडू ने जेन जी प्रदर्शन के दौरान सर्वोच्च अदालत, सिंह दरबार और पुलिस दफ्तरों में आगजनी की घटनाओं में संलिप्त 13 लोगों के विरुद्ध जिला अदालत काठमांडू में मामला दर्ज किया है।जेनजी प्रदर्शन के दौरान आगजनी और तोड़फोड़ में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ आपराधिक उपद्रव और डकैती संबंधी धाराओ में मुकदमा दायर किया गया है।

एक अरब 23 करोड़ 62 लाख 38 हजार रुपये के बराबर की क्षति पहुंचाई।

यह जानकारी काठमांडू जिला अदालत के सूचना अधिकारी दीपक अधिकारी ने दी।सर्वोच्च अदालत में आगजनी के आरोप में सुनिल श्रेष्ठ, ज्याति थापा, विनोद कुमार थापा मगर, कुमार पराजुली और राजु परियार के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। आरोप पत्र के अनुसार, श्रेष्ठ, थापा, मगर और पराजुली सहित प्रतिवादियों ने सर्वोच्च अदालत में आगजनी कर एक अरब 23 करोड़ 62 लाख 38 हजार रुपये के बराबर की क्षति पहुंचाई।

इसी प्रकार सिंह दरबार में तोड़फोड़ और आगजनी में संलिप्त आशिष गुरूंग के विरुद्ध भी आपराधिक उपद्रव और डकैती संबंधी आरोप में मामला दायर किया गया है।पुलिस वृत्त बौद्ध में तोड़फोड़ के आरोप में समीर श्रेष्ठ और सुनिल तामाङ के खिलाफ भी मुकदमा चलाया गया है। वहीं, पुलिस प्रभाग बलम्बु में तोड़फोड़ के आरोप में निखिल कुसुले, सोहन चौधरी, विवेक रोक्का और छत्रबहादुर विक के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है।

सर्वोच्च प्रशासन द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने की कार्यवाही

सर्वोच्च अदालत ने गत वर्ष 9 सितंबर की घटना में संलिप्त व्यक्तियों पर जांच कर कार्रवाई की मांग करते हुए काठमांडू पुलिस परिसर में शिकायत दर्ज कराई थी। सर्वोच्च प्रशासन द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच कर उनके विरुद्ध मुकदमा दायर किया है।

Ranchi News। शराब दुकान पर अपराधियों ने की फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

IMG 20260304 115701

रांची // रांची के अनगड़ा थाना इलाके में अपराधियों ने एक शराब की दुकान पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। घटना मंगलवार रात की है।

बताया जाता है कि अपराधियों ने कुल पांच राउंड फायरिंग की है। फायरिंग करने वाले का नाम देव सिंह मुंडा और उनके दो साथी हैं। ये लोग अपने चेहरे को ढके हुए थे।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुटी हुई है। पूरी घटना शराब दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है।

अपराधियों के आतंक से शराब दुकानदार परेशान

सीसीटीवी फुटेज में जो तस्वीर और आवाज सामने आई है उसके अनुसार अपराधी शराब की डिमांड कर रहे है और न देने पर धमकी, गाली गलौज और फिर फायरिंग की वारदात को अंजाम देते हुए नजर आ रहे है। वहीं अपराधियों के आतंक के कारण शराब दुकान के कर्मी मजबूरन एक शराब को बोतल अपराधियों को देने को मजबूर हुए।

इस मामले को लेकर अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार ने बुधवार को बताया कि अपराधी की पहचान हो गई है। देव सिंह मुंडा ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। अपराधी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ईरान युद्ध पर पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया में ट्रंप का बड़ा बयान

IMG 20260304 095129

वॉशिंगटन // पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से मीडिया के सवालों का सामना करते हुए ईरान के साथ युद्ध और व्यापक क्षेत्रीय हालात पर खुलकर अपनी बात रखी। वह व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ मौजूद थे, जहां दोनों नेताओं की बंद कमरे में बैठक से पहले यह बातचीत हुई।

“इजराइल को कदम उठाने के लिए मजबूर किया हो।”

ट्रंप ने इस सुझाव को खारिज किया कि इजराइल की ईरान पर हमले की योजना ने उन्हें शनिवार को सैन्य कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संभव है उन्होंने “इजराइल को कदम उठाने के लिए मजबूर किया हो।” ट्रंप का दावा था कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान की नौसेना, वायुसेना और रडार क्षमता “लगभग पूरी तरह निष्क्रिय” हो चुकी है।

राष्ट्रपति ने स्वीकार किया कि हमलों से पहले मिडिल ईस्ट….

राष्ट्रपति ने स्वीकार किया कि हमलों से पहले मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकियों को निकालने की कोई पूर्व योजना नहीं थी। उनका तर्क था कि सैन्य अभियान इतनी तेजी से आगे बढ़ा कि पहले से निकासी व्यवस्था करना संभव नहीं हो पाया। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान द्वारा जवाबी कार्रवाई में पड़ोसी देशों को निशाना बनाना अप्रत्याशित था। ट्रंप ने ब्रिटेन की आलोचना करते हुए उसे “बहुत, बहुत असहयोगी” बताया और चागोस द्वीपसमूह की संप्रभुता छोड़ने के फैसले पर असहमति दोहराई। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि रक्षा उत्पादन को तेज करने के लिए आपात प्रावधानों के तहत काम किया जा रहा है।

ईरान दशकों से “आतंक को बढ़ावा देने” वाला देश रहा है

अपने बयान में ट्रंप ने ईरान के खिलाफ कार्रवाई को उचित ठहराने के लिए 1979 के ईरान बंधक संकट और 1983 में बेरूत स्थित अमेरिकी मरीन बैरक पर हमले जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ईरान दशकों से “आतंक को बढ़ावा देने” वाला देश रहा है और “किसी न किसी को यह कदम उठाना ही था।

“वहां हालात बेहद खतरनाक हैं और लगातार बमबारी हो रही है।”

”ट्रंप ने यह भी कहा कि फिलहाल वह ईरान में विरोध-प्रदर्शन नहीं देखना चाहते क्योंकि “वहां हालात बेहद खतरनाक हैं और लगातार बमबारी हो रही है।” उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान के लिए सबसे खराब स्थिति तब होगी जब “पिछले नेतृत्व जैसा ही कोई और सत्ता में आ जाए।”

Ranchi News। मिनी शराब फैक्ट्री का खुलासा, तीन शराब तस्कर गिरफ्तार

IMG 20260304 070657

रांची // झारखंड की राजधानी रांची में होली से पहले आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हिनू क्षेत्र में संचालित एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में तैयार नकली शराब, सैकड़ों खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है। मौके से तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।सहायक आयुक्त उमा शंकर सिंह के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाया।

महुआ से बनी नकली शराब की बड़ी खेप बरामद

इसी दौरान सूचना मिली कि हिनू क्षेत्र में अवैध कारोबारी ऑनलाइन ऑर्डर लेकर नकली शराब की आपूर्ति कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर विभाग ने गुप्त ऑपरेशन शुरू किया। आबकारी विभाग के एक सब-इंस्पेक्टर ने खरीदार बनकर शराब का ऑर्डर दिया।

1004350817

जैसे ही आरोपित शराब लेकर पहुंचे, टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और फिर छापेमारी की कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान हिनू स्थित एक मकान में मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ। मौके से महुआ से बनी नकली शराब की बड़ी खेप, खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क और अन्य पैकिंग सामग्री जब्त की गई।

बाइक और स्कूटर के जरिए विभिन्न इलाकों में शराब की डिलीवरी…

होली के मद्देनजर शहर में शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए आरोपित बड़े पैमाने पर उत्पादन और वितरण की तैयारी कर रहे थे।आबकारी विभाग के सब-इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपित ऑनलाइन ऑर्डर लेकर नकली शराब की आपूर्ति करते थे। छापेमारी में रौनक कुमार, पवन कुमार और मुन्ना को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपितों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये चोरी की बाइक और स्कूटर के जरिए विभिन्न इलाकों में शराब की डिलीवरी करते थे। मौके से एक स्कूटर और एक बाइक भी जब्त की गई है, जिनका उपयोग परिवहन में किया जाता था। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने का किया आग्रह

IMG 20260304 065745

रांची // झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खाड़ी (गल्फ) क्षेत्र में तेजी से बदलते हालात को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से वहां फंसे झारखंडवासियों और अन्य भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि खाड़ी क्षेत्र में रह रहे झारखंडवासियों सहित सभी भारतीय सतर्क रहें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश अपने नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है।

हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर से अनुरोध किया है कि जो भी भारतीय वर्तमान परिस्थितियों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, उन्हें सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।

Dhanbad News। एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति मामले में रिटायर्ड जमादार गिरफ्तार

1003181420 edited

धनबाद // भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एक सेवानिवृत्त जमादार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम लालेेश्वर सिंह (63) है। उसे हीरापुर स्थित उसके आवासीय कॉलोनी से एसीबी ने दबोचा है।यह कार्रवाई एसीबी ने देर रात की है। उसे बीपी और शुगर की शिकायत थी, जिसके बाद एसीबी की टीम ने उसे एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया है।

आय स्रोतों से अधिक करीब 15 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई।

एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि लालेेश्वर सिंह ने अपनी सेवा अवधि के दौरान ज्ञात आय स्रोतों से अधिक करीब 15 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई। शिकायत मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले की पड़ताल वर्ष 2016 से चल रही थी। फरवरी 2019 में प्रारंभिक जांच दर्ज की गई और सितंबर 2020 में जांच रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी गई।

फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

बाद में जनवरी 2023 में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। जांच पूरी होने के बाद सोमवार को एसीबी टीम ने आरोपी के आवास पर छापेमारी की और आवश्यक दस्तावेज जुटाने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को मेडिकल जांच के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका शुगर लेवल बढ़ा हुआ पाया गया। फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों से अनुमति मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।बताया जाता है कि आरोपी पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता वर्मा की सुरक्षा गार्ड के रूप में भी तैनात रह चुका है। इस कारण यह मामला और भी चर्चाओं में है।

आइसक्रीम फैक्ट्री में चल रहा था देह व्यापार, सात गिरफ्तार

IMG 20260303 205709 1

पूर्वी सिंहभूम // पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र के मिर्जाडीह इलाके में स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री में संचालित देह व्यापार के अड्डे का पुलिस ने खुलासा किया है।

1004349647 1
छापेमारी करते पुलिस टीम

गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि कुछ आरोपित मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार सभी आरोपिताें को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छापेमारी के दौरान कई लोगों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों की ओर से लगातार शिकायत की जा रही थी कि मिर्जाडीह में अवैध देह व्यापार का धंधा संचालित हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और सटीक सूचना मिलने के बाद संबंधित आइसक्रीम फैक्ट्री में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कई लोगों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया तथा मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई।

पश्चिम बंगाल की तीन महिलाओं और ओडिशा की एक युवती को भी हिरासत में लिया गया है

पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक के साथ मानगो के मुंशी मोहल्ला निवासी परवेज आलम उर्फ मुन्ना मोटू, बिहार के सासाराम निवासी शांतनु कुमार, पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर निवासी अभिषेक दास और पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के सरहुल विश्वास को गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त पश्चिम बंगाल की तीन महिलाओं और ओडिशा की एक युवती को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार कुल नौ नामजद आरोपिताें के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है

मंगलवार को थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ आरोपित फरार हो गए, जिनमें मानगो मुंशी मोहल्ला इमामबाड़ा के पास रहने वाला परवेज आलम उर्फ मुन्ना मोटू तथा संबंधित मकान का मालिक भी शामिल बताया जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।उल्लेखनीय है कि मिर्जाडीह इलाका डिमना डैम के समीप स्थित है और स्थानीय लोगों के अनुसार यहां लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलती रही है।

अवैध धंधों पर सख्ती की उम्मीद जताई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पुलिस को सूचना देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि इस बार पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध धंधों पर सख्ती की उम्मीद जताई जा रही है।

अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, आरोपित पति गिरफ्तार

1004279903

पश्चिमी सिंहभूम // जिला स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बासाटोंटो गांव में शक के आधार पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। घटना सोमवार की देर रात की बताई जा रही है। मृतका की पहचान सुखमति पड़िया (28) के रूप में हुई है, जबकि आरोपित पति करण पड़िया (32) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

मृतका के देवर लाला पड़िया और पड़ोसी घसिया सिरका ने बताया कि करण पड़िया की शादी लगभग 14 वर्ष पहले टोंटो थाना क्षेत्र के साइतबा गांव निवासी सुखमति के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजनों के अनुसार करण को अपनी पत्नी पर हमेशा शक रहता था कि वह किसी से बात करती है या उसका किसी से संबंध है। इसी बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच मारपीट होती थी।

घर में तेज आवाज में गाना बजाकर मारपीट करता था

परिजनों ने बताया कि करण कई बार अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। यदि कोई बीच-बचाव करने जाता तो वह उसके साथ भी उलझ पड़ता था। कभी-कभी सुखमति जान बचाने के लिए पड़ोस में चली जाती थी, लेकिन करण वहां भी पहुंचकर उसे मारते-पीटते घर ले आता था। घर में तेज आवाज में गाना बजाकर मारपीट करने की बात भी सामने आई है। बीच-बीच में सुखमति अपने मायके चली जाती थी, लेकिन बाद में वह फिर ससुराल लौट आती थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

पड़ोसियों के अनुसार करण महुआ दारू बेचने का काम करता था। दंपति के पांच बच्चे हैं, सभी लड़के हैं। सबसे बड़ा बेटा करीब पांच वर्ष का है, जबकि सबसे छोटा बच्चा लगभग छह माह का है। लाला पड़िया ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वे सोकर उठे तो घर में खून बिखरा हुआ देखा। बच्चों में से एक ने बताया कि उसके पिता ने मां को मार दिया है। इसके बाद ग्रामीण मुंडा को सूचना दी गई और ग्रामीण मुंडा ने पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने मंगलवार को बताया कि घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित करण पड़िया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Deoghar Baba Bedhynath Dham। देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में हरिहर मिलन का आयोजन

IMG 20260303 204015

देवघर // विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में मंगलवार सुबह परंपरा के अनुसार हरिहर मिलन और होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चंद्रग्रहण को देखते हुए तीर्थ पुरोहितों ने सूतक लगने से पहले ही दोनों धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करा दिए।

1004349534

मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरा परिसर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर के वरिष्ठ पंडा जयदेव मिश्रा ने बताया कि शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए सुबह 4:30 बजे से 5:30 बजे के बीच हरिहर मिलन और होलिका दहन का कार्यक्रम पूरा कर लिया गया। तड़के सुबह आयोजन होने के कारण मंदिर सोमवार रातभर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहा।

होली से पूर्व ‘हरि’ अर्थात भगवान विष्णु और ‘हर’ यानी भगवान भोलेनाथ के मिलन की परंपरा

उन्होंने बताया कि मंगलवार को चंद्रग्रहण के कारण दोपहर करीब 2:00 बजे के बाद मंदिर के पट बंद कर दिए। ग्रहण समाप्ति के बाद शाम को पुनः मंदिर खोला जाएगा और भगवान भोलेनाथ की शृंगार पूजा संपन्न होगी।

उल्लेखनीय है कि हरिहर मिलन का श्रद्धालुओं को हर वर्ष बेसब्री से इंतजार रहता है। होली से पूर्व ‘हरि’ अर्थात भगवान विष्णु और ‘हर’ यानी भगवान भोलेनाथ के मिलन की परंपरा निभाई जाती है। मान्यता है कि भगवान विष्णु अपने मंदिर से निकलकर भगवान भोलेनाथ के मंदिर में आते हैं, जिससे होली पर्व की औपचारिक शुरुआत मानी जाती है।

देवघर के पुलिस अधीक्षक सौरभ ने बताया कि मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से पूजा-अर्चना कर सकें।

देवघर पुलिस ने एक लाख नगद के साथ 11 साइबर आरोपी को किया गिरफ्तार

IMG 20260303 144648

देवघर // पुलिस साइबर अपराधी के ख़िलाफ़ लगातार कार्यवाही कर रही है। और साइबर क्राइम की सूचना पर कड़ी कार्यवाही करते हुए पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापामारी कर 11 साइबर आरोपी को किया गिरफ्तार।

गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिला के पाथरौल थाना अंतर्गत सरहैता स्थित जंगल में कुछ संदिग्ध साईबर अपराधी फर्जी Flipkart Cart Customer Care/Amozan Customer Care/कस्टमर केअर / एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर एवं गूगल पर फोने पे कस्टमर केयर तथा पीएम किसान योजना व लोन दिलाने के नाम पर अपने फर्जी मोबाईल नम्बर का प्रयोग कर आमलोगों को झांसे में लेकर ऑनलाईन ठगी करते है।

पुलिस को मिली बड़ी सफलता 11 साइबर आरोपी गिरफ्तार

पाथरौल थाना अंतर्गत सरहैता स्थित जंगल से 11 (ग्यारह) साइबर अपराधियो को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के पास से बरामद मोबाईल/सिम के प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त साईबर अपराधी फर्जी Flipkart Cart Customer Care/Amozan Customer Care/कस्टमर केअर/एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर एवं गूगल पर फोने पे कस्टमर केयर तथा पीएम किसान योजना / एस०बी०आई० क्रेडिट कार्ड का लिंक भेजकर अपने फर्जी मोबाईल नम्बर का प्रयोग कर आमलोगों को झांसे में लेकर ऑनलाईन ठगी करते है।

गिरफ्तार किये गये व्यक्ति की अपराध शैली निम्न प्रकार है

  • 1. गूगल पर अपना फर्जी मोबाईल नम्बर कस्टमर केयर के नाम से अपलोड कर साईबर ठगी करना।
  • 2. फर्जी Phonpe/Paytm Customer Care पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को Cash Back का झांसा देकर Phonpe Gift Card Create करवाकर उसे Redeem कर ठगी करना।
  • 3. फर्जी Airtel Payment Bank पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेकर Airtel Thanks App के माध्यम से Airtel Payment Bank Cardt बंद कर उपभोक्ताओं को झांसा देकर तथा आम सहायता के रूप में कार्ड को पुनः चालू कराने के नाम पर झांसा देकर ठगी करना।

गिरफ्तार अभियुक्त का नाम व पता

  • 1. चंदन कुमार उम्र करीब 20 वर्ष पिता फुलराम दास सा० सिमरातरी थाना पाथरौल
  • 2. राहुल कुमार दास उम्र करीब 19 वर्ष पिता सुभाष चन्द्र दास सा० सिमरातरी थाना पाथरौल
  • 3. जब्बार अंसारी उम्र करीब 29 वर्ष पिता स्व० मुस्लीम मियां सा० उबिया थाना पथरड्डा ओ०पी०
  • 4. दिवाकर महरा उम्र करीब 26 वर्ष पिता किशोरी महरा सा० पितौजिया थाना पाथरौल
  • 5. दीपक कुमार मंडल उम्र करीब 19 वर्ष पिता बिजय मंडल सा० जगाडीह थाना करौं
  • 6. प्रिंस कुमार मंडल उम्र करीब 19 वर्ष पिता निरंजन मंडल सा० जगाडीह थाना करौं
  • 7. नीरज कुमार दास उम्र करीब 19 वर्ष पिता रमेश दास सा० नया पतरो थाना मधुपुर
  • 8. संजय कुमार दास उम्र करीब 19 वर्ष पिता सीताराम दास सा० तिलौना थाना देवीपुर
  • 9. रोहित कुमार यादव उम्र करीब 29 वर्ष पिता रूगदेव प्रसाद यादव सा० पदनबोना थाना मोहनपुर
  • 10. राहुल कुमार दास उम्र करीब 25 वर्ष पिता गोबिन्द दास सा० सिमरातरी थाना पाथरौल
  • 11. कुंदन कुमार उम्र करीब 18 वर्ष पिता फुलराम दास सा० सिमरातरी थाना पाथरौल सभी जिला देवघर

11 मोबाइल 12 सिम एक लाख एक सौ रुपया नगद बरामद किया गया।

छापामारी का स्थान : पाथरौल थाना अंतर्गत सरहैता स्थित जंगल।

कुख्यात अपराधियों के खिलाफ ढुलमुल रवैये बर्दाश्त नहीं थाना प्रभारी निलंबित

IMG 20260303 143112

पूर्वी सिंहभूम // वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय के निर्देश पर जुगसलाई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बैजनाथ कुमार को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई डीआइजी के आदेश के बाद की गई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने कुख्यात अपराधी मनीष सिंह के खिलाफ प्राप्त शिकायतों पर कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

मामला बढ़ने पर जमशेदपुर के एसएसपी को स्वयं हस्तक्षेप करना पड़ा…

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुगसलाई थाना क्षेत्र के कई व्यापारियों और ठेकेदारों ने शिकायत की थी कि मनीष सिंह नामक अपराधी उन्हें डरा-धमकाकर रंगदारी की मांग कर रहा है। पीड़ितों ने इसकी सूचना थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार को दी, लेकिन प्रभारी ने अपने स्तर से अपेक्षित कानूनी कार्रवाई नहीं की। मामला बढ़ने पर जमशेदपुर के एसएसपी को स्वयं हस्तक्षेप करना पड़ा और आरोपित के विरुद्ध त्वरित विधि-सम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरती गई

इसके बावजूद मनीष सिंह की गिरफ्तारी या धरपकड़ के लिए थाना स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की गई। डीआइजी की ओर से जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि थाना प्रभारी की कार्यशैली संदिग्ध प्रतीत होती है तथा उनके जरिये कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरती गई है। कुख्यात अपराधियों के खिलाफ ढुलमुल रवैये के कारण क्षेत्र के व्यापारी और ठेकेदार भय के माहौल में जी रहे हैं, जिससे पुलिस की छवि भी प्रभावित हुई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर बैजनाथ कुमार को तत्काल प्रभाव से जुगसलाई थाना प्रभारी के पद से हटाते हुए निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने की अनुशंसा भी की गई है। निलंबन अवधि में उन्हें जीवनयापन भत्ता दिया जाएगा।

इधर, पटमदा में पदस्थापित रहे इंस्पेक्टर गुलाम रब्बानी को जुगसलाई थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

साल का पहला चंद्र ग्रहण आज, सभी मंदिरों के कपाट बंद

IMG 20260303 135001

हरिद्वार // इस साल का पहला चंद्रग्रहण आज शाम काे लग़ेगा। इसके चलते हरकी पैड़ी पर संध्याकालीन गंगा आरती के समय में बदलाव किया गया है। चंद्रग्रहण के सूतक के चलते सुबह 6.20 बजे सभी मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गये हैं। आज संध्याकालीन गंगा आरती रात 8 बजे हाेगी।

ग्रहण का शाम 6.47 बजे पर खत्म होगा।

श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने मंगलवार काे बताया कि आज चंद्रग्रहण लगेगा। इसे देखते हुए सुबह हरकी पैड़ी के सभी मंदिरों के कपाट सूतक काल लगने के कारण सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर बंद कर दिए गये हैं। उन्हाेंने बताया कि ग्रहण का शाम 6.47 बजे पर खत्म होगा। जिसके बाद मंदिरों और घाटों की सफाई की जाएगी। ऐसे में हर शाम 6 बजकर 20 मिनट पर हाेने वाली संध्याकालीन गंगा आरती अब चंद्रग्रहण खत्म होने के बाद रात 8 बजे की जाएगी। उससे पहले हरकी पैड़ी के गंगा घाटों की साफ सफाई का काम किया जाएगा।

मंगलवार सुबह से ग्रहण का सूतक लग गया। इस बीच कोई शुभ कार्य नहीं होंगे

तन्मय वशिष्ठ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा आरती में भाग लेने वाले श्रद्धालु समय को देख कर ही आएं। रात 8 बजे के अनुसार गंगा आरती में भाग लेने के लिए हरकी पैड़ी पहुंचे। उन्हाेंने बताया कि मंगलवार सुबह से ग्रहण का सूतक लग गया। इस बीच कोई शुभ कार्य नहीं होंगे। इसलिए सूतक लगने से पहले ही सभी मंदिरों के कपाट भी बंद हो गए। कपाट खुलने के बाद मंदिरों में विधि विधान से पूजा होगी।

गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए

इस संबंध में पंडित मनोज त्रिपाठी ने बताया कि पहले से बना हुआ भोजन भी ग्रहण के समय त्याग देना उचित माना जाता है। मंदिरों के कपाट ग्रहण के दौरान बंद रहते हैं, इसलिए इस समय पूजा पाठ या मूर्ति स्पर्श नहीं करना चाहिए। गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस समय जप तप और ईश्वर का ध्यान करना शुभ माना जाता है। ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान किए बिना भोजन या अन्य कार्य शुरू नहीं करना चाहिए। ज्योतिषाचार्यों की मानें तो इस बार चंद्रग्रहण दोपहर 3.20 से शुरू होकर शाम 6.57 तक रहेगा। जो भारत में भी नजर आएगा।

होली के पहले सस्ता हुआ सोना, चांदी ने लगाई जोरदार छलांग

IMG 20260303 132233

नई दिल्ली // घरेलू सर्राफा बाजार में आज कारोबार के दौरान सोने के भाव में गिरावट का रुख नजर आ रहा है। सोना आज 2,520 रुपये प्रति 10 ग्राम से लेकर 3,175 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। इसके विपरीत चांदी की कीमत में आज 20,200 रुपये प्रति किलोग्राम की जबरदस्त उछाल दर्ज की गई।

सोने की कीमत में आई कमजोरी

सोने की कीमत में आई कमजोरी के कारण देश के ज्यादातर सर्राफा बाजारों में 24 कैरेट सोना आज 1,69,915 रुपये से लेकर 1,70,065 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह 22 कैरेट सोना आज 1,56,140 रुपये से लेकर 1,56,290 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बिक रहा है। वहीं चांदी की कीमत में तेजी आने के कारण ये चमकीली धातु दिल्ली सर्राफा बाजार में आज तीन लाख रुपये का स्तर पार कर 3,15,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बिक रही है।

होली के एक दिन पहले दिल्ली आर्थिक राजधानी मुंबई की खबर

होली के एक दिन पहले दिल्ली में आज 24 कैरेट सोना 1,70,065 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 1,56,290 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,69,915 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,56,140 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है। इसी तरह अहमदाबाद में 24 कैरेट सोने की रिटेल कीमत 1,69,965 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत 1,56,190 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है।

  • चेन्नई में 24 कैरेट सोना आज 1,69,915 रुपये प्रति 10 ग्राम की कीमत पर और 22 कैरेट सोना 1,56,140 रुपये प्रति 10 ग्राम की कीमत पर बिक रहा है।
  • कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,69,915 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,56,140 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
  • भोपाल में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,69,965 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,56,190 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है।
  • लखनऊ के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना आज 1,70,065 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर और 22 कैरेट सोना 1,56,290 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है।
  • पटना में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,69,965 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,56,190 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है।
  • जयपुर में 24 कैरेट सोना 1,70,065 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,56,290 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है।

इन प्रमुख शहरों के अलावा

  • कर्नाटक, तेलंगाना और ओडिशा के सर्राफा बाजार में भी आज सोने के भाव में कमजोरी दर्ज की गई है। इन तीनों राज्यों की राजधानियों बेंगलुरु, हैदराबाद और भुवनेश्वर में 24 कैरेट सोना 1,69,915 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह इन तीनों शहरों के सर्राफा बाजारों में 22 कैरेट सोना 1,56,140 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है।